Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

उत्तराखंड

पत्रकारों ने ख़ुद ही बना ली विजिलेंस टीम, क्लर्क से एक लाख रुपये ऐंठे, तीन गिरफ़्तार, महिला पत्रकार फ़रार

हल्द्वानी। चार पत्रकारों ने विजिलेंस टीम बना कर सिंचाई विभाग के क्लर्क से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर तीन पत्रकारों को टनकपुर से गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में शामिल महिला पत्रकार फरार है। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से वसूली गई रंगदारी में से 90 हजार रुपये व कार बरामद की है।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 19 मई को उमेश चन्द्र कोठारी क्लर्क सिचांई विभाग ने कोतवाली हल्द्वानी में आकर तहरीर दी कि तीन पुरुष व एक महिला ने 18 मई को सिंचाई विभाग के कार्यालय कालाढूंगी रोड हल्द्वानी में आकर स्वयं को विजिलेंस टीम बताते हुए आधी अधूरी वीडियो दिखाकर और एक्शन लेने की धमकी देकर एक लाख रुपये की रंगदारी वसूली। पुलिस ने चारों के खिलाफ धारा 386/419/420 के तहत मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी का अवलोकन करते हुए आस पास के लोगों से विस्तृत पूछताछ की। साथ ही पतारसी सुरागरसी करने को मुखबिर मामूर किये। पुलिस ने शनिवार को फर्जी विजिलेंस टीम बनकर एक लाख रुपये की रंगदारी वसूल करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए गिरोह में शामिल तीन अभियुक्तों को मनिहार गोठ, टनकपुर, जिला चम्पावत से रंगदारी में वसूली गयी धनराशि व घटना में प्रयुक्त वाहन सहित गिरफ्तार किया गया है।

मामले का खुलासा करते हुए रविवार को एसपी क्राइम जगदीश चंद्रा ने बताया कि सिंचाई विभाग के मुख्य अभियन्ता कार्यालय कालाढुँगी रोड में तीन पुरुष व एक महिला विजिलेन्स अधिकारी बनकर पहुंचे। उन्होंने स्वयं को पुलिस की विजिलेंस शाखा का अधिकारी बताया तथा कुछ आधी अधूरी विडियो दिखाकर उमेश चन्द्र कोठारी क्लर्क सिचांई विभाग को डरा धमकाकर अपने झांसे में ले लिया और उस पर दबाव बनाते हुए एक लाख रुपये की रंगदारी वसूल कर ली।

पुलिस जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त वाहन संख्या यूके06बीए/4534 रंग सफेद वैगन आर प्रकाश में आयी व सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे संदिग्धों में से एक संदिग्ध की शिनाख्त भूपेन्द्र सिहं पन्नू, जो उधमसिंह नगर में पत्रकारिता करता है, के रूप में की गयी। इसके बाद पुलिस द्वारा कड़ी से कडी से जोड़ते हुए अभियुक्त भूपेन्द्र सिहं पन्नू के सम्भावित ठिकानो में दबिश दी गयी। अभियुक्तगणों को भूपेन्द्र सिंह के ससुराल टनकपुर के मनिहारगोठ से तीनों अभियुक्तों को रंगदारी में वसूली गयी धनराशि सहित गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि भूपेन्द्र सिह पन्नू समाचार नेशन में उत्तराखंड (स्टेट) ब्यूरो पद पर नियुक्त है तथा उधम सिह नगर व देहरादून में सूचना विभाग में पंजीकृत पत्रकार है। बताया कि अभियुक्त सौरभ गाबा समाचार नेशन में एसआईटी हैड पद पर नियुक्त है तथा उधम सिह नगर से सूचना विभाग में पंजीकृत पत्रकार है।

अभियुक्त सुन्दर पन्नू व सौरभ का घनिष्ठ मित्र है तथा गूलरभोज में खेती बाड़ी का काम करता है तथा इनके साथ वाहन चालक बनकर आया था। अभियुक्त भूपेन्द्र व सौरभ गाबा पत्रकार होने के कारण विभागों की कार्यप्रणाली से परिचित होते हैं। इसी कारण इनके द्वारा अपने एक महिला मित्र साक्षी सक्सेना निवासी नोएडा व सुन्दर के साथ मिलकर योजना बनायी तथा योजना के तहत 18 मई को सिंचाई विभाग के बाबू उमेश चन्द्र कोठारी को योजना बद्ध तरीके से पैसों की मांग करने वाली आधी अधूरी विडियो तैयार की गयी।

इसके बाद साक्षी व सुन्दर विजिलेन्स अधिकारी बनकर कार्यालय में आये व भूपेन्द्र व सौरभ गाबा द्वारा स्वयं को पत्रकार बताया गया तथा विडियो दिखाकर वादी से रंगदारी की मांग की गयी व वादी को डरा धमकाकर उससे एक लाख रुपये की रंगदारी वसूल की गयी। पुलिस ने बताया कि घटना में संलिप्त अभियुक्ता साक्षी सक्सेना फरार चल रही है जिसकी गिरफ्तारी को पुलिस टीम को रवाना किया जा रहा है।

बताया कि अभियुक्तगणों द्वारा इस प्रकार की घटनाओं को पूर्व में भी किया जाना प्रकाश में आया है। भूपेन्द्र सिंह पन्नू के विरूद्ध थाना बाजपुर में धारा 406 के तहत मामला पंजीकृत है। अभियुक्त सौरभ गावा थाना करीम नगर हैदराबाद में वर्ष 2019 में चिकित्सक का स्टिंग कर एक लाख की रंगदारी मांगने के संबंध में जेल जा चुका है।

गिरफ्तार शुदा अभियुक्तों का नाम व पते
1- भूपेन्द्र सिहं पुत्र रणधीर सिंह निवासी निकट विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज बाजपुर उम्र 37 वर्ष,
2- सुन्दर सिंह पुत्र हयात सिंह निवासी कॉलोनी न० 2 गूलरभोज उ0सि0नगर उम्र 35 वर्ष
3- सौरभ गावा पुत्र किशन लाल गांवा निवासी गली न0 3 शान्ति बिहार रूद्रपुर उ0सि नगर उम्र 21 वर्ष
4- फरार अभियुक्त – साक्षी सक्सेना निवासी नोएडा

गिरफ्तारशुदा अभियुक्तों से बरामदगी
1- अभियुक्त भूपेन्द्र सिंह के कब्जे से उसके साक्षी सक्सेना के हिस्से में आये 50,000/ रुपये में से 45000/- रू० व भूपेन्द्र सिह का सामाचर नेशन इलैक्ट्रानिक मिडिया का आई कार्ड,
2- अभियुक्त सौरभ गावा से उसके हिस्से में आये 25,000/ रुपये में से 23000/- व सौरभ गाबा का सामाचर नेशन इलैक्ट्रानिक मिडिया का आई कार्ड,
3- अभियुक्त सुन्दर सिंह से उसके हिस्से में आये 25,000/ रुपये में से 22000/- रू० व घटना में प्रयुक्त कार यूके06 बीए 4534 रंग सफेद बैगेनार, कुल बरामदगी एक लाख रुपये में से 90,000/ रुपये

मामले का खुलासा करने वाली टीम को आईजी व एसएसपी ने नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Pahad Ki Dada: Hill Mail Uttarakhand
CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन