Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

आयोजन

पीलीभीत में पत्रकारिता दिवस की पूर्व संध्या पर वरिष्ठ पत्रकार सम्मानित

श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की ओर से पीलीभीत में हिंदी पत्रकारिता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार विश्वमित्र टंडन और ऋषि राम श्रीवास्तव को प्रभारी जिलाधिकारी देवेंद्र प्रताप मिश्रा ने दोशाला ओढ़ाकर सम्मानित किया

पीलीभीत : उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की ओर से हिंदी पत्रकारिता दिवस की पूर्व संध्या पर उल्लेखनीय व अनुकरणीय सेवाओं के लिए वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभारी जिलाधिकारी/अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) देवेंद्र प्रताप मिश्र ने कहा कि समाज में पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है लेकिन पत्रकारिता का कार्य उतना ही दुरूह है।

आशीर्वाद बैंकट हॉल में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि श्री मिश्र ने कहा कि पत्रकारिता का सामाजिक जीवन में बहुत ही महत्व है। तमाम कठिनाइयों को उठाकर पत्रकार अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। यूं तो जीवन के हर क्षेत्र में परेशानियां व समस्याएं हैं लेकिन पत्रकारों पर दायित्व कुछ ज्यादा ही है। लोकतंत्र में तीनों स्तंभों को आईना दिखाने का कार्य यह चौथा स्तंभ करता है। लोकतंत्र में अगर कोई आपकी आलोचना करने वाला नहीं होगा तो आप अपने मार्ग से भटक जाएंगे, इसलिए समाज में पत्रकारों की महत्ती भूमिका है।

कार्यक्रम के अध्यक्ष उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश महासचिव रमेश शंकर पांडे ने हिंदी पत्रकारिता के इतिहास पर चर्चा करते हुए कहा कि समाचार पत्र समाज का आईना होते थे और पत्रकारों पर तीनों स्तंभों की समीक्षा का कार्य होता था लेकिन कालांतर में पत्रकारिता अपने रास्ते से भटक गई है।पत्रकार न्यूज़ की जगह न्यूज़ लिखने लगे हैं, जो हमारा अधिकार नहीं है। उन्होंने अखबारों को उद्योगों का दर्जा देते हुए कहा कि पत्रकारिता मिशन नहीं रही है। आज खबरों से कोई सरोकार नहीं रह गया है बल्कि खबरों की मूल भावना को ही समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। समारोह में यूनियन के मंडल अध्यक्ष निर्मल कांत शुक्ला ने श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, हिंदी पत्रकारिता दिवस व मजीठिया वेज बोर्ड पर प्रकाश डाला। हरदोई के वरिष्ठ पत्रकार ओम देव दीक्षित ने पत्रकारों की सुरक्षा का मामला उठाया। उन्होंने त्रेता युग का जिक्र करते हुए कहा कि अगर नारद को पत्रकार कहा जा सकता है तो त्रेता युग में हनुमान व अंगद भी पत्रकार थे क्योंकि पत्रकार का काम समाचार संकलन होता है, इन दोनों ने मजबूती से इस कार्य को अंजाम दिया।

समारोह में वरिष्ठ पत्रकार नसीम खान ने पत्रकारों के लिए 5 लाख रुपए के दुर्घटना बीमा, छह लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा, 20 साल से पुराने पत्रकारों के लिए पेंशन योजना व पत्रकारों के लिए आवासीय योजना तथा प्रस्तावित प्रेस क्लब के भवन निर्माण की मांग उठाई। पत्रकार असित शुक्ला ने भी पत्रकारों की दशा व मौजूदा पत्रकारिता पर विचार रखे।

समारोह में उल्लेखनीय व अनुकरणीय सेवाओं के लिए वरिष्ठ पत्रकार विश्वमित्र टंडन पूर्व ब्यूरो चीफ अमर उजाला), ऋषि राम श्रीवास्तव (ब्यूरो चीफ दैनिक जागरण), रवि अग्रवाल (पूर्व ब्यूरो चीफ दैनिक आज), महिला पत्रकार श्रीमती नाहिद शम्सी, हरदोई के वरिष्ठ पत्रकार ओम देव दीक्षित, शाहजहांपुर के वरिष्ठ पत्रकार रमेश शंकर पांडे, बरेली के वरिष्ठ पत्रकार शहजाद अली को प्रभारी जिलाधिकारी श्री मिश्र ने दोशाला ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि को यूनियन के जिला अध्यक्ष सुधीर दीक्षित ने दोशाला ओढ़ाकर सम्मानित किया। यूनियन के जिला महासचिव साकेत सक्सेना ने सम्मानित पत्रकारों की बारे में तफ़सील से लोगों को बताया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रभारी जिलाधिकारी देवेंद्र प्रताप मिश्र ने सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्चन व दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार देवेंद्र देवा को भी सम्मानित किया गया। संचालन वरिष्ठ पत्रकार मंसूर अहमद शम्सी व आभार यूनियन के जिला अध्यक्ष सुधीर दीक्षित ने व्यक्त किया । कार्यक्रम में यूनियन के प्रदेश सचिव नीरज राज सक्सेना, मंडल महासचिव राधा कृष्ण रावत, सौरभ पांडे, सौरभ दीक्षित बिलाल अहमद खान, रफीक अनवर, जमीर अहमद मंसूरी, विनय सक्सेना, संदीप मिश्रा, धर्मेंद्र सिंह चौहान, अजय पाल राठौर, प्रशांत वर्मा, रितेश वाजपेई, मोहम्मद तहसीन, ऋषभ शुक्ला आदि बड़ी तादात में पत्रकार मौजूद रहे।

Local News Community
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन