मनीष दुबे-
देश के प्रतिष्ठित समाचार पत्र Indian Express ने सोमवार को अपने 11वें संस्करण के तौर पर पटना संस्करण की औपचारिक लॉन्चिंग कर दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में राजधानी पटना में यह संस्करण लॉन्च हुआ, जो बिहार चुनावों से ठीक पहले मीडिया विस्तार के मायने तलाशने वालों के लिए खास चर्चा का विषय बन गया है।
इस बीच सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक टिप्पणी ने खासा ध्यान खींचा है। X (पूर्व ट्विटर) पर ‘चूरूमुरी’ नामक हैंडल से लिखा गया:
“Kahani mein twist. Since 2014, cheerleading TV networks have tended to launch news channels in local languages before state elections. In 2025, @IndianExpress launches a Patna edition ahead of Bihar elections. The paper’s founder Ramnath Goenka was born in Darbhanga.”
इस ट्वीट के ज़रिए व्यंग्य में यह संकेत दिया गया कि राज्य चुनावों से ऐन पहले मीडिया संस्थानों का क्षेत्रीय विस्तार अब एक ‘राजनीतिक परंपरा’ बनता जा रहा है।
बिहार की ज़मीन और Goenka की जड़ें
दरअसल, Indian Express के संस्थापक रामनाथ गोयनका का जन्म 3 अप्रैल 1904 को दरभंगा (बिहार) में हुआ था। इसलिए कई लोग इस लॉन्च को गोयनका की ज़मीन से अखबार के ‘सांस्कृतिक पुनःसंयोजन’ के रूप में भी देख रहे हैं। लेकिन समय का चुनाव—चुनावों से पहले—सवाल भी खड़े कर रहा है। कि आखिर इतने सालों बाद समूह को गोयनका की जड़ बिहार की सुध क्यों आई?
‘पत्रकारिता या बिजनेस स्ट्रैटजी?’
मीडिया विश्लेषकों का कहना है कि पिछले एक दशक में जब-जब राज्य चुनाव करीब आते हैं, बड़े मीडिया घराने स्थानीय भाषाओं और संस्करणों में तेजी से उतरते हैं। ABP, News18 और Zee नेटवर्क के उदाहरण सामने हैं, जिन्होंने बंगाल, उत्तर प्रदेश और गुजरात चुनाव से पहले अपने-अपने संस्करणों की ‘चुनावी लांचिंग’ की थी।
इस मामले पर एक टिप्पणी
एक वरिष्ठ पत्रकार का कहना है: “Indian Express जैसी संस्था से उम्मीद रहती है कि वह जमीन से जुड़ी रिपोर्टिंग करेगी। लेकिन चुनाव से कुछ महीने पहले नया संस्करण शुरू होना सिर्फ पत्रकारिता नहीं, शायद व्यापारिक रणनीति भी हो सकता है।”
आगे क्या?
बिहार में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव संभावित हैं। ऐसे में Patna edition को लेकर Express की नीयत पर कोई शक न भी हो, लेकिन समय पर सवाल उठना लाज़मी है।
बहरहाल, Patna edition से बिहार के पत्रकारों को एक प्रतिष्ठित मंच जरूर मिलेगा। सवाल यह भी है कि क्या यह मंच सत्ता से सवाल करेगा या महज “cheerleading” की सूची में एक नया नाम होगा?
मूल खबर…
पटना से लॉन्च हुआ ‘The Indian Express’ का 11वां संस्करण, नीतीश कुमार ने किया शुभारंभ!



