Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

उत्तर प्रदेश

नवोदय टाइम्स के पत्रकार को चाकू मारने वाले आरोपी की टांग में धंसी पुलिस की गोली, गिरफ्तार

अस्पताल में घायल पत्रकार प्रमोद शर्मा

नोएडा। नोएडा के सर्फाबाद इलाके में एक राष्ट्रीय समाचार पत्र के पत्रकार पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया है। घायल पत्रकार की पहचान प्रमोद शर्मा के रूप में हुई है, जो पंजाब केसरी समूह के नवोदय टाइम्स में बतौर फोटो जर्नलिस्ट कार्यरत हैं। यह वारदात उस समय हुई जब प्रमोद शर्मा सोमवार देर शाम कार्यालय से लौटकर घर पहुंच रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, घर के पास ही रहने वाले युवक दीपक शर्मा ने अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया और घटनास्थल से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल प्रमोद शर्मा ने जमीन पर गिरने के बाद वीडियो संदेश के जरिए पुलिस और पत्रकार साथियों से मदद की गुहार लगाई। उन्होंने दावा किया कि डायल-112 पर कॉल करने के बाद भी तत्काल पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।

घटना की सूचना मिलते ही नोएडा एसीपी तृतीय प्रवीण कुमार और सेक्टर-113 के थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल प्रमोद शर्मा की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

इस हमले के बाद नोएडा के पत्रकारों में गहरा रोष है। प्रमोद शर्मा, नोएडा मीडिया क्लब की कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं। पत्रकारों ने इस हमले को लेकर न केवल चिंता जताई है बल्कि प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग भी की है। साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस व्यवस्था करने की आवश्यकता पर बल दिया है।


पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया आरोपी

नोएडा। बीती रात नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। यह वही आरोपी है जिसने सोमवार देर शाम पत्रकार प्रमोद शर्मा पर चाकू से जानलेवा हमला किया था। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

डीसीपी नोएडा के मुताबिक, सेक्टर-113 थाना पुलिस टीम नागौरी फार्म हाउस, सर्फाबाद के पास चेकिंग कर रही थी, तभी सूचना मिली कि पत्रकार पर हमला करने वाला वांछित अपराधी दीपक शर्मा इलाके से भागने की फिराक में है। पुलिस ने जब संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया तो उसने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी।

टीम ने कई बार चेतावनी दी, लेकिन आरोपी नहीं माना और गोली चलाता रहा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। उसे मौके से पकड़ा गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, एक कारतूस का खोखा, एक जिंदा कारतूस और हमला करने में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है। आरोपी दीपक शर्मा, निवासी ग्राम सर्फाबाद, थाना सेक्टर-113, के खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

गौरतलब है कि सोमवार को आरोपी ने पत्रकार प्रमोद शर्मा पर चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल पत्रकार का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। उनके सीधे हाथ में गहरे जख्म आए हैं।

इनपुट है कि आरोपी हाल ही में जेल से छूटकर आया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन