Connect with us

Hi, what are you looking for?

सुख-दुख

निशांत को जेल भेजे जाने के बाद न्यूज़ वन इंडिया चैनल की सफ़ाई: रिपोर्टिंग सेवाएं पहले ही निलंबित कर दी थीं!

ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के आरोप में पत्रकार निशांत के जेल जाने के बाद न्यूज़ वन इंडिया ने बयान जारी कर कहा है कि उसने उनकी रिपोर्टिंग सेवाएं पहले ही निलंबित कर दी थीं।

नोएडा। ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के आरोप में पत्रकार निशांत के जेल भेजे जाने के बाद न्यूज़ वन इंडिया (NEWS1INDIA) चैनल ने आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी कर खुद को इस प्रकरण से अलग किया है। चैनल का कहना है कि नोएडा पुलिस से जानकारी मिलने के बाद उसने पहले ही अपने स्तर पर प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए उनकी रिपोर्टिंग सेवाएं और संस्थान की ओर से प्रतिनिधित्व करने की अनुमति निलंबित कर दी थी।

चैनल के ह्यूमन रिसोर्सेज़ विभाग के अशोक कुमार की ओर से जारी इस बयान में पत्रकार का नाम निशांत शर्मा लिखा गया है। बयान के मुताबिक संस्थान के संज्ञान में आया है कि निशांत शर्मा से जुड़े एक आपराधिक प्रकरण को विभिन्न माध्यमों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर NEWS1INDIA के नाम के साथ जोड़ा जा रहा है।

बयान में कहा गया है कि संस्थान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, जबरन वसूली अथवा पत्रकारिता की आड़ में अनुचित कार्यों का समर्थन नहीं करता। चैनल ने सभी मीडिया संस्थानों, सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं और आम नागरिकों से अनुरोध किया है कि निशांत शर्मा से जुड़े व्यक्तिगत प्रकरण को NEWS1INDIA से जोड़कर प्रस्तुत न करें।

चैनल ने खुद को एक स्वतंत्र और जिम्मेदार मीडिया संस्थान बताते हुए कहा है कि वह अपनी निष्पक्ष पत्रकारिता, विश्वसनीयता और संस्थागत गरिमा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि संस्थान की प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाली किसी भी भ्रामक या तथ्यहीन सामग्री के संबंध में वह अपने कानूनी अधिकारों के तहत उचित कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित रखता है।

गौरतलब है कि गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस ने ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के आरोप में न्यूज़ वन इंडिया से जुड़े पत्रकार निशांत को जेल भेजा है। वे चैनल में पहले गौतमबुद्धनगर के ब्यूरो चीफ थे और कुछ समय पहले उन्हें उत्तर प्रदेश स्तर का विशेष संवाददाता बनाया गया था। इस खबर में उनका नाम निशांत भारद्वाज के रूप में सामने आया था, जबकि चैनल ने अपने बयान में निशांत शर्मा लिखा है। इससे पहले नोएडा के थाना फेज-1 में उनके खिलाफ रंगदारी का मुकदमा दर्ज होने की खबर भी आई थी, जिसमें निशांत ने आरोपों को झूठा और साजिश बताया था।

पिछली खबरें पढ़ें:

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास