इंदौर। नायता मुंडला स्थित आरटीओ कार्यालय में सोमवार को कवरेज के लिए पहुंचे एक टीवी चैनल के पत्रकार और कैमरामैन पर हमला कर उन्हें बंधक बना लिया गया। आरोप है कि आरटीओ कार्यालय में पदस्थ बाबू और होमगार्ड सैनिक ने बाहरी बदमाशों को बुलाकर दोनों पर मारपीट की, कैमरा छीनकर तोड़ दिया और जाने से रोके रखा। घटना की प्रदेशभर के पत्रकार संगठनों ने कड़ी निंदा की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि जिन दो पत्रकारों हेमंत शर्मा और राजा खान की पिटाई हुई है वह दोनों न्यूज़24 के लिए काम करते हैं।
नईदुनिया की वेबसाइट में प्रकाशित खबर के अनुसार, तेजाजी नगर पुलिस थाना प्रभारी देवेंद्र मरकाम ने बताया कि हमला गुलाब बाग कॉलोनी निवासी पत्रकार हेमंत शर्मा और कैमरामैन राजा खान पर हुआ। हेमंत आरटीओ कार्यालय में लाइसेंस ट्रायल का कवरेज कर रहे थे। इसी दौरान बाबू अंकित चिंतामण और होमगार्ड सैनिक नरेंद्र चौहान ने कुछ बदमाशों को मौके पर बुलाया। करीब 20 हमलावरों ने हेमंत और राजा को घेरकर दूर ले जाकर बुरी तरह पीटा। इस दौरान राजा से कैमरा छीनकर तोड़ दिया गया।
सूचना मिलते ही इंदौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष दीपक कर्दम के नेतृत्व में करीब 50 पत्रकार तेजाजी नगर थाने पहुंचे और बाबू अंकित चिंतामण, नरेंद्र चौहान, विनोद, गजेंद्र, नितिन, शंकर प्रजापत, पवन सहित अन्य के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करवाई। पुलिस ने गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
हमले में घायल पत्रकार हेमंत शर्मा की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
‘समानांतर आरटीओ’ चलाने के आरोप
जानकारी के अनुसार हमले में शामिल बाबू अंकित चिंतामण पर पहले से ही आरटीओ परिसर में समानांतर कार्यालय चलाने के आरोप लगते रहे हैं। उसके गिरोह में शामिल युवक ठेके पर काम करने वाले एजन्ट बताए जा रहे हैं, जिनके आपराधिक तत्वों और गैंगस्टर सतीश भाऊ व युवराज से संबंध बताए जाते हैं। आरटीओ कार्यालय में अंकित का विशेष दबदबा होने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।
पोल खुलने की आशंका से बौखलाए आरटीओ कर्मचारियों ने News 24 के पत्रकार और उनकी टीम पर कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और भारी विरोध प्रदर्शन के दबाव में पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी। इंदौर पुलिस ने घटना के करीब आठ घंटे बाद सात नामजद आरोपियों समेत कई अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
आरटीओ कर्मियों के खिलाफ डकैती की धाराओं में केस दर्ज
इंदौर पुलिस ने न्यूज 24 की टीम पर हमला करने वाले आरटीओ से जुड़े आरोपियों पर डकैती की गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। जिन सात नामजद आरोपियों की पहचान हुई है, वे हैं—
- नरेन्द्र चौहान
- विनोद
- अंकित चिंतामन
- आरटीओ बाबू गजेन्द्र
- नितिन
- शंकर प्रजापत
- पवन
इसके अलावा, अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी मुकदमा कायम किया गया है।



