-राजेश बादल-
हम भारतीय आमतौर पर अपने अतीत को सहेजने और संरक्षित करने में अत्यंत लापरवाह हैं। वाचिक परंपरा के चलते दस्तावेज़ीकरण के प्रति उदासीनता का हमें बहुत खामियाज़ा उठाना पड़ा है। पश्चिमी देशों में सौ बरस पुराने प्रतीकों को राष्ट्रीय धरोहर समझकर लोग पालते-पोसते हैं और हम लोग सदियों की विरासतों को लुप्त होते देखते रहते हैं।
पर, कभी-कभी कुछ अपवाद भी देखने को मिलते हैं। ऐसा ही एक नायाब नमूना कुछ वर्षों से मेरे पुस्तकालय की शोभा बढ़ा रहा था। उसे पढ़ने का अवसर अपने आलस और ऊटपटांग व्यस्तताओं के चलते नहीं निकाल पाया। बीते दिनों इसे पढ़ा तो अपने पर कोफ़्त और झुंझलाहट हुई कि पहले क्यों नहीं पढ़ा।
यह किताब राज्यसभा टीवी में मेरे सहयोगी रहे वरिष्ठ पत्रकार अरविंद कुमार सिंह ने लिखी है। इसका शीर्षक है – भारतीय डाक। नेशनल बुक ट्रस्ट ने इसे बीस बरस पहले छापा था। मेरे पास दस साल पहले इसका चौथा संस्करण आया।
ज़ाहिर है कि यह किताब भारत में संदेशों के आदान-प्रदान की प्राचीनतम प्रणालियों से लेकर आज अत्याधुनिक तकनीक के सफर की अद्भुत दास्तान है। कुल चवालीस अध्यायों में लेखक ने इस संचार गाथा को लिखा है और कहने की ज़रूरत नहीं कि वैदिक काल से हिंदुस्तान में संदेश भेजने का सफर अरविंद सिंह जी ने इतनी रोचक शैली में बयान किया है कि हर नस्ल के लिए वह दिलचस्प बन पड़ा है।
राष्ट्रकूट राजा द्रुत गति से संदेश प्रेषण के लिए सांडों का इस्तेमाल करते थे। हालांकि उनके राज में भी डाक विभाग था, लेकिन सबसे व्यवस्थित तंत्र मौर्य काल में विकसित हुआ। सम्राट अशोक के ज़माने में इसे और गतिवान तथा प्रामाणिक बनाया गया।
यह चमत्कार ही है कि लगभग डेढ़ हज़ार साल पहले कबूतरों के पैरों में संदेश बांधकर दूसरे स्थान पर भेजने का सिलसिला शुरू हुआ था, जो आज भी जारी है। कबूतरों को प्रशिक्षण देने का काम भी अनोखा है। मध्यकाल में घोड़ों और तेज़ भागने वाले पैदल हरकारों का उपयोग किया जाने लगा था। इसी कड़ी में व्यापारियों ने कारोबारी मक़सद से अफ़गानिस्तान से बंगाल तक अपना समानांतर संदेश-तंत्र विकसित कर लिया था।
इसके बाद हम लोग अंग्रेज़ों के गुलाम हुए। बरतानवी हुकूमत में डाक महकमे ने काम प्रारंभ किया। उन्होंने 338 साल पहले बंबई में पहला डाकघर खोला। उनतालीस साल बाद 1727 में कलकत्ता में भी एक डाकखाना खुल गया।
भारत के डाक इतिहास में 31 मार्च 1774 ऐतिहासिक दिन माना जा सकता है, जब कलकत्ता में आम अवाम के लिए जीपीओ शुरू किया गया। इसके बाद आम जनता को भी डाक भेजने और प्राप्त करने की सुविधा मिल गई। इस क्रम में 1 जनवरी 1798 से दस रुपए में बंबई से लंदन चिट्ठी जाने लगी। एक मई 1808 वह तारीख है, जब कलकत्ता में डाक भेजने की सुविधा सिर्फ़ एक आना में मिलने लगी।
