नई दिल्ली। टीवी9 नेटवर्क (Associated Broadcasting Company) में वाइस प्रेसिडेंट, डिजिटल ऐड सेल्स के पद पर कार्यरत मयंक जैन ने संगठन से अलग होने का फैसला किया है। वह लगभग सात साल तक टीवी9 नेटवर्क से जुड़े रहने के बाद अब नई पारी की ओर बढ़ रहे हैं।
मयंक जैन ने जून 2019 में टीवी9 नेटवर्क जॉइन किया था। शुरुआत में वह डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट के तौर पर टीवी9 भारतवर्ष की सेल्स टीम का नेतृत्व कर रहे थे। वर्ष 2020 में उन्हें नेटवर्क के डिजिटल ऐड सेल्स की जिम्मेदारी सौंपी गई और अप्रैल 2024 में उन्हें वाइस प्रेसिडेंट, डिजिटल ऐड सेल्स के पद पर पदोन्नत किया गया।
अपने हालिया कार्यकाल में मायंक जैन एजेंसी और क्लाइंट पार्टनरशिप, पब्लिशिंग प्लेटफॉर्म्स, यूट्यूब, लाइव टीवी, वीडियो ऑन डिमांड, कनेक्टेड टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर विज्ञापन बिक्री और रेवेन्यू स्ट्रेटजी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इसके साथ ही वह नेटवर्क के डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की रेवेन्यू ग्रोथ रणनीति से भी जुड़े रहे।
टीवी9 नेटवर्क में रहते हुए मयंक जैन ने संगठन के भीतर कई लीडरशिप भूमिकाएं निभाईं और डिजिटल मोनेटाइजेशन व इंटीग्रेटेड सेल्स से जुड़े अहम प्रोजेक्ट्स का नेतृत्व किया।
मीडिया और सेल्स सेक्टर में मयंक जैन को 25 साल से अधिक का अनुभव है। इससे पहले वह डिज्नी स्टार टीवी, फॉक्स इंटरनेशनल चैनल्स, नेशनल जियोग्राफिक चैनल, 93.5 रेड एफएम, टाइम्स इंटरनेट, एनडीटीवी गुड टाइम्स, बेनेट कोलमैन (टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप) और ईनाडु (ETV) जैसे बड़े संस्थानों में वरिष्ठ भूमिकाएं निभा चुके हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की थी, जहां वह दो अलग-अलग कार्यकालों में जुड़े रहे।
उनका अनुभव प्रिंट, रेडियो, लीनियर टीवी और डिजिटल विज्ञापन बिक्री, ब्रांडेड कंटेंट, स्पेशल आईपी और इवेंट्स तक फैला हुआ है। मीडिया इंडस्ट्री में उनके एग्जिट को डिजिटल एडवरटाइजिंग सेगमेंट में एक अहम बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।


