मीडिया जगत में एक बार फिर बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिले हैं। वरिष्ठ एंकरों, संपादकों और पत्रकारों की नई नियुक्तियों और इस्तीफों की खबरें सामने आई हैं।
नितिन धीमान ज़ी मीडिया में शामिल
पत्रकार नितिन धीमान ने Zee Media Corporation Limited में स्पेशल कॉरेस्पोंडेंट-कम-एंकर के रूप में नई पारी की शुरुआत की है। नितिन ने हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी से शिक्षा प्राप्त की है और इससे पहले MH1 News Punjab के लिए भी काम कर चुके हैं। मीडिया में उनकी यह नई जिम्मेदारी उनके करियर का अहम पड़ाव मानी जा रही है।
न्यूज इंडिया से सीनियर एंकर रचना बंसल का इस्तीफा
न्यूज इंडिया चैनल की सीनियर एंकर रचना बंसल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अगस्त 2025 में चैनल जॉइन किया था और आज उनका आखिरी कार्यदिवस रहा। इस मौके पर चैनल परिसर में एक विदाई समारोह (फेयरवेल पार्टी) का आयोजन किया गया, जिसमें चैनल के एंकर, स्टाफ और टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
खबर है कि राणा यशवंत के चैनल में आने के बाद से न्यूज इंडिया में हालात ठीक नहीं चल रहे हैं और इस्तीफों का सिलसिला लगातार जारी है। सूत्रों के मुताबिक, रचना बंसल जल्द ही एक बड़े मीडिया ग्रुप से जुड़ने जा रही हैं, जिसकी औपचारिक घोषणा वह स्वयं करेंगी।
रचना बंसल इससे पहले इंडिया न्यूज में लंबे समय तक सीनियर एंकर रहीं। उन्होंने TV100, A2Z News, India News और FM News में आउटपुट हेड जैसी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। इंडिया न्यूज में उनके शो ‘हम महिलाएं’ के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड (Best Social Issue Category) से भी सम्मानित किया जा चुका है। यह शो उनकी संवेदनशील एंकरिंग और मेहमानों के साथ संवाद की वजह से काफी चर्चित रहा।
MH1 न्यूज के संपादक प्रदीप विश्वकर्मा ने छोड़ा चैनल
MH1 News के संपादक प्रदीप विश्वकर्मा (UP) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस्तीफे के साथ एक भावुक संदेश भी साझा किया—
“MH1 के साथ सफर यहीं तक… सवा चार साल की दूसरी पारी भी शानदार रही। 2007 में लॉन्चिंग टीम का हिस्सा रहा और कुल मिलाकर सवा आठ साल का यह सफर यादगार रहा। फिर मुलाकात होगी नए मोड़ पर।”
HNN न्यूज में आशीष सिन्हा को मिली बड़ी जिम्मेदारी
HNN News Channel ने आशीष सिन्हा को एसोसिएट एडिटर नियुक्त किया है। आशीष इससे पहले India Daily 24×7 में लीगल एडिटर और सीनियर एंकर की भूमिका निभा रहे थे। वह 2014 से जुलाई 2024 तक India News से जुड़े रहे, जहां सीनियर एडिटर के साथ-साथ डिजिटल वर्टिकल ‘Legally Speaking’ की भी जिम्मेदारी संभाली।
हिंदी, भोजपुरी और अंग्रेजी भाषा पर समान पकड़ रखने वाले आशीष को देशभर में—उत्तर, दक्षिण, उत्तर-पूर्व और उत्तर-पश्चिम—न्यूज कवरेज का व्यापक अनुभव है। कानूनी मामलों पर उनकी विशेषज्ञता के चलते वह ITV नेटवर्क के कई वेंचर्स—The Delhi Guardian, Business Guardian, Sunday Guardian और Aaj Samaj—को भी लीगल कंटेंट उपलब्ध कराते रहे हैं।
उन्होंने पत्रकारिता में मास्टर करने के बाद 2008 में A2Z News से करियर शुरू किया था और फिर CNEB व ITV नेटवर्क के जरिए अपनी पहचान मजबूत की।


