रोहतक। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को रोहतक पहुंचे। उन्होंने हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के वार्षिक अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के राधाकृष्णन सभागार में हुए इस अधिवेशन के दौरान प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा व पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर भी मौजूद रहे। पत्रकारों की मांगो के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इस बारे में विचार कर लागू करने का काम करेंगे। जबकि पत्रकारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा से संबंधित नोटिफिकेशन जल्द ही जारी किया जाएगा। यह सुविधा लागू के बाद पत्रकारों को निजी अस्पतालों में निःशुल्क कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन कथूरिया ने मुख्यमंत्री से मांग की कि महाराष्ट्र की तर्ज पर हरियाणा के पत्रकारों को 20 हजार रुपए मासिक पेंशन दी जाए। वर्तमान में 60 वर्ष से अधिक आयु के पत्रकारों को हरियाणा में 15 हजार रुपए प्रति माह पेंशन दी जा रही है।
समारोह के दौरान अपने संबोधन में नायब सिंह सैनी हिंदी पत्रकारिता दिवस के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में पत्रकारों की अहम भूमिका रही है। उन्होंने प्रथम हिंदी समाचार पत्र उदन्त मार्तण्ड का प्रकाशन करने वाले पंडित जुगल किशोर शुक्ल के साथ-साथ गणेश शंकर विद्यार्थी, गंगाधर तिलक, भगत सिंह, पंडित नेकीराम शमा्र, पंडित श्रीराम शर्मा को भी याद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युग सूचना का युग है। ऐसे में पत्रकार सचेत, सतर्क रहते हुए सत्य और निडरता के साथ लोकतंत्र को मजबूत करने का काम करें। यह समय सोशल मीडिया का है, जिसकी वजह से क्रांतिकारी बदलाव हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारिता आज अनेक समस्याओं से जूझ रही है। जिसमें सबसे प्रमुख फेक न्यूज का मुद्दा है, जो पत्रकारिता पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने नैतिक पत्रकारिता किए जाने पर जोर दिया। नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में पत्रकारों के लिए मीडिया फ्रेंडली माहौल है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के समय बदलाव शुरू हुआ और अब भी जारी है। प्रदेश सरकार ने पत्रकारों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं।
पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की पत्रकारों को लेकर यह दूरगामी सोच थी, जिसके चलते पत्रकारों की पेंशन हरियाणा राज्य में शुरू की गई। वे पत्रकारों का दर्द समझते थे और अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की सोच के चलते मनोहर लाल ने पत्रकारों के हित में पत्रकारों की पेंशन के अलावा हर जिले में मीडिया सेंटर का निर्माण किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी पत्रकारों के हितों को लेकर संजीदा तरीके से कार्य कर रहे हैं।
(फोटो कैप्शनः रोहतक में हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के वार्षिक अधिवेशन के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। साथ खड़े हैं यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन कथूरिया।)


