Connect with us

Hi, what are you looking for?

टीवी

भारतीय टीवी डिबेट का ‘असर’ आर्मीनिया तक, लात-घूंसे देखें!

आर्मीनिया के पब्लिक टेलीविज़न के कार्यक्रम ‘बिग डिबेट’ में पत्रकार बोरिस मुराज़ी और राजनीतिक विश्लेषक हरुत्युन मकर्तच्यान के बीच गाली-गलौज के बाद मारपीट हो गई। वरिष्ठ पत्रकार मुकेश कुमार ने चुटकी ली कि गोदी मीडिया इसका क्रेडिट ले सकता है।

भारतीय न्यूज़ चैनलों की ख़ूबियां अब दुनिया भर के चैनलों को प्रेरित और प्रभावित कर रही हैं। ये एक्शन पैक्ड सीन आर्मीनिया का है। गोदी मीडिया डंके की चोट पर इसका क्रेडिट ले सकता है।

मुकेश कुमार, वरिष्ठ पत्रकार

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश कुमार ने यह तंज़ जिस वीडियो पर कसा है, वह आर्मीनिया के सरकारी चैनल पब्लिक टेलीविज़न का है। चैनल के बहस कार्यक्रम ‘बिग डिबेट’ में दो मेहमान, पत्रकार बोरिस मुराज़ी और राजनीतिक विश्लेषक हरुत्युन मकर्तच्यान, पहले एक-दूसरे पर गालियां बरसाने लगे और फिर स्टूडियो में ही लात-घूंसे चलाने लगे।

बहस का विषय आर्मीनिया का नया संविधान और विपक्षी दलों की एकजुटता था। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़ चर्चा के दौरान मकर्तच्यान ने मुराज़ी के पूर्व राष्ट्रपति सेर्ज़ सर्गस्यान से कथित निजी रिश्तों को लेकर एक बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। जवाब में मुराज़ी ने भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और मकर्तच्यान को आर्मीनिया में अपमानजनक माने जाने वाले संबोधन से पुकारा। इसके बाद दोनों तरफ़ से गालियों की बौछार हुई, जिसे प्रसारण में बीप से ढका गया, और फिर बात हाथापाई तक पहुंच गई।

कार्यक्रम के एंकर तातेव दानियेलयान और पेत्रोस ग़ज़ारयान को सुरक्षाकर्मियों को स्टूडियो में बुलाना पड़ा, लेकिन वे भी दोनों मेहमानों को फ़ौरन शांत नहीं कर पाए। दानियेलयान ने दोनों को याद दिलाया कि हज़ारों लोग यह कार्यक्रम देख रहे हैं और यह बर्ताव एक-दूसरे के साथ-साथ दर्शकों का भी अपमान है। वहीं ग़ज़ारयान ने कहा कि चैनल यह फ़ुटेज काटेगा नहीं, बल्कि इसे ज्यों का त्यों दिखाएगा।

यही फ़ैसला अब विवाद की वजह बन गया है। आर्मीनिया के टेलीविज़न और रेडियो आयोग ने चिंता जताते हुए कहा है कि खुलेआम हिंसा और अपमान को न तो बहस की गर्मी से जायज़ ठहराया जा सकता है, न रेटिंग बढ़ाने की कोशिश से। आयोग ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि कार्यक्रम लाइव नहीं था, पहले से रिकॉर्ड किया गया था, फिर भी चैनल ने मारपीट के दृश्य नहीं हटाए। आयोग ने सार्वजनिक प्रसारक को हिंसा, नफ़रत भरी भाषा और अपमान से जुड़े दृश्यों पर तय मानकों का पालन करने को कहा है।

दूसरी ओर पब्लिक ब्रॉडकास्टर काउंसिल के अध्यक्ष वासाक दरबिनयान ने चैनल का बचाव किया। उनका कहना है कि जब मेहमान खुद बेलगाम और अभद्र बर्ताव करें तो उसे छिपाने का कोई मतलब नहीं, लोगों को यह पता होना चाहिए कि ये सार्वजनिक चेहरे असल में कैसे हैं।

आर्मीनिया में सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर राय बंटी हुई है। ज़्यादातर लोगों ने मारपीट और उसके प्रसारण, दोनों की निंदा की है, तो कुछ लोग किसी एक पक्ष के समर्थन में भी उतर आए हैं।

भारत में टीवी डिबेट्स के शोर-शराबे, एंकरों की चीख़-पुकार और स्टूडियो में मेहमानों की आपसी भिड़ंत पर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। मुकेश कुमार की टिप्पणी इसी ओर इशारा करती है कि ‘डिबेट’ के नाम पर तमाशे का यह मॉडल अब सरहदों के पार भी दिखने लगा है।

देखें वीडियो-

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास