वॉशिंगटन। अमेरिकी पत्रकार और पॉलिटिकल कमेंटेटर Tucker Carlson ने सनसनीखेज दावा करते हुए कहा है कि अमेरिका की खुफिया एजेंसी Central Intelligence Agency (CIA) उनके खिलाफ आपराधिक मामला तैयार कर रही है और उनकी गिरफ्तारी की साजिश रची जा रही है।
कार्लसन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी एक वीडियो में कहा कि CIA उनके खिलाफ तथाकथित “क्रिमिनल रेफरल” तैयार कर रही है, जिसे अमेरिकी न्याय विभाग को सौंपा जा सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी ने उनके निजी संदेशों तक पहुंच बनाई है और उनके संचार की निगरानी की जा रही है।
कार्लसन के मुताबिक, यह पूरा मामला एक कथित अपराध पर आधारित है, जो उन्होंने किया ही नहीं है। उन्होंने कहा कि वह एक अमेरिकी नागरिक हैं और किसी से भी बातचीत करना उनका अधिकार है। साथ ही उन्होंने साफ किया कि उन्होंने किसी विदेशी सरकार से कोई आर्थिक लाभ नहीं लिया है।
इस विवाद की पृष्ठभूमि में उन रिपोर्ट्स का जिक्र किया जा रहा है, जिनमें कहा गया है कि कार्लसन ने हाल के समय में ईरान से जुड़े कुछ लोगों से संपर्क किया था। इसी आधार पर उनके खिलाफ Foreign Agents Registration Act (FARA) के तहत कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। यह कानून उन लोगों पर लागू होता है जो अमेरिका में रहते हुए किसी विदेशी सरकार या संस्था के हित में काम करते हैं।
हालांकि अब तक इस पूरे मामले में न तो CIA और न ही अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है। कार्लसन के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है, जिससे यह मामला फिलहाल आरोप और आशंकाओं के दायरे में ही बना हुआ है।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में कार्लसन ने अमेरिका और इज़राइल की नीतियों, खासकर ईरान को लेकर चल रहे सैन्य और कूटनीतिक कदमों की खुलकर आलोचना की है। इसके बाद से उनके बयानों को लेकर अमेरिका में राजनीतिक बहस भी तेज हुई है।
ऐसे में यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति के दावे तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसे मीडिया की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय सुरक्षा कानूनों और सरकार की भूमिका के बीच बढ़ते टकराव के रूप में भी देखा जा रहा है। फिलहाल सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या इस दावे के बाद कोई आधिकारिक कार्रवाई सामने आती है या नहीं।
मशहूर अमेरिकी पत्रकार टकर कार्लसन ने कहा- अमेरिका की खुफिया एजेंसी CIA उनकी गिरफ़्तारी की साजिश रच रहा है। टकर कार्लसन ने कहा कि अमेरिकी सरकार विदेशी एजेंट कानून के तहत उनके खिलाफ आपराधिक आरोप लगा सकती है।
X पर एक वीडियो में कार्लसन ने कहा, “CIA मेरे खिलाफ किसी तरह का आपराधिक मामला तैयार कर रही है, न्याय विभाग को एक अपराध रिपोर्ट सौंप रही है, जो मेरे द्वारा किए गए एक कथित अपराध पर आधारित है।”
टकर कार्लसन एक अमेरिकी टेलीविजन कमेंटेटर और राजनीतिक होस्ट हैं। हाल में उन्होंने ईरान पर हुए हमलों को लेकर अमेरिका और इज़राइल की आलोचना की है, जिसमें वह सैन्य अभियान भी शामिल है जिसमें ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई मारे गए थे। -अशोक कुमार पांडेय


