Connect with us

Hi, what are you looking for?

साहित्य

न कहकर सब कह देने का हुनर : ‘उसने कहा था’ से ‘तीसरी क़सम’ तक अनकहे प्रेम की कहानियां

गुलेरी की ‘उसने कहा था’, प्रसाद की ‘गुंडा’, रेणु की ‘तीसरी क़सम’ और ओ हेनरी की ‘गिफ्ट ऑव द मेजाई’ के बहाने प्रियदर्शन बता रहे हैं कि सबसे अच्छी कहानियां वे होती हैं जिनमें सबकुछ कहा नहीं जाता।

प्रियदर्शन-

चंद्रधर शर्मा गुलेरी की कहानी ‘उसने कहा था’ का जादू क्या है? यही कि उसने कुछ कहा ही नहीं था। किसी किशोर उम्र में ‘बस तेरी कुड़माई हो गई?’ और ‘धत्त’ तक की मीठी छेड़छाड़ एक दिन ‘हां देखते नहीं यह रेशम का सालू’ की मायूसी और खीझ में ऐसी ढलती है कि सबसे टकराता, लड़ता, सबकी गाली खाता अनमना सा लड़का घर लौटता है। तब न लड़के को पता था कि उसे लड़की से प्रेम है और न लड़की को एहसास था कि एक दिन वह इस अनकहे प्रेम का मोल मांग लेगी और वह उसे मिल भी जाएगा।

साहित्य की एक विशेषता यह भी है। मनुष्य अपने भीतर जिन भावों को ठीक से पहचान तक नहीं पाता, जिनके प्रति एक अनकही डोर से बंधा रहता है, साहित्य उन्हें रोशनी में ले आता है। जो कथा अमृतसर की गलियों में अवरुद्ध हो गई थी, वह बरसों बाद यूरोप में जंग के एक मोर्चे पर खुलती है। वह बच्चा अब लहना सिंह है जिसे अब अपने सूबेदार की जान बचानी है। आख़िर उससे सूबेदारनी ने वचन लिया है।

यह सूबेदारनी आठ साल की वही बच्ची है जो उस कुड़माई की शरारत करने वाले लड़के को भूल नहीं पाई थी। यह भी भूल नहीं पाई थी कि उस लड़के ने एक दिन ख़ुद चोट खाकर उसे एक तांगे वाले के बिगड़े हुए घोड़े से बचाया था। कहानी चुपचाप यह कह जाती है कि जो बचाता है, वह बचा रहता है, दिल के किसी कोने में बसा रहता है। बरसों बाद एक दिन वह मिलता है तो उसके साथ वही बचपन से संजोया हुआ भरोसा भी मिल जाता है।

जयशंकर प्रसाद की बहुत अलग सी कहानी है ‘गुंडा’। बनारस में अपनी आन-बान और शान के साथ जीने वाले इस कड़क शख़्स के भीतर भी एक कोमल स्मृति है- वह स्मृति उसे कोठेवाली के संगीत से जोड़े रखती है लेकिन कोठा चढ़ने नहीं देती। यहां भी वही कहानी है- अनकहे, अनजाने, अनपहचाने प्रेम की। इसमें भी इम्तिहान की घड़ी आती है और अंततः रानी को क़िले से सुरक्षित निकालते हुए गुंडा अपनी जान दे देता है।

कहानियां सबसे अच्छी वे होती हैं जिनमें सबकुछ कह नहीं दिया जाता। प्रेम हो या क्रांति, समर्पण हो या विद्रोह, वाचालता उसकी विश्वसनीयता कम कर देती है, अतिमुखरता उसके प्रभाव को नष्ट कर देती है। कथाकार कई बार वह कहता ही नहीं जिससे कहानी का सबसे मार्मिक पक्ष बनता है। वह अनकहा-अदृश्य लम्हा किसी उमड़न-घुमड़न की तरह पाठक के भीतर देर तक बना रहता है।

फणीश्वरनाथ रेणु की कहानी ‘मारे गए गुलफाम उर्फ़ तीसरी क़सम’ याद आती है। कंपनी वाली बाई को सारी कहानियां सुनाने वाला, उसके कहने पर गीत गाने वाला हीरामन तीसरी क़सम खाता है- वह आगे से किसी कंपनी वाली बाई को अपनी बैलगाड़ी पर नहीं बिठाएगा। रेणु नहीं लिखते और पाठक पढ़ नहीं पाता कि असल में हीरामन ने कंपनी वाली बाई को उतारा ही नहीं है। वह उसके दिल में बैठी हुई है।

महज इत्तेफाक नहीं है कि ये तीनों प्रेम कहानियां अंततः त्याग की कहानियां हैं- एक अप्राप्यता के बीच चलती हुई और इस अप्राप्य प्रेम के लिए जान तक दे देने में किसी को गुरेज नहीं है। कहानियों में यह प्रेम प्राप्त करने की कोशिश तक नहीं है। सबकुछ हासिल करने की ज़िद वाले इस समय में, प्राप्ति को ही लक्ष्य मानने वाले समाज में ये कहानियां क्यों बची हुई हैं? शायद इसलिए कि हमारे भीतर कुछ छोड़ सकने, कुछ निसार कर सकने वाला मनुष्य भी बचा हुआ है।

मानव स्वभाव का अद्भुत चितेरा माने जाने वाले ओ हेनरी की कहानी ‘गिफ्ट ऑव द मेजाई’ भी प्रेम और त्याग के इसी मार्मिक मोड़ पर एक कसक पैदा करने वाला संयोग रचती है। डेला अपने पति जिम को क्रिसमस के मौक़े पर एक प्यारा सा उपहार देना चाहती है लेकिन उसके पास पैसे नहीं हैं। वह अपनी सबसे बेशक़ीमती चीज़ अपने घने-रेशमी बाल एक विग दुकान में बेच आती है और जिम की घड़ी के लिए एक सुंदर सी चेन ख़रीदती है। दूसरी तरफ़ जिम अपनी घड़ी बेच कर डेला के लिए सुंदर कंघियां ख़रीदता है। इस अभावग्रस्त दांपत्य के भीतर उपहारों के इस गुपचुप आदान-प्रदान में दोनों के हाथ जो लगता है वह दोनों के इस्तेमाल के लायक़ नहीं रहता।

क्या होता अगर ओ हेनरी ने इस कथा को यह त्रासद अंत न दिया होता? एक-दूसरे के लिए उपहार चुनते दो प्रेमी अगर एक-दूसरे को तोष देने वाला उपहार दे पाते तो कहानी क्या बुरी होती? कम से कम असल ज़िंदगी में तो हम अपने लिए ऐसे अंत स्वीकार न करें। लेकिन कहानियां शायद इसीलिए होती हैं कि हमें थोड़ी कसक, थोड़ी पीड़ा दे जाएं और फिर हम यह समझ पाएं कि देने की भावना का सुख वस्तुओं में नहीं है, कि जो खो गया, वह दरअसल कुछ जोड़ गया है जो ज़्यादा मूल्यवान है।

हम अपनी कहानियों में सबकुछ कह देना चाहते हैं। शायद इसलिए कि न कहकर कह डालने का हुनर हमें आता नहीं। जीवन के छुपे हुए अंधेरे कोनों के भीतर झांकने वाली आंख हम विकसित नहीं कर पाते हैं। जब वह आंख मिलती है तो वह रोशनी भी मिल जाती है जिसमें हम ख़ुद को, दुनिया को और कहानी को कुछ अलग ढंग से पहचान पाते हैं।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास