
कानपुर देहात। पत्रकार की सड़क दुर्घटना में हुई आकस्मिक मौत पर आयोजित एक शोक सभा मे भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद रामशंकर कठेरिया ने चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि पत्रकार रजनेश निष्पक्ष रहकर परेशान लोगों की मदद करते थे, जिसके कारण क्षेत्र में वह सबके प्रिय थे। पूर्व मंत्री ने मृतक पत्रकार रजनेश कुमार के परिजनों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया।
मृतक अपने पीछे इकलौते पुत्र, पत्नी सहित बुजुर्ग माता-पिता को छोड़कर चला गया। उक्त घटना के बाद गांव में लगातार मातम का माहौल बना हुआ है। घटना के छठे दिन भी गांव के घरों में लोगों के गले से निवाला नहीं उतर रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना कि एक वही पत्रकार हमदर्द था, जो उनके हर दुख-सुख में सदैव साथ खड़ा रहता था, भगवान ने क्यों इतनी बड़ी सजा दी।
पैतृक ग्राम मौजमपुर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पत्रकार कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष सन्तोष गुप्ता ने पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि, पत्रकार रजनेश हँसमुख स्वभाव तथा मिलनसार थे। उनके न रहने से हम सभी पत्रकारों को बहुत कष्ट हुआ है। वे एक ऐसे कलमकार साथी थे जो कम समय में पत्रकारिता जगत में एक अमिट छाप छोड़ी थी। हर परेशान फरियादी की मदद के लिए तत्पर रहते थे। लोग उनकी पत्रकारिता की तारीफ करते थे, उसकी लेखनी समाज के उन मुद्दों को जगाती थी जिन्हें लेकर जिम्मेदार सोए रहते थे।
इस मौके पर राज कुमार तिवारी, विशाल सिंह, पिंटू खान, सत्येंद्र राठौर, विशाल गौतम समेत दर्जनों पत्रकारों के अलावा पूर्व ब्लाक प्रमुख संदलपुर अरविंद कठेरिया, ग्राम प्रधान सत्यप्रकास कठेरिया, संजीव पाल, राम आसरे कठेरिया, शिव मंगल सिंह, ग्राम सचिव उदन सिंह और शिवम दीक्षित इत्यादि ने मृतक पत्रकार को श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाकियू ने मुआवजा व पत्नी को नौकरी देने की रखी मांग
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के ब्लाक अध्यक्ष रनवीर सिंह यादव ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम भेजे ज्ञापन में मृतक पत्रकार के परिवारीजनों को पचास लाख रुपये मुआवजा व पत्नी को नौकरी एवं भरण पोषण के लिए पांच बीघा भूमि दिए जाने की मांग की।
उक्त ज्ञापन उप जिलाधिकारी राज कुमार चौधरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम दिया गया।


