Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

वेब-सिनेमा

शब्दचर्चा (85) : VCK का पूरा नाम क्या है? TVK में कषगम है या कझगम?

नीरेंद्र नागर-

तमिलनाडु में काफ़ी सस्पेंस के बाद ऐक्टर विजय के नेतृत्व में एक मिलीजुली सरकार ने आज से राज्य की बागडोर सँभाल ली। जिन पार्टियों की तरफ़ से उन्हें समर्थन मिला है, उनमें INC, CPI(M), CPI, VCK और IUML हैं। मैं जान-बूझकर इन दलों के नाम आद्यक्षरों में लिख रहा हूँ। ताकि आप गिन सकें कि इनमें से कितने दलों के पूरे-पूरे नाम आप जानते हैं।

अगर आप राजनीतिक ख़बरों में रुचि लेते हैं तो इन पाँच दलों में से चार के पूरे-पूरे नाम आप अवश्य जानते होंगे लेकिन VCK का पूरा नाम आपको शायद ही मालूम हो। कारण, एक तो यह दक्षिण भारत की पार्टी है और दूसरे, ख़बरों में पहली बार आई है।

आज की शब्दचर्चा 85 में हम इसी VCK के पूरे नाम और अर्थ के बारे में जानेंगे। साथ ही तमिलनाडु की छह पार्टियों के नाम में आने वाले शब्द Kazhagam के सही उच्चारण का भी पता करेंगे।

VCK का पूरा नाम रोमन में इस तरह लिखा जाता है – Viduthalai Chiruthaigal Katchi । तमिल में इसका मतलब है मुक्ति चीतों का दल। लेकिन इसे हिंदी में लिखेंगे कैसे? विडु या विदु? थलै, तलै या दलै? चिरुथैगल, चिरुतैगल या चिरुदैगल? कच्ची, कट्ची या काट्ची?

आदर्श पत्रकारिता का नियम यह है कि किसी ख़बर में अगर अब्रीविएशन का प्रयोग हो तो उसका पूरा रूप भी उसी ख़बर में हो और वह भी शुरू में। लेकिन हिंदी मीडिया ख़बरों में पूरा नाम लिखने से बचता है, ख़ासकर तब जब उसे नाम का सही उच्चारण और स्पेलिंग न मालूम हो। इसीलिए सभी इसे VCK या वीसीके लिखकर काम चला रहे हैं। लेकिन समाचार एजंसी भाषा की एक स्टोरी में मुझे विदुथालाई चिरुथैगल कच्ची मिला।

क्या यह सही उच्चारण है? आइए, जानते हैं।

पहले Viduthalai (விடுதலை) की बात करते हैं जिसका अर्थ है मुक्ति (Liberation)। स्पेलिंग के हिसाब से इसका सही हिंदी लिप्यंतर होगा विडुदलै हालाँकि जब मैंने यूट्यूब के दो विडियो में इसका उच्चारण सुना तो मुझे विड़ुदलै जैसा सुनाई दिया। इनमें से एक विडियो VCK पार्टी के बारे में है तो दूसरे में Viduthalai नामक मूवी की बात की जा रही थी। आप भी चाहें तो ऊपर दिए गए लिंक्स पर क्लिक या टैप करके उच्चारण सुन सकते हैं।

अब अगला शब्द। Chiruthaigal (சிறுத்தைகள்)। इसकी रोमन स्पेलिंग में CH है लेकिन इसका उच्चारण होगा सिरुत्तैगल, न कि चिरुथैगल। चीते को तमिल में सिरुत्तै (சிறுத்தை) कहा जाता है। यहाँ बहुवचन है इसलिए सिरुत्तैगल।

अंतिम शब्द Katchi (கட்சி) जिसका मतलब है दल। उसका उच्चारण है कट्चि

जाने से पहले बता दूँ कि सिरुत्तैगल (சிறுத்தைகள்) के अंत में जो ‘ल’ है, उसका उच्चारण हिंदी के ‘ल’ जैसा नहीं, बल्कि मराठी के ‘ळ’ जैसा है। वही ‘ळ’ जो तिळक (लोकमान्य तिलक) में है और जिसे हम हिंदी में ‘ल’ ही लिखते हैं।

इसके अलावा तमिल में एक और ऴ है जो तमिल (தமிழ்) शब्द में ही है। उसमें भी हम ‘ल’ ही लिखते हैं।

यानी तमिल में ‘ल’ जैसी तीन ध्वनियाँ हैं और उनको लिखने के लिए तीन वर्ण हैं – ல (ल), ழ (ऴ) और ள (ळ)। सिरुत्तैगल (சிறுத்தைகள்) के अंत में ள (ळ) है और तमिल (தமிழ்) शब्द में अंत में ழ (ऴ) है।

लेकिन हिंदी में हम इन तीनों ध्वनियों को एक जैसा लिखते हैं – ल।

इसमें कोई बुराई नहीं है। जब किसी भाषा में कोई ध्वनि और उस ध्वनि को दर्शाने के लिए वर्ण नहीं है तो वैसी ध्वनियों को दर्शाने के लिए वह उन्हीं वर्णों का सहारा लेगी जो उसके पास हैं।

यहाँ तक तो ठीक है।

लेकिन हैरानी की बात यह है कि தமிழ் को तो हम तमिल लिखते हैं लेकिन यही ழ (ऴ) जब किसी और शब्द में आता है जैसे कि Kazhagam (கழகம்) तो हिंदी में कोई उसे कषगम लिख रहा है, कोई कझगम और कोई कड़गम। भाई, जब तमिल (தமிழ்) के मामले में हम सब ழ (ऴ) को ‘ल’ लिख रहे हैं तो Kazhagam (கழகம்) के मामले में भी ழ (ऴ) को ‘ल’ लिखा जाना चाहिए।

परंतु नहीं लिखा जाता। कारण यह कि हिंदीतर शब्दों के लिप्यंतर के मामले में हम पूरी तरह अंग्रेज़ी स्पेलिंग पर निर्भर करते हैं। TAMIL (தமிழ்) के अंत में L है तो हम हिंदी वालों ने उसे तमिल लिख दिया (पहले तामिल लिखते थे) लेकिन KAZHAGAM (கழகம்) में उसी ध्वनि के लिए ZH है तो कोई ‘ष’ लिख रहे हैं, कोई ‘झ’ और कोई ‘ड़’।

अगर मेरी राय पूछें तो Kazhagam (கழகம்) का निकटतम उच्चारण और लिप्यंतर कड़गम होगा, न कि कषगम या कझगम।

तमिलनाडु की 6 पार्टियों के नाम में यही कड़गम शब्द है – DMK, AIADMK, TVK, DMDK, AMMK और MDMK.

इसी तरह कट्चि भी चार दलों के नाम का हिस्सा है – VCK, PMK, NTK और TVK(M)।

पिछली शब्दचर्चा…

शब्दचर्चा 84 : ऐक्टर विजय – थलपति या थलापति? या कुछ और?

Pahad Ki Dada: Hill Mail Uttarakhand
CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन