Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

वेब-सिनेमा

भड़ास4मीडिया के 17 साल: यशवंत सिंह को सलाम, जो खबर नहीं क्रांति रचते हैं!

यशवंत सिंह-

भड़ास आज 17 साल का हो गया। 17 मई 2008 को डोमेन नेम ये रजिस्टर्ड हुआ। Rakesh Dumra जी के हाथों। कोई एक काम लगातार इतने दिनों तक इसलिए कर पाया क्योंकि ये मन का काम था। पैशन ही प्रोफेशन बन जाए तो क्या बात है!

सत्रह साल की यात्रा में सैकड़ों हज़ारों लाखों लोगों का प्यार आशीर्वाद गुस्सा घृणा झेला। सबका धन्यवाद। जीवन सभी रंगों के मिश्रण से ही पूर्ण होता है।

भड़ास की जिम्मेदारी इस वक्त भाई Manish Dubey जी के कंधों पर है जो भड़ास के एडिटोरियल इंचार्ज हैं, इन्हें खासकर बधाई। भाई Anil Kumar जी भड़ास के मुश्किल दिनों के साथी संपादक रहे हैं। इनका भी दिल से आभार।

अशोक दास जी, जेपी त्रिपाठी जी, कन्हैया शुक्ला जी, सुजीत सिंह प्रिंस जी समेत दर्जनों साथी हैं जिन्होंने भड़ास की यात्रा में अपना योगदान दिया। सबका हृदय से आभार। पार्टी आज होकर रहेगी। केक कटेगा। एक शुभ कार्य भी किया जाएगा जिसकी रिपोर्ट रात में जारी होगी।


मनोज अभिज्ञान-

भड़ास4मीडिया के 17 साल: यशवंत सिंह को सलाम, जो खबर नहीं क्रांति रचते हैं!

17 साल पहले जब देश की मीडिया संस्थाएं धीरे-धीरे कॉर्पोरेट की गोद में बैठ रही थीं, तब एक आवाज़ उठी। ये न नपे-तुले शब्दों में थी, न ही सूट-बूट पहने किसी एंकर की तरह सलीकेदार। ये आवाज़ थी सड़क की, न्यूज़रूम की, संघर्ष की, और सबसे बढ़कर—सच की। इस आवाज़ का नाम था—भड़ास4मीडिया। और इसके पीछे जो शख़्स था, वो कोई आम पत्रकार नहीं, यह थे यशवंत सिंह थे—न सिर्फ बाग़ी और योद्धा बल्कि सुलझे हुए चिंतनशील व्यक्तित्व।

यशवंत सिंह ने पत्रकारिता को न मालिक की गुलामी माना, न सत्ता की चापलूसी। उन्होंने पत्रकारिता को उस रूप में जिया, जैसा उसका स्वाभाविक स्वरूप होना चाहिए—जनता की आँख, जनता की जुबान, और जनता का हथियार। उन्होंने भड़ास को बनाया ऐसा मंच, जहाँ मीडिया के भीतर की सड़ांध को बेझिझक उजागर किया जा सके।

भड़ास महज़ वेबसाइट नहीं, सवाल है। और यह सवाल उन चैनलों से है जो टीआरपी के लिए नैतिकता बेचते हैं। यह सवाल उन संपादकों से है जो सत्ता के तलवे चाटते हैं। और यह सवाल उस मीडिया से है, जो खबर नहीं दिखाता, बल्कि एजेंडा चलाता है।

आज जब भड़ास4मीडिया अपने 17 साल पूरे कर चुका है, यह सिर्फ सालगिरह नहीं, बल्कि उस जुनून का उत्सव है जो डरता नहीं, झुकता नहीं, बिकता नहीं।

यशवंत सिंह ने भड़ास के जरिए जो किया, वह केवल पत्रकारिता नहीं थी। वह सामाजिक हस्तक्षेप था। उन्होंने न केवल मीडिया की खबरें छापीं, बल्कि पत्रकारों की लड़ाइयाँ लड़ीं। जब कोई पत्रकार नौकरी से निकाला गया, यशवंत सिंह खड़े हुए। जब किसी रिपोर्टर ने आत्महत्या की, भड़ास ने आवाज़ उठाई। जब मीडिया ने चुप्पी साध ली, तब भड़ास ने चीखना शुरू किया।

इन 17 वर्षों में भड़ास ने जितने दुश्मन बनाए, उससे कहीं ज़्यादा चाहने वाले खड़े किए। क्योंकि जो सच बोलता है, वो अकेला होता है। लेकिन जब वो सच लगातार बोलता है, तो पूरा कारवां बन जाता है। आज भड़ास ऐसा कारवां है जो हर उस व्यक्ति को आवाज़ देता है, जो सिस्टम से लड़ रहा है।

यशवंत सिंह को सलाम इसलिए नहीं कि उन्होंने एक वेबसाइट चलाई, बल्कि इसलिए कि उन्होंने संघर्ष को एक मंच, और क्रांति को एक URL दे दिया।

आज ज़रूरत है और भड़ासों की… और यशवंत सिंहों की। क्योंकि जब सच बोलने की कीमत जान से ज़्यादा हो जाए, तब वही बोलता है, जिसके सीने में आग हो।

Local News Community
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन