मुंबई: टीवी जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (TVJA) में आंतरिक विवाद एक बार फिर सामने आया है। एसोसिएशन के महासचिव पंकज दलवी ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को पत्र लिखकर कोषाध्यक्ष प्रवीण पाटील के खिलाफ कथित तौर पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
19 अगस्त 2026 को लिखे पत्र में दलवी ने आरोप लगाया कि 7 अगस्त 2026 को हुई TVJA की कार्यकारिणी बैठक के दौरान एक मुद्दे पर अपनी भूमिका रखने के बाद कोषाध्यक्ष प्रवीण पाटील ने सभी कार्यकारिणी सदस्यों के सामने उनके साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी दी।
पत्र के मुताबिक, दलवी का आरोप है कि उन्हें घर में घुसकर मारने की धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि इस घटना से उन्हें मानसिक रूप से काफी आघात पहुंचा है।
दलवी ने अपने पत्र में कहा कि किसी भी संस्था में सदस्यों को अपनी बात रखने और अपने विचार व्यक्त करने का अधिकार है। वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन उसके नाम पर किसी सदस्य के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज या धमकी का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता।
अनुशासनात्मक कार्रवाई और सदस्यता रद्द करने की मांग

TVJA महासचिव ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रवीण पाटील के खिलाफ शिस्तभंग की कार्रवाई की जाए और उनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द की जाए।
दलवी ने पत्र में यह भी बताया है कि वे TVJA के कई वर्षों से सदस्य हैं और उनका सदस्य क्रमांक 95 है। उन्होंने खुद को संस्था का महासचिव बताते हुए यह भी उल्लेख किया है कि उन्होंने पद से इस्तीफा दिया है, हालांकि उनका इस्तीफा अभी मंजूर नहीं हुआ है।
उन्होंने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष से शिकायत पर 7 दिनों के भीतर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही कहा है कि यदि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं की गई तो वे अपनी शिकायत लेकर पुलिस और TVJA के मतदाताओं के समक्ष जाने के लिए मजबूर होंगे।
हालांकि, पत्र में लगाए गए आरोपों पर कोषाध्यक्ष प्रवीण पाटील का पक्ष सामने नहीं आया है। ऐसे में आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रवीण पाटिल के करीबी TVJA अध्यक्ष उदय जाधव इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हैं और क्या कोई कार्रवाई करते हैं इस पर सभी सदस्यों की निगाहें टिकीं हैं।


