गाजीपुर। ग़ाज़ीपुर प्रेस क्लब ने पत्रकार हितों के क्षेत्र में एक बार फिर मिसाल कायम की है। क्लब के तत्वावधान में शुक्रवार को पत्रकारों के लिए विशेष बीमा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें संस्था के 56 पत्रकार सदस्यों का 10-10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कराया गया। यह पहल लगातार तीसरे वर्ष की गई है, जिससे प्रेस क्लब ने प्रदेश में एक अलग पहचान बनाई है।
मुख्य डाकघर, गाजीपुर में आयोजित इस बीमा शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बीमा शिविर के प्रथम चरण में पत्रकारों को 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष शिवकुमार ने बताया कि संस्था प्रत्येक वर्ष अपने सभी सदस्यों को यह सुविधा उपलब्ध कराती है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी प्रथम चरण में सदस्यों का बीमा कराया गया है, जबकि शेष सदस्यों के लिए आगामी दिनों में अलग से कैंप लगाकर बीमा की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रेस क्लब पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं के लिए सतत संघर्षरत है और आगे भी पत्रकार हितों के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
प्रेस क्लब के महासचिव कृपा कृष्ण ‘केके’ ने बताया कि ग़ाज़ीपुर प्रेस क्लब की स्थापना के बाद से ही हर वर्ष पत्रकार सदस्यों का बीमा कराया जा रहा है। इसी क्रम में इस बार भी बीमा कैंप का आयोजन किया गया, ताकि पत्रकारों और उनके परिवारों को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।
बीमा शिविर में संस्था के संरक्षक मनीष मिश्रा, उपाध्यक्ष मनीष सिंह, महासचिव कृपा कृष्ण ‘केके’, सचिव विनीत दुबे, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश उपाध्याय राजू, संजीव कुमार, रजत, संदीप शर्मा सोनू, अंजनी कुमार तिवारी सोनू सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि पूरे प्रदेश में संभवतः कोई अन्य पत्रकार संगठन ऐसा नहीं है, जो अपने सदस्यों का 10-10 लाख रुपये का बीमा कराए और उसकी पूरी प्रीमियम राशि स्वयं वहन करे। ग़ाज़ीपुर प्रेस क्लब की यह पहल पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है।



