मुंबई: टाइम्स ऑफ इंडिया समूह ने एक बहुप्रतीक्षित फैसले में ‘मुंबई मिरर’ को फिर से दैनिक अख़बार के रूप में लॉन्च करने का ऐलान किया है। भड़ास4मीडिया को मिले इनपुट के अनुसार, नया संस्करण सोमवार, 9 जून 2025 से मुंबई की गलियों और अड्डों तक पहुंचने लगा है। कोरोना महामारी के दौरान दिसंबर 2020 में यह अख़बार साप्ताहिक में तब्दील हो गया था। अब यह फिर से सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगा — सोमवार से रविवार तक।
‘मुंबई मिरर’ अपने बेबाक, निडर और पूरी तरह मुंबई केंद्रित पत्रकारिता के लिए पहचाना जाता है। इसकी वापसी का मकसद शहर के पाठकों को एक बार फिर वही स्थानीय खबरों का तीखा और प्रामाणिक स्वाद देना है, जिसे वे वर्षों से पसंद करते आए हैं।
बेननेट, कोलमैन एंड कंपनी लिमिटेड के सीईओ और कार्यकारी निदेशक शिवकुमार सुंदरम ने कहा- “मुंबई मिरर सिर्फ एक अख़बार नहीं, ये शहर की पहचान है — उसका स्वैग, उसकी आत्मा और उसकी आवाज़। जब यह रुका था, तब भी लोगों का प्यार कम नहीं हुआ। हमारे शोध में साफ है कि युवा मुंबईकर अब भी भरोसेमंद, स्थानीय खबरों की तलाश में हैं — और वह भरोसा उन्हें प्रिंट में मिलता है।”
अख़बार का यह नया संस्करण पहले से ज्यादा धारदार, बोल्ड और जमीनी होगा। इसमें गहराई से की गई रिपोर्टिंग, तेज तर्रार विश्लेषण और ‘मुंबई का तड़का’ बरकरार रहेगा। पुराने लोकप्रिय कॉलम जैसे सेक्स एडवाइस और गॉसिप सेक्शन को अब नए दौर के हिसाब से और दिलचस्प अंदाज़ में पेश किया जाएगा।
सुरिंदर चावला, प्रेसिडेंट (रिस्पॉन्स), बीसीसीएल ने इसे विज्ञापनदाताओं के लिए भी एक बड़ा अवसर बताया।
“मुंबई मिरर की वापसी सिर्फ पाठकों के लिए नहीं, ब्रांड्स के लिए भी गेम-चेंजर साबित होगी। शहर की गहराई तक पहुंच रखने वाले इस अख़बार के जरिए कंपनियां सीधे मुंबईकरों के दिल और घर तक पहुंच सकती हैं।”
मुंबई मिरर की शुरुआत 2005 में हुई थी, और तब से यह शहर की सिविक समस्याओं, लोकल मुद्दों और सांस्कृतिक हलचलों की आवाज़ बन चुका था। अब जब यह फिर से पूरी रफ्तार में लौटा है, तो टाइम्स ग्रुप के प्रिंट पोर्टफोलियो को नई ऊर्जा और शहर के पाठकों से जुड़ाव को और मज़बूती मिलेगी।
इस बार वितरण पर खास फोकस करते हुए अख़बार को सेंट्रल मुंबई, बांद्रा, अंधेरी और वेस्टर्न सबर्ब्स जैसे अहम इलाकों में विशेष तौर पर फैलाया जाएगा।


