
प्रभात खबर के धनबाद संस्करण की 25वीं वर्षगांठ पर प्रभात गौरव सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. धनबाद के न्यू टाउन हॉल में बोकारो, धनबाद और गिरिडीह की 24 महत्वपूर्ण हस्तियों को सम्मानित किया गया. सम्मानित होने वालों में खेल, सिनेमा, थियेटर, पर्यावरण. कला, शिक्षा जगत के लोग शामिल रहे.
प्रभात खबर के चीफ एडिटर आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि, अखबार के असली मालिक उसके पाठक होते हैं. पाठकों का विश्वास और स्नेह पाने वाला अखबार ही निरंतर प्रगति करता है. उन्होंने कहा कि रांची में 40 साल पहले छोटे स्तर पर शुरू हुआ प्रभात खबर आज देश के दस सबसे बड़े अखबारों में शामिल है. आज यह झारखंड का नंबर एक अखबार है, जिसके पाठकों की संख्या एक करोड़ से अधिक है.
कार्यक्रम में प्रभात खबर के कार्यकारी निदेशक आर के दत्ता ने कहा कि, प्रभात खबर के धनबाद संस्करण ने अपना सफर 25 साल पहले जेसी मल्लिक रोड से शुरू किया था. आठ पनने के अखबार से इसकी शुरूआत हुई थी. उस वक्त क्राइम की खबरों को प्राथमिकता दी जाती थी. तब हमने तय किया कि जनसरोकार की पत्रकारिता को आगे बढ़ाएंगे. हमारी इस शैली को पाठकों का भरपूर साथ मिला.
इस मौके पर ग्रामीण विकास मंत्री डॉ इरफान ने अखबार के 25वीं वर्षगांठ की बधाई देकर कहा कि, प्रभात खबर झारखंड का प्रमुख अखबार है. इसने पत्रकारिता के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई है. सूबे को ऐसी प्रतिभाओं को राज्य सरकार से सहयोग दिलाने के लिए मैं व्यक्तिगत तौर पर पहल करूंगा. राज्य के विकास में धनबाद की भूमिका काफी अहम है. धनबाद कोयला उत्पादन में महत्वपूर्ण स्थान रखता है. धनबाद झारखंड का गौरव है, जिसे यह स्थान दिलाने में प्रभात खबर ने अहम भूमिका निभाई है.
धनबाद की उपायुक्त माधवी मिश्रा और एसएसपी धनबाद एचपी जनार्दनन ने प्रभात खबर के इस प्रयास को सराहनीय पहल बताते हुए अखबार की पूरी टीम को बधाई दी.
अखबार के रजत जयंती समारोह में इंडियन आइडल सीजन-12 के विनर पवनदीप राजन ने अपनी आवाज का जादू बिखेरकर समा बांध दिया. केसरिया तेरा इश्क…आज मौसम बड़ा बेईमान है बड़ा…आज फिर तुम पर प्यार आया है और जो भेजी थी दुआ जैसे गाने गाकर पवनदीप ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया.
इससे पहले कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभात खबर के प्रधान संपादक आशुतोष चतुर्वेदी, कार्यकारी निदेशक आर के दत्ता और वाइस प्रेसिडेंट विजय बहादुर दीप जलाकर किया. चीफ गेस्ट राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री डॉ इरफान अंसारी व विशिष्ट अतिथि उपायुक्त माधवी मिश्रा और एसएसपी एचपी जनार्दनन रहे. इसके अलावा प्रसार हेड सौविक सरकार और आईटी हेड आरके अधिकारी के अलावा प्रभात खबर धनबाद की पूरी टीम मौके पर मौजूद रही.


