Connect with us

Hi, what are you looking for?

प्रिंट

अनंत अंबानी की गोवर्धन परिक्रमा पहले पन्ने पर, लगभग सारे बड़े अखबारों में एक जैसी खबर… क्या यह पेड न्यूज़ है?

रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी के मथुरा दौरे की खबर दैनिक जागरण, अमर उजाला, दैनिक भास्कर और हिंदुस्तान ने पहले पन्ने पर लगभग एक जैसे ब्योरे के साथ छापी है। सवाल उठ रहा है कि क्या यह पेड न्यूज़ है या व्यावसायिक रिश्तों को फिक्स साइज में निभाया गया है।

दैनिक जागरण के पहले पेज पर अनंत अंबानी की गोवर्धन परिक्रमा की बॉक्स खबर

सुनीत कुलश्रेष्ठ, सिलीगुड़ी से

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी के मथुरा-वृंदावन दौरे की खबर दैनिक जागरण समेत देश के प्रमुख हिंदी अखबारों ने पहले पन्ने पर प्रमुखता से छापी है। गौर करने वाली बात यह है कि दैनिक जागरण ने यह खबर अपने समस्त संस्करणों में पहले पेज पर एक फिक्स साइज के बॉक्स में काफी बड़े आकार में प्रकाशित की है। सिलीगुड़ी संस्करण के पहले पन्ने पर भी यही बॉक्स उसी रूप में मौजूद है।

यही हाल दूसरे अखबारों का भी है। अमर उजाला, दैनिक भास्कर और हिंदुस्तान के ई-पेपर देखने पर पता चलता है कि सभी ने यह खबर पहले पन्ने पर बड़ी जगह देकर छापी है, और खबर का ब्योरा भी लगभग एक जैसा है। ऐसे में सवाल उठना लाज़िमी है कि क्या यह पेड न्यूज़ है, या फिर कॉरपोरेट घराने के साथ व्यावसायिक संबंधों को फिक्स साइज में निभाया गया है?

दैनिक जागरण में खबर का शीर्षक है ‘गिरिराज की शरण में अनंत अंबानी, श्रद्धालुओं के साथ की परिक्रमा’। खबर ‘जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली’ की डेटलाइन से छपी है, जबकि घटना मथुरा की है। खबर के साथ लगी तस्वीर के नीचे ‘सौ. रिलायंस फाउंडेशन’ लिखा है, यानी फोटो खुद रिलायंस फाउंडेशन की ओर से उपलब्ध कराई गई है।

अमर उजाला ने ‘आस्था का संकल्प, बचपन की इच्छा पूरी, अनंत अंबानी ने रात में की गोवर्धन परिक्रमा’ शीर्षक से खबर छापी है, जिसके ऊपर लिखा है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ने 18 करोड़ रुपये की घोषणा की। दैनिक भास्कर के नई दिल्ली संस्करण में ‘संकल्प पूरा’ के ठप्पे के साथ शीर्षक है ‘गिरिराजजी की शरण में अनंत अंबानी, रात में पैदल पूरी की गोवर्धन परिक्रमा’। हिंदुस्तान के आगरा संस्करण ने पहले पन्ने पर लगभग पूरी चौड़ाई में ‘अंधियारी रात में नंगे पैर अनंत अंबानी ने लगाई गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा’ शीर्षक से खबर दी है।

अमर उजाला के पहले पेज पर अनंत अंबानी की गोवर्धन परिक्रमा की खबर
अमर उजाला के पहले पन्ने पर छपी खबर

सबसे दिलचस्प बात खबरों की सामग्री है। लगभग हर अखबार में वही तथ्य, वही क्रम और कई जगह वही वाक्य दोहराए गए हैं। अनंत अंबानी ने साढ़े चार घंटे में श्रद्धालुओं के साथ पैदल परिक्रमा पूरी की, गिरिराज जी को 280 किलो का छप्पन भोग अर्पित किया, भगवा कुर्ता और सिर पर पीली पगड़ी पहनी, पुष्टि गुरु और नाथद्वारा पीठ के आचार्य विशाल बाबा साथ रहे, ब्रज के सर्वांगीण विकास के लिए रिलायंस समूह की ओर से 18 करोड़ रुपये की प्रारंभिक सेवा-भेंट की घोषणा हुई और परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए ‘विशाल व अनंत भोज’ की व्यवस्था की जाएगी। यह सब लगभग हर खबर में है।

