इंदौर/भोपाल। मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार Kirti Rana ने ‘प्रजातंत्र’ के साथ अपनी लगभग साढ़े पांच साल लंबी पारी को अलविदा कह दिया है। मार्च 2019 में उन्होंने इंदौर से प्रकाशित हिंदी अख़बार ‘प्रजातंत्र’ के साथ सिटी एडिटर के रूप में नई शुरुआत की थी, जिसके बाद अब वे नए सफर पर निकल पड़े हैं।
‘प्रजातंत्र’ से जुड़ने से पहले कीर्ति राणा ‘दैनिक अवंतिका’ का हिस्सा थे। करीब 45 वर्षों के लंबे पत्रकारिता करियर में उन्होंने सबसे अधिक समय Dainik Bhaskar के साथ बिताया। लगभग 28 साल के कार्यकाल में वे इसके शिमला, उदयपुर और श्रीगंगानगर संस्करणों में संपादक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके बाद उन्होंने ‘दबंग दुनिया’ और ‘दैनिक अवंतिका’ में भी अहम भूमिकाएं निभाईं।
प्रदेश की राजनीति पर मजबूत पकड़ रखने वाले कीर्ति राणा अपनी सीधी और सटीक लेखनी के लिए जाने जाते हैं। निजी स्तर पर विचारधारात्मक झुकाव होने के बावजूद उनकी रिपोर्टिंग और लेखन में संतुलन नजर आता है, यही कारण है कि उन्हें तटस्थ और विश्वसनीय पत्रकार के रूप में भी पहचान मिली है।
गौरतलब है कि इंदौर निवासी कीर्ति राणा की पत्रकारिता पर आधारित एक खबर पर फिल्म भी बन चुकी है। ‘फांसी लाइव’ नामक इस फिल्म में उन्होंने खुद पत्रकार की भूमिका निभाई थी, जिसे काफी चर्चा मिली थी।
अब ‘प्रजातंत्र’ से विदाई के साथ उनके अगले कदम को लेकर पत्रकारिता जगत में उत्सुकता बनी हुई है।
सोशल मीडिया पर साझा की गई एक पोस्ट में कीर्ति राणा जी लिखते हैं-

अलविदा ‘प्रजातंत्र’ टीम… मित्रों अब मैं प्रजातंत्र टीम का हिस्सा नहीं हूं। 15 मार्च को राजी-खुशी से गुड बाय कह दिया है। बिदाई समारोह में हेमंत भाई का कहना ‘प्रजातंत्र आप का ही है, जब इच्छा करे फिर टीम का हिस्सा बन जाए, आप प्रजातंत्र से जा रहे हैं, दिलों से नहीं…. मेरे प्रति उनका अटूट भरोसा दर्शाता है। इस आत्मीयता के लिये हेमंत भाई, संपादक सुदीप मिश्रा जी सहित टीम के सभी साथियों का आभार।
आगे क्या….? आप सब के इस प्रश्न का जवाब भी शीघ्र ही….हमेशा की तरह मैं आप का, आप सब मेरे हैं।


