जहर की शीशी हाथ में लेकर रोते हुए किया वीडियो, बयां की पूरी पीड़ा
हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज में कराया गया भर्ती
वीडियो में पत्रकार की पत्नी ने एसडीएम पर छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया
(रिपोर्ट: निर्मल कांत शुक्ल)
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद के बरखेड़ा कस्बे में एक पत्रकार और उसकी पत्नी ने प्रशासनिक उत्पीड़न से तंग आकर गुरुवार को आत्महत्या की कोशिश की। पत्रकार ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह और उसकी पत्नी हाथ में जहर की शीशी लिए हुए अपने साथ हुए अन्याय की दास्तान सुना रहे हैं। इसके बाद दोनों ने जहर पी लिया।
वीडियो वायरल होते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और दंपती को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पत्रकार इसरार ने वीडियो में आरोप लगाया है कि बीसलपुर के एसडीएम नागेंद्र पांडे, बरखेड़ा नगर पंचायत के चेयरमैन श्याम बिहारी भोजवाल और न्यूरिया के ठेकेदार मोइन खान ने उन्हें लगातार प्रताड़ित किया। इसरार के अनुसार, उन्होंने नगर पंचायत में भ्रष्टाचार की खबर प्रकाशित की थी, जिसे मुख्यमंत्री तक ने संज्ञान में लिया और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई भी हुई। इसके बाद इन लोगों ने 19 मई की रात उनके खिलाफ फर्जी एफआईआर दर्ज करवाई।
इसरार ने यह भी कहा कि जब उन्होंने बरखेड़ा के थानाध्यक्ष से संपर्क किया, तो उन्होंने बताया कि ‘अधिकारियों के दबाव में एफआईआर दर्ज करनी पड़ी’। वायरल वीडियो में इसरार की पत्नी ने आरोप लगाया है कि एसडीएम नागेंद्र पांडे ने उनके साथ छेड़छाड़ की, जिसकी शिकायत थाने में और बाद में मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बजाय पुलिस ने उनके घर में घुसकर मारपीट की, जिससे उनका पूरा परिवार दहशत में है।
इसरार ने वीडियो में कहा, “हमारी मौत के जिम्मेदार एसडीएम बीसलपुर नागेंद्र पांडे, चेयरमैन श्याम बिहारी भोजवाल और ठेकेदार मोइन खान होंगे। हमें न्याय मिलना चाहिए।”
चेयरमैन श्याम बिहारी भोजवाल पहले भी जा चुके हैं जेल
बरखेड़ा नगर पंचायत के वर्तमान चेयरमैन और भाजपा नेता श्याम बिहारी भोजवाल का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। लगभग दो वर्ष पूर्व वह शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं। उस समय वह भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी थे और चेयरमैन पद के दावेदार भी। आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भोजवाल को 350 पेटी अवैध शराब के साथ पकड़ा गया था, जो उत्तराखंड से लाई गई थी। इस मामले में उन्हें जेल भी जाना पड़ा था।
देखें वीडियो-
https://x.com/yashbhadas/status/1928127627308433905?s=46


