डॉ प्रकाश हिन्दुस्तानी-
जाओ अरिजीत, जी लो अपनी ज़िंदगी! अरिजीत सिंह का आम आदमी जैसा हो जाना!!
अरिजीत सिंह शानदार गायक और शानदार शख़्स हैं वरना किसकी हिम्मत कि 39 की उम्र में ऐलान कर दिया कि अब फिल्मों में प्लेबैक सिंगिंग नहीं करूँगा। वह भी तब, जब वे अपने पार्श्वगायन में टॉप पर हैं।
अरिजीत सिंह भारत के सबसे बड़े म्यूजिकल आइकन हैं और ग्लोबली Spotify पर दुनिया के सबसे ज़्यादा फॉलो किए जाने वाले आर्टिस्ट हैं। सबसे ज्यादा फॉलोअर्स — 17 करोड़ 22 लाख से ज्यादा उन्हीं के हैं। लगातार 7 साल (2019-2025) Spotify के सबसे ज्यादा स्ट्रीम्ड आर्टिस्ट रहे।
कामयाब तो बहुतेरे होते हैं, पर शिखर पर होते हुए शिखर को छोड़ने का ऐलान करने के लिए गहरी सोच, समझ, हिम्मत और तजुर्बा चाहिए। अरिजीत ने कहा है कि वे संगीत जगत में बने रहेंगे। गायन जारी रहेगा, केवल फिल्मों के लिए, किसी हीरो को अब अपनी आवाज़ नहीं देंगे। मुझे कुछ अलग म्यूजिक करना है, ताकि मैं जी सकूं। मैं कई दूसरे सिंगर्स को सुनना चाहता हूं, जो मुझे असली मोटिवेशन दें। बलिहारी है अरिजीत।
अरिजीत ने साफ किया कि मैं बहुत जल्दी बोर हो जाता हूं… तो सच यही है कि मैं बोर हो गया था। मैं इंडियन क्लासिकल म्यूजिक में वापस जाना चाहता हूँ। मैं अपनी खुद की म्यूजिक बनाना चाहता हूँ और स्टार्ट अगेन चाहता हूँ।
अब अरिजीत लाइव कॉन्सर्ट्स, इंडिपेंडेंट म्यूजिक और अपने क्रिएटिव प्रोजेक्ट्स पर फोकस करेंगे। उन्होंने ये भी क्लियर किया कि कुछ पुराने कमिटमेंट्स पूरे करेंगे, तो 2026 में कुछ रिलीज़ अभी भी हो सकती हैं। कई इसे उनकी सादगी और क्रिएटिव फ्रीडम की मिसाल मान रहे हैं।
अरिजीत 36 साल से गा रहे हैं। केवल तीन साल की उम्र से उन्होंने गाना शुरू किया था। 9 साल की उम्र में उन्हें सरकार की तरफ से क्लासिकल वोकल्स के लिए स्कॉलरशिप भी मिली थी। उनकी मां तबला बजाती और गाती थीं, जिससे उनका संगीत का सफर शुरू हुआ।
2005 में फेम गुरुकुल में हिस्सा लिया, टॉप 6 तक पहुंचे, लेकिन ऑडियंस वोटिंग से बाहर हो गए। कई लोग यहीं रुक जाते, लेकिन अरिजीत ने हार नहीं मानी और मेहनत की।
अरिजीत सिर्फ गायक नहीं, वो अच्छे तबला वादक हैं, गिटार और पियानो भी बजाते हैं, और म्यूजिक प्रोडक्शन भी करते हैं। मल्टी-टैलेंटेड होना उनकी आवाज़ की गहराई का राज है।
स्टारडम के बावजूद वो आम आदमी की तरह रहते हैं। ऑटो-ट्यून का इस्तेमाल नहीं करते क्योंकि उनकी नैचुरल आवाज़ पहले से ही परफेक्ट मानी जाती है। वे रोमांटिक, दर्द भरे, सूफी, पॉप.. हर जॉनर में मास्टर हैं।
वे सिर्फ सिंगर नहीं। बैडमिंटन खेलते हैं, लेखक हैं, मूवी फ्रीक हैं और डॉक्यूमेंट्री भी बनाते हैं। वो फैमिली-ओरिएंटेड इंसान हैं और प्राइवेसी बहुत रखते है.
उनकी पहली शादी बचपन की दोस्त कोयल से हुई थी और उनकी बेटी भी है। वे फैमिली-ओरिएंटेड इंसान हैं और प्राइवेसी बहुत रखते हैं। अरिजीत सिंह का सफर मेहनत, सादगी और असाधारण टैलेंट का बेहतरीन मिसाल है।
अरिजीत सिंह की कुल नेट वर्थ लगभग 425 करोड़ बताई जाती है जो प्लेबैक सिंगिंग, लाइव कॉन्सर्ट्स (जहां वो 2 घंटे के शो के लिए ₹2 करोड़ तक चार्ज करते हैं), ब्रांड एंडोर्समेंट और रॉयल्टी से आती है। उनके पास नवी मुंबई में एक आलीशान घर, मुंबई में एक ही बिल्डिंग में चार फ्लैट्स हैं, पर उन्हें बंगाल का अपना पुराना घर पसंद है। रेंज रोवर वोग, हमर एच 3, मर्सिडीज-बेंज आदि कारें उनके पास हैं पर बन्दे को एक्टिवा चलाना पसंद है।
सेलिब्रिटीज़ अक्सर हाई-एंड रेस्टोरेंट खोलते हैं, लेकिन अरिजीत ने गरीब/आम आदमी के लिए अफोर्डेबल और डिग्निफाइड फूड का ऑप्शन दिया, अपने इलाके में मुर्शिदाबाद के जियागंज में भोजनालय खोला है हेशेल , जहां 40 रुपये में सुबह 10 से रात 11 बजे तक शानदार भोजन की थाली मिलती है।
…जाओ अरिजीत, जी लो अपनी ज़िन्दगी। जो चाहते हो, कर डालो। संगीत और ज़िन्दगी की थाह पाना कोई आसान काम नहीं है।



