लखनऊ/बलिया। आयकर विभाग की टीम ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई तेज कर दी है। लखनऊ स्थित आवास के साथ-साथ बलिया जिले के खनवर गांव में उनके पैतृक घर पर भी आयकर टीम ने रेड डाली है। इस कार्रवाई से लखनऊ से लेकर बलिया तक राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब सात बजे तीन दर्जन से अधिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ गोमतीनगर स्थित उनके आवास और कार्यालय पहुंचे और परिसर को घेरते हुए अंदर-बाहर की आवाजाही सीमित कर दी।
सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग की टीम कुछ वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने आवास के भीतर मौजूद फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए। इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है। देर शाम तक छापेमारी जारी रहने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जताया विरोध
कार्रवाई को लेकर दिनेश प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने विधायक उमाशंकर सिंह की गंभीर बीमारी का हवाला देते हुए छापेमारी पर सवाल उठाए। मंत्री ने लिखा कि उमाशंकर सिंह पिछले दो वर्षों से जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं, ऐसे में इस प्रकार की कार्रवाई संवेदनहीनता दर्शाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में विधायक का अधिकांश कारोबार बंद है और उनका समय व संसाधन इलाज पर खर्च हो रहा है। मंत्री के अनुसार, इस समय उनके आवास पर नर्स या डॉक्टर के प्रवेश में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्वास्थ्य को किसी प्रकार की क्षति पहुंचती है तो संबंधित संस्था जिम्मेदार होगी।
दिनेश प्रताप सिंह ने अपने पोस्ट में यह भी उल्लेख किया कि रसड़ा (जनपद बलिया) से विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पर उनकी बेटी का विवाह समारोह भी आयोजित हुआ था।

कैंसर से जूझ रहे हैं विधायक
उमाशंकर सिंह बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक हैं और बसपा के वर्तमान में एकमात्र विधायक माने जाते हैं। वे कैंसर से पीड़ित हैं और उनके दो ऑपरेशन हो चुके हैं। बताया जाता है कि वे लखनऊ स्थित आवास में आइसोलेशन में रह रहे हैं और स्वास्थ्य कारणों से विधानसभा सत्र में भी नियमित रूप से शामिल नहीं हो पा रहे हैं।
पिछले वर्ष मायावती स्वयं उनके आवास पर जाकर उनका हालचाल ले चुकी हैं और परिवार से मुलाकात की थी।
फिलहाल आयकर विभाग की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। विभाग की ओर से आधिकारिक स्पष्टीकरण आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
यूपी में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के घर पर आयकर विभाग का छापा पड़ा है। आयकर टीम ने विधायक के आवास को घेर लिया है। किसी के भी अंदर या बाहर जाने पर रोक लगा दी गई है। उमाशंकर सिंह बलिया की रसड़ा विधानसभा से लगातार 3 बार से विधायक हैं। वह कैंसर से पीड़ित हैं। उनके दो बड़े ऑपरेशन हो चुके हैं। पिछले महीने ही वह अमेरिका से ब्लड चेंज कराकर लौटे हैं। -राजेश साहू, पत्रकार

एफबी पर कुछ प्रतिक्रियाएं –



