हाल ही में फिल्ममेकर और पत्रकार प्रीतिश नंदी के निधन के बाद, अभिनेत्री नीना गुप्ता ने अनुपम खेर के इंस्टाग्राम पोस्ट पर टिप्पणी की, जिसमें उन्होंने लिखा, “नो आरआईपी। उन्होंने मेरी बेटी का बर्थ सर्टिफिकेट चुरा कर प्रकाशित किया। मेरे पास इसके सबूत हैं।” हालांकि, बाद में यह पोस्ट या तो नीना ने या अनुपम खेर ने हटा दिया।
1989 में, जब नीना ने अपनी बेटी मसाबा को जन्म दिया था, तब प्रीतिश नंदी ने द इलस्ट्रेटेड वीकली ऑफ इंडिया में मसाबा का बर्थ सर्टिफिकेट प्रकाशित किया था। उस समय इस मैगजीन के एडिटर-इन-चीफ नंदी थे। उस सर्टिफिकेट में यह खुलासा किया गया था कि वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर विवियन रिचर्ड्स मसाबा के पिता हैं, और यह बच्चा शादी के पहले पैदा हुआ था।
लेकिन अब वरिष्ठ पत्रकार एस बालाकृष्णन ने दावा किया है कि बर्थ सर्टिफिकेट उन्होंने हासिल किया था, न कि प्रीतिश नंदी ने। बालाकृष्णन ने बताया कि यह प्रीतिश नंदी का आइडिया जरूर था, लेकिन इसे अंजाम उन्होंने दिया।
बालाकृष्णन ने क्या कहा?
बालाकृष्णन ने कहा, “मैं द इलस्ट्रेटेड वीकली ऑफ इंडिया में सीनियर एसोसिएट एडिटर के तौर पर काम कर रहा था और सीधे प्रीतिश नंदी को रिपोर्ट करता था। उन्होंने मुझसे कहा कि उन्हें पक्का यकीन है कि मसाबा के पिता विवियन रिचर्ड्स हैं, लेकिन उनके पास कोई सबूत नहीं है। उन्होंने मुझसे कहा, ‘क्या तुम इसका सबूत जुटा सकते हो?’ मैं मान गया और काम में लग गया।
मैंने अंदाजा लगाया कि नीना गुप्ता जुहू में रहती थीं, इसलिए उनकी डिलीवरी जुहू के किसी मैटरनिटी होम में हुई होगी। मैंने अंधेरी के नगर निगम कार्यालय में जाकर वहां के एक कर्मचारी से बातचीत की। मैंने उनसे कहा कि मैं एक पत्रकार हूं और यह जानकारी एक सार्वजनिक उद्देश्य के लिए चाहिए क्योंकि नीना एक सेलिब्रिटी हैं और विवियन रिचर्ड्स एक अंतरराष्ट्रीय हस्ती। यह खबर पूरी दुनिया के लिए अहम है। उन्होंने सहयोग किया, और शुल्क चुकाने के बाद मुझे बर्थ सर्टिफिकेट की एक ज़ेरॉक्स कॉपी दी गई। इसमें स्पष्ट रूप से पिता के नाम के तौर पर विवियन रिचर्ड्स लिखा हुआ था।
मैंने वह सर्टिफिकेट प्रीतिश को दिया। वह बहुत खुश हुए और तुरंत यह खबर छाप दी। हालांकि, उन्होंने मुझे क्रेडिट नहीं दिया, जो मुझे मिलना चाहिए था। लेकिन मैं इस बात को लेकर कभी शिकायत नहीं करता।
मुझे यह जानकर बहुत दुख हुआ कि नीना गुप्ता प्रीतिश नंदी पर चोरी का आरोप लगा रही हैं और उनके लिए अपशब्दों का इस्तेमाल कर रही हैं। यह कहना बिल्कुल गलत है कि उन्होंने सर्टिफिकेट चुराया था। उन्होंने हाल ही में नंदी के लिए ‘नो आरआईपी’ जैसी बातें कहकर उनके प्रति अनादर दिखाया है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।”



