पटियाला (पंजाब)। पंजाब के पटियाला में कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ पर कथित हमले के मामले में चार पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, इस घटना की जांच के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया गया है।
पटियाला के सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) नानक सिंह ने बताया कि जिन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनमें इंस्पेक्टर रॉनी सिंह, इंस्पेक्टर हरजिंदर ढिल्लों, इंस्पेक्टर हैरी बोपाराय और इंस्पेक्टर शामिंदर शामिल हैं। इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और इन्हें निलंबित करने के साथ-साथ राज्य से बाहर स्थानांतरित भी कर दिया गया है। बता दें कि यह मामला महज कार खड़ी करने और हटा लेने की बहस से शुरू हुआ जो मारपीट के बाद यहां तक आ पहुंचा।
SSP नानक सिंह ने कहा, “कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ और उनके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई गई है, जिसमें दो सशस्त्र पुलिसकर्मी शामिल हैं। SIT मामले की गहन जांच करेगी और जल्द से जल्द गिरफ्तारी भी की जाएगी।”
सरकार का आश्वासन
इस घटना को लेकर पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, “हमने SIT का गठन कर दिया है और जिन पुलिसकर्मियों के नाम सामने आए हैं, उन्हें तुरंत ट्रांसफर कर दिया गया है। किसी को भी जांच को प्रभावित करने का मौका नहीं मिलेगा। राज्य सरकार न्याय सुनिश्चित करेगी।”
पत्नी ने जताया न्याय का भरोसा
कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ की पत्नी जसबिंदर कौर बाठ ने कहा कि वह इस लड़ाई को न्याय मिलने तक जारी रखेंगी। उन्होंने कहा, “यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है, यह लोगों की लड़ाई है। मैं पंजाब के लिए लड़ूंगी और सभी को न्याय दिलाऊंगी।”
SIT करेगी निष्पक्ष जांच
ADGP एसपीएस परमार के नेतृत्व में गठित SIT में आईपीएस संदीप मलिक (एसएसपी, होशियारपुर) और पीपीएस मनप्रीत सिंह (एसपी, रूरल, एसएएस नगर) शामिल हैं। इस टीम को निर्देश दिया गया है कि वह दिन-प्रतिदिन जांच कर साक्ष्य जुटाए और कानूनी प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाए।
इसके अलावा, एडीजीपी सिक्योरिटी को कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ और उनके परिवार को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इस घटना ने पुलिसिया ज्यादती पर सवाल खड़े कर दिए हैं और इसे लेकर आम जनता और सामाजिक संगठनों में आक्रोश देखा जा रहा है। सभी की नजरें अब SIT की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।
देखें प्रकरण पर रेखा शर्मा का पत्र और घटना की सीसीटीवी फुटेज…

मामले से संबंधित खबर…
कर्नल और उसके बेटे की पिटाई का मामला गरमाया, मीडिया पर आरोप पुलिसवालों पर FIR, SIT करेगी जांच, देखें वीडियो



