लखनऊ- आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने आज यूपी के मुख्यमंत्री को पत्र भेज कर यूपी में सूचना निदेशालय के विज्ञापनों में गृह मंत्री, भारत सरकार अमित शाह की फोटो लगाए जाने के संबंध में कार्यवाही की मांग की है.
अपने पत्र में उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में कॉमन कॉज केस में वर्ष 2015 और 2016 के अपने आदेश द्वारा सरकारी विज्ञापनों में मात्र भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, चीफ जस्टिस, प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री की तस्वीर लगाए जाने की अनुमति दी थी.
इसके विपरीत पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के सरकारी विज्ञापनों में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के साथ अमित शाह की तस्वीर भी लगाई जा रही है, जो सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का खुला उल्लंघन दिखता है.
अमिताभ ठाकुर ने इस संबंध में साक्ष्य प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री से सूचना निदेशक द्वारा सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करने के संबंध में कार्रवाई की मांग की है. साथ ही उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के क्रम में प्रदेश सरकार के विज्ञापनों में अमित शाह की तस्वीरों के प्रयोग पर तत्काल रोक जाने की मांग भी की है.
सीएम को भेजे गए पत्र की प्रति —
पत्र संख्या AAS/Letter/106/2025 : दिनांक 08/05/2025
सेवा में,
मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश, लखनऊ
विषय- सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के घोर उल्लंघन में सूचना निदेशालय के प्रचार सामग्री में गृह मंत्री, भारत सरकार श्री अमित शाह की तस्वीर लगाये जाने विषयक
महोदय,
कृपया अवगत कराना है कि सुप्रीम कोर्ट ने Common Cause vs Union Of India AIR 2015 SC 2286 में अपने आदेश दिनांक 13/05/2015 के माध्यम से सरकारी धन पर राजनेताओं के व्यक्तिगत प्रचार को पूरी तरह निषिद्ध करते हुए मात्र अत्यंत आवश्यक आवश्यकताओं के लिए राष्ट्रपति, प्रधानमत्री तथा चीफ जस्टिस की सहमति के बाद उनकी तस्वीर लगाये जाने के आदेश दिए थे, जिसमे आंशिक संशोधन करते हुए अपने आदेश दिनांक 18/03/2016 द्वारा प्रदेशों के राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री की तस्वीर भी लगाया जाना अनुमन्य कर दिया, लेकिन इन सभी मामलों में यह स्पष्ट था कि इन नेताओं की तस्वीर आवश्यक होने पर ही अत्यंत विशिष्ट परिस्थितियों में लगायी जाएँगी, ताकि कोई नेता सरकारी धन पर अपना निजी प्रचार नहीं कर सके.
पूर्व में आपके शासन काल में उत्तर प्रदेश के सभी सरकारी विज्ञापनों में आपकी तथा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर तो नियमति रूप से लगाई ही जाती रही है, किन्तु अब उत्तर प्रदेश के सूचना निदेशालय द्वारा इनसे साथ केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह की तस्वीर भी लगायी जाने लगी है, जो प्राथमिक स्तर पर ही मा० सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का खुला उल्लंघन और कानून के राज का स्पष्ट उपहास दिखता है. मैं इस संबंध में लखनऊ में अपने स्तर से लखनऊ के केडी सिंह बाबु स्टेडियम पर ली गयी तस्वीरों तथा विडियो को इस पत्र के साथ संलग्न कर रहा हूँ.
तदनुसार आपसे निवेदन है कि कृपया इन तथ्यों का संज्ञान लेते हुए सूचना निदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा मा० सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की खुली अवहेलना करने के संबंध में तत्काल उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करने की कृपा करें. साथ ही कृपया मा० सुप्रीम कोर्ट के उपरोक्त वर्णित स्पष्ट आदेश के आलोक में उत्तर प्रदेश सरकार के सरकारी विज्ञापनों में गृह मंत्री श्री अमित शाह की तस्वीरों का प्रयोग अविलम्ब बंद किये जाने के निर्देश निर्गत करने की भी कृपा करें.
अमिताभ ठाकुर
(राष्ट्रीय अध्यक्ष)


