वॉशिंगटन पोस्ट के मालिक और अमेज़न (Amazon) के संस्थापक जेफ बेजोस द्वारा अखबार के ओपिनियन सेक्शन (संपादकीय पृष्ठ) में किए गए बदलाव को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बेजोस ने घोषणा की है कि अब से उनका अखबार “व्यक्तिगत स्वतंत्रता” और “मुक्त बाजार” के सिद्धांतों की रक्षा करेगा।
संपादकीय स्वतंत्रता पर ‘बड़ा दखल’
इस फैसले के विरोध में अखबार के ओपिनियन एडिटर डेविड शिपली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वहीं, कई अन्य पत्रकार भी नाराज हैं और खुलकर विरोध जता रहे हैं।
अखबार के प्रमुख अर्थशास्त्र रिपोर्टर जेफ स्टीन ने इसे “बड़ा अतिक्रमण” करार दिया और चेतावनी दी कि यदि बेजोस ने समाचार रिपोर्टिंग में दखल दिया तो वह इस्तीफा दे देंगे।
स्टीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “आज वॉशिंगटन पोस्ट के ओपिनियन सेक्शन में जेफ बेजोस का बड़ा दखल किया है। इससे स्पष्ट हो गया है कि यहां अब असहमति वाले विचार प्रकाशित नहीं किए जाएंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “फिलहाल खबरों की कवरेज में कोई हस्तक्षेप नहीं हुआ है, लेकिन यदि बेजोस ने न्यूज़ सेक्शन में दखल देने की कोशिश की, तो मैं तुरंत इस्तीफा दे दूंगा और आपको इसकी जानकारी दूंगा।”
अन्य पत्रकारों की भी कड़ी प्रतिक्रिया
पोस्ट के वीडियो प्रोड्यूसर डेव जोर्गेनसन ने भी विरोध जताते हुए कहा कि अगर समाचार कवरेज में हस्तक्षेप हुआ तो वे भी इस्तीफा दे देंगे।
जोर्गेनसन ने TikTok वीडियो में कहा, “अगर बेजोस मेरी न्यूज़ रिपोर्टिंग में हस्तक्षेप करते हैं, तो मैं भी बाहर हूं।”
400 से अधिक पत्रकारों ने जताई नाराजगी
यह विवाद तब सामने आया है जब कुछ हफ्ते पहले ही 400 से अधिक वॉशिंगटन पोस्ट पत्रकारों ने एक याचिका पर हस्ताक्षर कर जेफ बेजोस से अखबार के कार्यालय आने और कर्मचारियों का विश्वास बहाल करने की मांग की थी।

अखबार के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, यह नीति बदलाव वॉशिंगटन पोस्ट के कर्मचारियों को पसंद नहीं आया है और न्यूज़रूम में इसे लेकर जबरदस्त असंतोष है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह विरोध आगे और बड़ा रूप लेगा या फिर बेजोस अपने फैसले पर अडिग रहेंगे।
ये भी पढ़ें…
वॉशिंगटन पोस्ट में बड़ा बदलाव, जेफ बेजोस के फैसले से चिढ़े संपादक का इस्तीफा!


