तेहरान ने एक ईरानी महिला पत्रकार को रिहा कर दिया है। उन्हें बीती जुलाई से उनके पत्रकार पति के साथ हिरासत में रखा गया था, जो वॉशिंगटन पोस्ट के लिए तेहरान में ब्यूरो चीफ के तौर पर कार्यरत थे।
वॉशिंगटन पोस्ट ने महिला के देवर के हवाले से खबर दी है कि पिछले सप्ताह के मध्य में यगनेह सलेही को जमानत पर रिहा कर दिया गया है। महिला सप्ताह के अंत में अमेरिका और ईरान की नागरिकता वाले अपने पति जेसन रेजैन से मिल सकती हैं। पत्रकार ने अपने भाई को बताया कि 2 महीने से अधिक समय तक जेल में रहने के बावजूद वे दोनों शारीरिक रूप से स्वस्थ हैं।
जेसन रेजैन को हाई ब्लड प्रेशर है जिसके लिए उन्हें रोजाना दवा लेनी पड़ती है। सलेही ने हिरासत पर चर्चा करने से मना कर दिया है। हिरासत में लिए जाने के बाद ईरान ने उनकी प्रेस मान्यता रद्द कर दी है। उनके परिवार ने एक बयान में कहा है कि यगनेह सलेही को जमानत पर रिहा करने को लेकर हम लोग शुक्रगुजार हैं।
उन्होंने कहा कि हमें पूरा भरोसा है कि जेसन ने कोई अपराध नहीं किया है। हम लोग ईरानी सरकार से अनुरोध करते हैं जेसन को भी रिहा कर दिया जाए।