नोएडा : सूत्रों से खबर मिली है कि नोएडा के कुछ पुलिस अधिकारी दैनिक के कर्मचारियों को भड़काने में लगे हैं, जिससे आने वाले दिनों में शहर में अशांति पैदा हो सकती है। शायद यही वजह है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश को भी महीनों से लटका दिया गया है।
बता दें कि दैनिक जागरण के कर्मचारी मजीठिया वेतनमान के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जिससे बौखलाया प्रबंधन कर्मचारियों को तरह तरह से परेशान कर रहा है। इसी क्रम में संस्थान के मुख्य उपसंपादक श्रीकांत सिंह पर हमला करा दिया गया। उन्होंने चौकी से लेकर थाने तक गुहार लगाई, लेकिन दैनिक जागरण प्रबंधन में शीर्ष पदों पर विराजमान नीतेंद्र श्रीवास्तव, विष्णु प्रकाश त्रिपाठी और रमेश कुमार कुमावत के खिलाफ आज तक मामला दर्ज नहीं किया गया। अंत में उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर प्रीतेंद्र सिंह से गुहार लगाई तो जांच का आदेश जारी हुआ।
अब हालत यह है कि नोएडा पुलिस एसएएपी के आदेश का भी ठीक से पालन नहीं कर रही है, जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। इस रोष से क्या धमाका होगा, यह देखने वाली बात होगी, लेकिन नोएडा पुलिस कान में तेल डाल कर बैठ गई है।
फोर्थपिलर एफबी वॉल से