दिल्ली। साहित्य पढ़ना जिम्मेदारी का काम है। साहित्य पढ़ते समय हम सारा जीवन पढ़ते हैं, जिसमें इतिहास, भूगोल, दर्शन, राजनीति, मनोविज्ञान और समाज सहित सब कुछ आ जाता है, जबकि दूसरे विषयों के लिए ऐसा नहीं कहा जा सकता।
प्रसिद्ध कवि और आलोचक प्रो. शिरीष कुमार मौर्य ने हिंदू कालेज में आयोजित ‘लेखक से भेंट’ आयोजन में कहा कि साहित्य की राजनीति नहीं होती, सामाजिकी होती है। साहित्य का राजनीति के लिए प्रयोग करना या राजनीति के लिए साहित्य का प्रयोग करना संकुचन है। साहित्य व्यापक उद्देश्यों के लिए है, जिसे किसी भी तरह के बंधन या सीमाओं में नहीं बांधा जा सकता।
आयोजन में प्रो. मौर्य ने विद्यार्थियों के अनेक सवालों के उत्तर भी दिए। एक विद्यार्थी के पूछने पर कि कविता आपके लिए क्या है, उन्होंने कहा कि एक जमाने में कविता मेरे लिए विरोध थी, फिर धीरे-धीरे वह मेरे लिए संबंध बनी और यह ऐसा संबंध है जो मनुष्यता को बनाता है, बचाता है।
वहीं आलोचना के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी भी रूप या शिल्प में यदि कोई जीवन को लिख रहा है तो वह मेरे लिए साहित्य है और उसी पर बात करना मेरे लिए आलोचना है। यदि मैं किसी लेखक पर लिख रहा हूं, तब असल में मैं उस लेखक से संवाद कर रहा हूं।

‘अनुनाद’ के संपादन अनुभव पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पत्रिका को लोकतांत्रिक होना चाहिए, लोकतंत्र से अच्छा विचार कोई नहीं है। राजनीतिक एजेंडे से किसी पत्रिका का संपादन करना कभी उचित नहीं कहा जा सकता।
उन्होंने कहा कि जीवन की तरह संपादन में भी किसी भी तरह की कट्टरता से बुरी बात कुछ नहीं होती। संपादक जिद्दी और हठी हो सकता है, लेकिन कट्टर नहीं हो सकता, क्योंकि सभी कट्टरताएं मनुष्यता के विरोध में जाती हैं। उन्होंने उदाहरण देकर बताया कि ‘पहल’ के संपादक ज्ञानरंजन जिद्दी थे, लेकिन कट्टर नहीं थे।
अंत में उन्होंने कहा कि सभी विचारधाराओं की शृंखला में अंततः मनुष्यता ही प्राथमिक है। जहां मनुष्यता के लिए स्थान नहीं, उसे विचारधारा कहना ही कठिन है।
प्रो. मौर्य ने अपनी चर्चित कविता पुस्तकों ‘राग पूरबी’ और ‘धर्म वह नाव नहीं’ से कुछ चुनी हुई कविताओं का पाठ भी किया, जिन्हें श्रोताओं ने बेहद पसंद किया। कार्यक्रम के अंत में संयोजक रवितान्या एवं अम्बर सिंह ने अतिथि के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।
आयोजन में हिंदी विभाग की हस्तलिखित पत्रिका ‘हस्ताक्षर’ के नये अंक का लोकार्पण भी किया गया। संपादक प्रो. रचना सिंह ने बताया कि यह पत्रिका का अनवरत अट्ठाईसवां अंक है, जिसका मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा कवि-कथाकार विष्णु नागर से किया गया लंबा साक्षात्कार एवं अन्य सामग्री है।
लोकार्पण की रस्म अदायगी में विद्यार्थी संपादक मंडल के सदस्य रोहित, अमित कुमार मीना, अक्षुण्ण पाठक, सौरभ आनंद, पूजा धनखड़, कृति कुमारी, निशु कुमारी और अक्षरा मिश्रा एवं डॉ. रूपाली सिन्हा भी सम्मिलित हुए।
इससे पहले विभाग प्रभारी प्रो. पल्लव ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि भूमंडलीकरण के बाद परिदृश्य पर उभरी कवियों की नयी पीढ़ी में शिरीष कुमार मौर्य प्रमुख नाम हैं, जिन्होंने कविता के साथ-साथ आलोचना में भी सार्थक हस्तक्षेप किया है।
विभाग के आचार्य प्रो. बिमलेन्दु तीर्थंकर ने प्रो. मौर्य को शॉल ओढ़ाकर तथा डॉ. नीलम सिंह ने पौधा भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संयोजन सरस्वती चौधरी और कुलदीप ने किया। लेखक परिचय अमरजीत ने दिया। अंत में रवितान्या और अम्बर सिंह ने आभार प्रदर्शन किया।
रवितन्या
संयोजक, हिंदी साहित्य सभा
हिंदू कालेज, दिल्ली विश्वविद्यालय, दिल्ली-110007
