उत्तर प्रदेश के सीतापुर में दैनिक जागरण के पत्रकार राघवेंद्र बाजपेई हत्याकांड को लेकर पूरे राज्य में विरोध और धरना प्रदर्शन हो रहा है। चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ हत्यारोपियों से खाली हैं। माफियाओं और अधिकारियों पर शक की सुई घूम रही है। एक दर्जन से ज्यादा लोगों से पूछताछ चल रही है। अब तक एक थानेदार को लाइन हाजिर और चौकी प्रभारी समेत 3 पुलिसवालों को निलंबित किया जा चुका है। पत्रकारों के साथ साथ जनता में भी नाराजगी पसर रही है। कल प्रदेश के तमाम जिलों में पत्रकारों ने विरोध दर्ज कराया। विरोध और प्रदर्शन की प्रक्रिया लगातार जारी है… नीचे पढ़ें
शक्ति ठाकुर-
हापुड़ | यूपी के हापुड़ में पत्रकारों ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एसोसिएशन के बैनर तले सीतापुर जिले में हुई पत्रकार राघवेंद्र वाजपेई की हत्या को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ के नाम डीएम व एसपी को ज्ञापन सौंपा है। सीतापुर में दिनदहाड़े हुई पत्रकार राघवेंद्र वाजपेई की हत्या से पत्रकारों में भारी रोष है।
इसे लेकर हापुड़ के पत्रकारों ने हापुड डीएम व एसपी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर मांग की है कि राघवेंद्र वाजपेई के हत्यारोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। साथ ही मृतक पत्रकार के परिजनों को 2 करोड़ की आर्थिक मदद दी जाए।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एसोसिएशन के अध्यक्ष शक्ति ठाकुर ने कहा कि मृतक पत्रकार राघवेंद्र वाजपेई की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए और पत्रकार के हत्यारोपियों की संपत्ति पर बुलडोजर की कार्रवाई की जाए। साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा के लिए सरकार को एक कानून बनाना चाहिए जिससे पत्रकार भय मुक्त होकर अपने काम को अंजाम दे सकें।

विशाल गुप्ता-
उन्नाव | यूपी के सीतापुर में दैनिक जागरण अखबार के पत्रकार राघवेन्द्र बाजपेई की दिनांक 8 मार्च 2025 को बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अज्ञात बदमाशों की अभी तक गिरफ्तारी भी नहीं हुई है।
हत्यारों ने राघवेन्द्र को ताबड़तोड़ कई गोलियां मारी। घटना में पत्रकार राघवेन्द्र की मौत हो गई। पत्रकार राघवेन्द्र बाजपेई सीतापुर जिले के महोली क्षेत्र के पत्रकार थे। पत्रकार राघवेन्द्र बाजपेई की हत्या से सभी पत्रकार साथी आहत हैं।

हत्या के विरोध में जर्नलिस्ट प्रेस क्लब एसोसिएशन उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेश कार्यालय राजधानी मार्ग से कैंडल मार्च निकाल कर हाथ में काली पट्टी बांधकर पत्रकारों ने विरोध किया। वहीं आनंद घाट पर सभी पत्रकार साथियों ने मृतक पत्रकार राघवेन्द्र बाजपेई को श्रद्धांजलि अर्पित कर मृतक पत्रकार की आत्मा को शांति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की और प्रदेश की योगी सरकार से मांग किया कि मृतक पत्रकार के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए जिससे परिवार का भरण पोषण हो सके क्योंकि मृतक पत्रकार ही अकेला अपने परिवार की आजीविका चलाता था। उसके भाई की भी मृत्यु हो चुकी है।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वाले में जर्नलिस्ट प्रेस क्लब एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष हरिओम गुप्ता प्रदेश महामंत्री नितिन वर्मा प्रदेश सलाहकार मुकेश झा, गोलू यादव, शोभित सिंह अश्वनी गौतम समेत तमाम पत्रकारगण उपस्थित रहे।
पंकज सहाय-
जालौन | सीतापुर के पत्रकार राघवेन्द्र बाजपेई की हत्या के विरोध में जालौन जिले से तहसील, मुख्यालय सभी जगह पत्रकारों ने विरोध दर्ज कराया। मौके पर मौजूद जालौन के दर्जनों पत्रकारों ने हत्याकांड के विरोध में अपनी सहभागिता और एकता दिखाई। पत्रकारों ने एक सुर में मीडियाकर्मियों के लिए सख्त कानून बनाकर लागू करने की मांग की है। इस मौके पर शहीद पत्रकार साथी अमर रहे के नारे भी लगाए गए।
ये भी पढ़ें…
पत्रकार हत्याकांड के ख़िलाफ़ हरदोई, फर्रूखाबाद, औरैया, अम्बेडकरनगर, बाराबंकी, महोबा और कासगंज में पत्रकारों का जोरदार प्रदर्शन, देखें वीडियो और तस्वीरें