ब्रिटिश राज में अगस्त 1837 में डाकघर अधिनियम पारित हुआ और फिर हिंदुस्तान भर में धीरे-धीरे डाकघर प्रणाली का जाल फैलता गया। अरविंद कुमार सिंह का शोध बताता है कि 1854 में मुल्क के भीतर 701 डाकघर काम कर रहे थे। उसके मातहत 24500 कर्मचारी काम करते थे और वे साल भर में 25 लाख चिट्ठियाँ इधर-उधर पहुंचाते थे। इसके बाद रजिस्ट्री, पोस्टकार्ड, अंतर्देशीय, लिफ़ाफ़े प्रचलन में आ गए। उन्नीसवीं शताब्दी में बेतार के तार की प्रणाली का आगाज़ हुआ।
आज़ादी के आंदोलन में गोरी सत्ता ने क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता आंदोलन को दबाने के लिए सेंसरशिप भी लागू की। लेकिन अंततः हिंदुस्तान आज़ाद हुआ और आज भारत की डाक प्रणाली संसार की सबसे बड़ी व्यवस्था है।
पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 1953 में कहा था, “हज़ारों साल तक संचार का साधन केवल हरकारे या फिर तेज़ घोड़े रहे हैं। उसके बाद पहिए आए। फिर रेलवे और तार से भारी बदलाव क्रांति की तरह आया। तार ने तो रेलों से भी तेज़ गति से संवाद पहुंचाने का काम शुरू किया। अब टेलीफ़ोन, वायरलेस और रेडार संकेतों ने दुनिया बदल कर रख दी है।”
भारतीय डाक के तो यह शुरुआती पन्नों की जानकारी है। लेकिन जैसे-जैसे आप किताब के अन्य अध्यायों में डूबते जाते हैं, ऐसा अनुभव होता है कि आप एक नए लोक में सरपट भाग रहे हैं। एक ऐसी दुनिया, जिसमें आप जी तो रहे हैं, मगर उसके अंदर क्या है, उसके बारे में कुछ नहीं जानते।
इन पन्नों में राजा-महाराजाओं की अनोखी डाक सेवा का भी ज़िक्र है। रियासतों के अपने डाक टिकट छपते थे। उन पर राजाओं की तस्वीरें होती थीं। इसी तरह त्रावणकोर रियासत के डाकघर स्कूली शिक्षक चलाते थे और वे मलेरिया रोकने के लिए कुनैन की गोली भी बेचते थे।
अनूठे डाकघरों में 1 अक्टूबर 1953 को कश्मीर में झेलम नदी पर तैरता चलायमान डाकघर स्थापित किया गया। यह विश्व में अपने ढंग का अनूठा डाकघर था। इससे उत्साहित होकर असम में ब्रह्मपुत्र नदी और केरल के बैकवाटर में तैरते हुए डाकघर शुरू किए गए। दार्जिलिंग में खच्चर डाकघर और राजस्थान में ऊंटों पर डाक सेवा बड़ी लोकप्रिय हुई। हाथियों और पालकियों से भी डाक ढोने की परंपरा भारत में ही रही है।
इस नायाब किताब के बारे में जितना लिखूं, कम है। अरविंद सिंह ने डाक संसार की इस गागर में सागर भरा है। हैरत होती है कि उन्होंने कितना रिसर्च किया, कितनी यात्राएँ कीं और कैसे इतनी प्रामाणिक जानकारी जुटाई। अपने आप में यह शोधग्रंथ है।
अरविंद सिंह राज्यसभा टीवी में मेरे सहायक संपादक रहे हैं। मैंने उनका लेखन, पत्रकारिता और काम के प्रति निष्ठा देखी है। मुश्किल चुनौतियों में उन्होंने चैनल के लिए अद्भुत रिपोर्टिंग की है। वे सच्चे पत्रकार हैं और सरोकारों वाली पत्रकारिता उनका रास्ता है। भारतीय डाक के रूप में उन्होंने भारतीय पाठकों को एक अनमोल धरोहर सौंपी है। उनका अभिनंदन।