इसी तरह अनंत अंबानी का यह कथन कि ‘आज मैं जो कुछ भी हूं, अपने दादा-दादी की वजह से हूं’, दादी कोकिलाबेन अंबानी के इस यात्रा से प्रसन्न होने की बात, और इसी सप्ताह काशी विश्वनाथ मंदिर को पांच करोड़ तथा मां अन्नपूर्णा मंदिर को एक करोड़ रुपये के दान का जिक्र भी सभी अखबारों में मिलता है। दैनिक जागरण और अमर उजाला की खबरों में तो ‘पुष्टिमार्गीय वैष्णव परंपरा’, ‘सेवा-संकल्प’, ‘धार्मिक मर्यादा और ऐतिहासिक विरासत’ जैसे शब्द और वाक्य-विन्यास तक लगभग हूबहू हैं।

दैनिक भास्कर के पहले पेज पर अनंत अंबानी की गोवर्धन परिक्रमा की खबर
दैनिक भास्कर नई दिल्ली के पहले पन्ने पर छपी खबर

हिंदुस्तान की खबर पर स्थानीय संवाददाता दिलीप चतुर्वेदी की बाइलाइन है और उसमें मौके के कुछ अलग ब्योरे भी हैं, जैसे ‘सेलिब्रिटी नहीं, श्रद्धालु की तरह दिखे अनंत’ वाला हिस्सा। लेकिन 18 करोड़ की सेवा-भेंट और अन्य मुख्य बिंदु वहां भी उसी रूप में मौजूद हैं।

हिंदुस्तान के पहले पेज पर अनंत अंबानी की गोवर्धन परिक्रमा की खबर
हिंदुस्तान आगरा के पहले पन्ने पर छपी खबर

किसी बड़े उद्योगपति की धार्मिक यात्रा और 18 करोड़ रुपये की घोषणा अपने आप में खबर हो सकती है। लेकिन सवाल यह है कि जिस दिन संसद में परिसीमन और महिला आरक्षण जैसे बड़े मुद्दे गरम हों, उस दिन लगभग सभी बड़े अखबार एक कॉरपोरेट घराने के प्रमुख की परिक्रमा को पहले पन्ने पर इतनी बड़ी और लगभग एक जैसी जगह क्यों दे रहे हैं? और वह भी एक ही तरह की भाषा, एक ही तरह के तथ्यों और कंपनी की ओर से दी गई तस्वीर के साथ।

पता नहीं क्यों, यह सब देखकर लगता है कि यह पेड न्यूज़ भी हो सकती है, या फिर अखबार मालिकों ने विज्ञापनदाता कॉरपोरेट घराने से अपने व्यावसायिक संबंधों को फिक्स साइज के बॉक्स में निभाया है। अगर ऐसा है तो पाठकों को यह बताया जाना चाहिए था कि यह प्रायोजित सामग्री है। प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया भी पेड न्यूज़ को लेकर दिशानिर्देश जारी कर चुकी है, जिनका मूल भाव यही है कि खबर और विज्ञापन के बीच का फर्क पाठक को साफ दिखना चाहिए।

फिलहाल किसी भी अखबार या रिलायंस समूह की ओर से इस बारे में कोई स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। भड़ास4मीडिया यह दावा नहीं करता कि यह खबर पैसे लेकर छापी गई है, लेकिन जिस तरह एक ही दिन, एक ही आकार और लगभग एक ही भाषा में यह खबर कई अखबारों के पहले पन्ने पर दिखी, उस पर सवाल उठना स्वाभाविक है। संबंधित अखबार या रिलायंस समूह अपना पक्ष रखना चाहें तो भड़ास4मीडिया उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास