संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट : फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से हराया
लखनऊ। राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम में प्रख्यात खेल पत्रकार संतोष सूरी की याद में खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में टाइम्स ऑफ इंडिया ने 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 129 रन बनाए।
स्टार बल्लेबाज देवेश पाण्डेय ने 25 रनों की पारी खेली। वहीं विवेक चौहान की 36 रनों की तेज पारी के दम पर टीम ने 100 रनों का आंकड़ा पार किया। इनके अलावा अनीश ओबराय ने 10, इश्तियाक रजा ने 13 और राजीव श्रीवास्तव ने 19 रनों का योगदान दिया।

दूरदर्शन के अमित शुक्ला और शादाब आलम ने दो-दो विकेट लिए। शैलेंद्र शर्मा और बालक राम को एक-एक विकेट मिला। जवाब में दूरदर्शन एक समय जीतने की स्थिति में पहुंच गई थी।
हालांकि टाइम्स के अनुभवी गेंदबाजों ने उसे लक्ष्य से पहले ही रोक दिया। दूरदर्शन 20 ओवरों में सात विकेट पर 119 रन ही बना पाई। सीएस आजाद ने 41 रनों की खूबसूरत पारी खेली। शादाब आलम ने 25 रन बनाए।
अन्य कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। टाइम्स के राजीव श्रीवास्तव ने 24 और इश्तियाक ने 15 रन देकर दो-दो विकेट लिए। फाइनल के मैन ऑफ द मैच राजीव श्रीवास्तव रहे।

पुरस्कार वितरण खेल सचिव सुहास एलवाई व स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य दीपेंद्र यादव ने किया। इस मौके पर संतोष सूरी की पत्नी ग्लोरिया और उनके परिजन, दूरदर्शन के उपमहानिदेशक के.के. गुप्ता, रॉयल स्पोर्ट्स गंज के हर्षवर्धन, टेंजो के हरीश और अजीत वर्मा, भाजपा नेता राहुल, अखिल भारतीय स्वदेशी खेल संघ के महासचिव एके सक्सेना, एनबीटी के संपादक मनीष श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव अमित पाण्डेय समेत कई हस्तियां मौजूद रहीं।
विशेष पुरस्कार
मैन ऑफ द सीरीज : राजीव श्रीवास्तव (टाइम्स ऑफ इंडिया)
सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज : राजीव श्रीवास्तव (टाइम्स ऑफ इंडिया)
सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज : देवेश पाण्डेय (टाइम्स ऑफ इंडिया)
संबंधित खबरें
- राजीव श्रीवास्तव की गेंदबाजी से टाइम्स ऑफ इंडिया फाइनल में
- लखनऊ : टाइम्स ऑफ इंडिया लगातार दूसरी जीत के साथ सेमीफाइनल में
- लखनऊ में मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश की दमदार जीत, अमर उजाला को 6 विकेट से हराया
- वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों ने लखनऊ में स्पोर्ट्स जर्नलिज्म के स्तंभ संतोष सूरी जी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी
- क्रिकेट जर्नलिज्म को बड़ा झटका: वरिष्ठ पत्रकार संतोष सूरी जी का लखनऊ में निधन


