Connect with us

Hi, what are you looking for?

प्रिंट

आज के अखबार : डबल इंजन वाले बंगाल में 19 मौतों के बाद मध्यप्रदेश में 15 मरे, मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर हमला

Collage of three Indian newspaper front pages with political headlines about Modi, Rahul Gandhi, and related news.

वोट चोरी की सरकार में जनता आपदा-हादसा, अपराध से बेहाल। खबरें नाप-तौल कर ताकि भाजपा को नुकसान न हो। पंजाब चुनाव की तैयारी में ‘सरकार‘ नशे के कारोबार की चिन्ता में लाचार। अमर उजाला ने शीर्षक में देवी मां को याद किया है। 2016 में पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के समय कलकत्ता में एक निर्माणाधीन पुल गिर गया था। नरेन्द्र मोदी ने उसे मुद्दा बनाया तो ममता बनर्जी ने ऐक्ट ऑफ गॉड बताया था। लेकिन नरेन्द्र मोदी उसे ऐक्ट ऑफ फ्रॉड कहते थे। बाद में बनारस समेत कई भाजपाई राज्यों में भांति-भांति के पुल गिरे। कई लोग मरे। लेकिन मुद्दा नहीं बना। अब जब सबने देखा है कि भाजपा ने बंगाल का चुनाव चोरी से जीता है और पंडाल में भगदड़ से मौतें हुईं तो कल की खबरें और आज फॉलो अप मोटे तौर पर बताते हैं कि बारिश के कारण हादसा हुआ और ‘कार्रवाई’ चल रही है। मोटा मुआवजा देने की भी घोषणा की गई है जो हिन्दी पट्टी में दुर्लभ है और नीट लीक के कारण आत्महत्या करने वालों को दिया गया या नहीं – पता नहीं चला। प्रचारकों ने बताया तो नहीं ही है।

संजय कुमार सिंह

आज मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की खबर पर्याप्त गंभीर है। टाइम्स ऑफ इंडिया में 15 लोगों की मौत की खबर लीड है, टाइगर श्रॉफ पर हमले की खबर सेकेंड लीड है। अमर उजाला ने श्रद्धालुओं की मौत की खबर के साथ देवी मां को भी याद किया है। दैनिक भास्कर ने पंजाब के संगरूर की खबर को लीड बनाया है। यह आठ लोगों की मौत की खबर है। 

हिन्दु्स्तान टाइम्स में टाइगर श्रॉफ पर हमले की खबर पहले पन्ने से पहले के अधपन्ने पर दो कॉलम में है। लीड कलकत्ता के पूजा पंडाल में भगदड़ की खबर का फॉलोअप है। मरने वालों की संख्या 19 हुई, आरोपों के खेल में सात गिरफ्तार – भी शीर्षक में है। द टेलीग्राफ की एक खबर के अनुसार गिरफ्तार लोगों में कोई भाजपा नेता नहीं है जबकि पूजा समिति की प्रचार सामग्री के अनुसार समिति में वे भी हैं। एक और खबर में बताया गया है कि शुवेन्दु अधिकारी की सरकार ने भीड़ संभालने का काम फिर से पुलिस को सौंप दिया है। जिलों में भेज दिए गए नौ आईपीएस ऑफिसर वापस बुलाए गए हैं और निरीक्षण का काम देर से शुरू किया गया है। खबर के अनुसार, आरोप है कि चोरबागान त्रासदी का संबंध पुलिस की नाकामी से भी है।  

आज की बड़ी खबरों में मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में मंदिर के बाहर खड़े 15 श्रद्धालुओं का एक ट्रक से कुचल कर मर जाना है। दुर्गा पूजा के समय पहले पश्चिम बंगाल में और फिर दूसरे डबल इंजन वाले राज्य मध्य प्रदेश में देवी के 15 श्रद्धालुओं की मौत के धार्मिक मायनों पर खबरों में कुछ नहीं है। दि एशियन एज में कल की खबर तो सिंगल कॉलम में थी ही आज फॉलो अप भी सिंगल कॉलम में है। इसके अनुसार, सात लोग गिरफ्तार हुए हैं, मुख्य मंत्री ने हाईकोर्ट के जज द्वारा जांच के आदेश दिए हैं और 25 लाख का मुआवजा तथा मारे गए लोगों के परिवार के किसी एक को सरकारी नौकरी की घोषणा आज भी है। उत्तर प्रदेश में भाजपा को हैटट्रिक की ‘उम्मीद’ लीड है।  

इंडियन एक्सप्रेस की लीड टाइग्रर श्रॉफ पर हमले की खबर है। कलकत्ता में भगदड़ की खबर का फॉलो अप सेकेंड लीड है। लेकिन ग्वालियर में 15 श्रद्धालुओं की मौत पहले पन्ने पर नहीं है। इंडियन एक्सप्रेस के पहले पन्ने पर कई जरूरी खबरें हैं जो दूसरे अखबारों में नहीं हैं। इनमें एक टाइगर श्रॉफ पर हमले का श्रेय बिश्नोई गैंग के लेने की खबर है। यह लीड के साथ दो कॉलम में है। शीर्षक के अनुसार यह अमेरिकी आधार वाला गिरोह है जिसके संबंध भारत की जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई से है। आप समझ सकते हैं कि इस कारण भी यह हमला महत्वपूर्ण है। बिश्नोई गैंग ने हमले का श्रेय लिया। यह कई खबरों के शीर्षक में है। जाहिर है कि हिन्दुओं का भला करने का दिखावा कर सत्ता में आई नरेन्द्र मोदी की सरकार पर वोट चोरी और चुनाव चोरी से सत्ता में बने रहने का आरोप लगातार गंभीर हो रहा है। सरकार, सुप्रीम कोर्ट या चुनाव आयोग ने इन आरोपों के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की है। संतोषजनक या स्पष्ट जवाब तो नहीं ही दिया है।

ऐसे में राहुल गांधी ने कल गोवा में गोंय राखण यात्रा में हिस्सा लिया और जनसभा में कहा, “मेरे ऊपर 45 से ज्यादा अवमानना (मानहानि) के केस हैं। अमित शाह, नरेंद्र मोदी और दूसरे लोगों ने मेरे खिलाफ केस किए हैं। इसके बावजूद मैं हर मौके पर कहता हूं कि नरेंद्र मोदी वोट चोर हैं, लेकिन इस आरोप पर मेरे खिलाफ कोई केस या एफआईआर नहीं की जाती। वे ऐसा इसलिए नहीं करते क्योंकि अगर वे ऐसा करेंगे, तो मामला लीगल (कानूनी प्रक्रिया में) हो जाएगा और फिर अदालत में उन्हें इस पर जवाब देना पड़ेगा।” यह स्थिति है देश की। सरकार का विरोध करने वाले राहुल गांधी के खिलाफ मामले तो हैं लेकिन वोट चोरी के उनके आरोपों से अवमानना नहीं होती है या अवमानना का मामला नहीं बनता है – नोट करने लायक है। राहुल गांधी ने खुद रेखांकित किया तब भी आज यह खबर देशबन्धु में ही पहले पन्ने पर है। 

सुप्रीम कोर्ट में सरकारी वकील का रुख सरकार का समर्थन और जन विरोधी ही होता है। स्थिति यह है कि मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति से संबंधित कानून के खिलाफ मामला अदालत में लंबित है। उसपर फैसला नहीं हुआ है और सुप्रीम कोर्ट चुनाव आयोग को स्वायत्त मानता रहा है। उसे मनमानी की छूट मिली रही। ऐसी कि तीन सदस्यीय आयोग का काम मुख्य चुनाव आयुक्त अकेले करते रहे।  विरोध-एतराज को नजरअंदाज किया जाता रहा। दि इंडियन एक्सप्रेस के खुलासे के बावजूद कोई कार्रवाई या जांच नहीं हुई है। बचाव जरूर हुआ है। दि इंडियन एक्सप्रेस और उसकी रिपोर्टर की आलोचना और इन्हें दबाव में लेने की कोशिशें भी सार्वजनिक हैं। दूसरी ओर, चुनाव आयोग का रुख बदला है। अब एसएसआर चल रहा है। मोटे तौर पर पहले एसआईआर में पैसे बर्बाद हुए अब एसएसआर में हो रहे हैं। आम जनता को जो परेशानी है सो अलग।

