वरिष्ठ पत्रकार अनुराग वर्मा को एडिटर्स क्लब ऑफ इंडिया की सलाहकार शाखा (एडवाइजरी विंग) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दशकों के समृद्ध अनुभव के साथ अनुराग वर्मा देशभर के पत्रकारों की गरिमा, अधिकारों और स्वतंत्रता की रक्षा करेंगे।
नियुक्ति पत्र सौंपते हुए, एडिटर्स क्लब ऑफ इंडिया के अध्यक्ष श्री अमिताभ अग्निहोत्री ने अनुराग वर्मा को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दिया।
अनुराग वर्मा ने डिजिटल और टेलीविजन मीडिया के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। रिपोर्टिंग से लेकर संपादक की भूमिका तक, उन्होंने रिपोर्टिंग और डिजिटल कंटेंट के विभिन्न पहलुओं को समझा और उन्हें दर्शकों के लिए सारगर्भित जानकारी में परिवर्तित किया।
उन्होंने वर्ष 1995 में ज़ी टीवी से अपने करियर की शुरुआत की, जहाँ उन्होंने जनहित और राष्ट्रीय हित में संतुलित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं। वर्ष 1997 से 2000 तक उन्होंने डीडी न्यूज़ में सेवाएँ दीं। इस दौरान अनुराग वर्मा ने राष्ट्रीय राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े अनेक विषयों पर रिपोर्टिंग की, जिससे वे एक विश्वसनीय समाचार पेशेवर के रूप में स्थापित हुए।
वर्ष 2000 से 2007 के बीच अनुराग वर्मा ने रिलायंस कम्युनिकेशंस के साथ कार्य किया, जहाँ उन्होंने टेलीविजन समाचार और डिजिटल मीडिया के बीच संतुलन बनाए रखने में संगठन के लिए अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने 2007 से 2024 तक टाइम्स डिजिटल में संपादक के रूप में कार्य किया। इस अवधि में उन्होंने अपने अनुभव, समझ और व्यापक ज्ञान के माध्यम से डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए कंटेंट को समृद्ध किया। उन्होंने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और टाइम्स ग्रुप की वेबसाइट्स के माध्यम से कई राष्ट्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उजागर किया।
अनुराग वर्मा का ज़ी डिजिटल के साथ भी वरिष्ठ संपादक के रूप में जुड़ाव रहा, जहाँ उन्होंने मीडिया के बदलते परिदृश्य में अपनी क्षमता का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया। वर्तमान में वे कई मीडिया समूह के साथ सलाहकार और राष्ट्रीय न्यूज़ चैनलों के साथ राजनीतिक विश्लेषक की भूमिका निभा रहे हैं।