गोवा में चुनाव आयोग और वोट चोरी से संबंधित राहुल गांधी के आरोपों की खबर आज हिन्दी में देशबन्धु में और अंग्रेजी में दि एशियन एज में पहले पन्ने पर है। अंग्रेजी वाली खबर का शीर्षक हिन्दी में इस प्रकार होगा – “मोदी, शाह, सीईसी को न्याय का सामना करना पड़ेगा और ‘वोट चोरी’ की कीमत चुकाएंगे : राहुल”। यह बेहद असामान्य है कि राहुल गांधी के इतने महत्वपूर्ण आरोप या बयान को पहले पन्ने पर जगह नहीं मिले। दूसरी ओर, सरकार का प्रचार जारी है। इसमें सामान्य तौर पर यह भी नहीं बताया जा रहा है कि हिन्दुओं का हित साधने आई सरकार या मंदिर बनवाने वाली सरकार के शासन में नवरात्र के समय हादसे दर हादसे हो रहे हैं। बात इतनी ही नहीं है, नवोदय टाइम्स ने अपने कारण से या सरकार के प्रचार में अमित शाह की दो खबरों को पहले पन्ने पर रखा है। कलकत्ता मामले का प्रचारात्मक फॉलो अप तो है ही यह भी बताया गया है कि अमित शाह घायलों से मिलने कलकत्ता के अस्पताल पहुंचे।

नवोदय टाइम्स ने पहले पन्ने की खबर से यह भी बताया है कि अमित शाह ने एक्स पर लिखा है, सरकार पंजाब सहित पूरे देश को नशे के कारोबार से मुक्त करेगी। उन्होंने यह भी कहा है कि भारत सरकार चिट्टा कारोबारियों को चुन-चुन कर जेल भेजेगी। आप जानते हैं कि घुसपैठियों को मतदाता सूची से बाहर करना भाजपा का शुरुआती मुद्दा था और बाहर करने के लिए क्या सब किया गया। उसमें यू-टर्न चल रहा है, बड़ा मामला है तो केंद्रीय गृहमंत्री चिट्टा कारोबार की बात कर रहे हैं और जिनपर बात करनी चाहिए उसपर कुछ नहीं है। इस खबर का शीर्षक है, “आप-दा सरकार ने पंजाब को नशे के गर्त में धकेला : शाह”। इस खबर का हाईलाइट किया हुआ हिस्सा है, चिट्टा कारोबारियों के खिलाफ आवाज उठाने पर मारे गए परिवारों से मुलाकात करेंगे।

द हिन्दू की लीड मध्य प्रदेश के हादसे की खबर है – मध्य प्रदेश में मंदिर के पास श्रद्धालुओं पर ट्रक चढ़ने से 15 लोगों की मौत। सीधी सरल सी इस खबर का उपशीर्षक है, पंजाब जा रहा धान से लदा ट्रक ग्वालियर में बैरिकेड्स तोड़ते हुए आगे निकल गया; 40 से ज्यादा लोग घायल; पुलिस ने ट्रक के ड्राइवर और मालिक को गिरफ्तार किया; ड्राइवर का कहना है कि ढलान के पास ट्रक के ब्रेक फेल हो गए थे। सेकेंड लीड कोलकाता के दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 होने और अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किए जाने की खबर है। खबर के साथ पंडाल में तैनात पुलिस वालों की तस्वीर है और बताया गया है कि वहां हादसे के बाद इन्हें तैनात किया गया है।

मैं रोज चार हिन्दी और छह अंग्रेजी, कुल दस, कई बार इससे भी ज्यादा अख़बार देखकर उसकी खास बातें लिखता हूँ। अंग्रेजी की खबरों के खास अंशों का अनुवाद करता हूं। वह भी लिखता हूं जो अखबार नहीं लिखते या नहीं लिख सकते हैं। जो लिखता हूं उसमें बहुत कुछ याद से लिखा होता है। एआई का सहयोग होता है। कुछ अंग्रेजी अखबारों की खबरों का अनुवाद होता है। इसलिये भूल-चूक की आशंका है। कृपया कहीं उल्लेख करने या हवाला देने से पहले अपने स्तर पर पुष्टि कर लें।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन