गाजीपुर- देश के महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और युगदृष्टा स्वामी सहजानंद सरस्वती की 75वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज गाजीपुर में एक भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस खास मौके पर भारत एक्सप्रेस के चेयरमैन, मैनेजिंग डायरेक्टर और एडिटर-इन-चीफ (सीएमडी) उपेंद्र राय भी मौजूद रहे. इस दौरान सीएमडी उपेन्द्र राय का माल्यार्पण और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया.
इस अवसर पर सीएमडी उपेंद्र राय ने अपने विचार साझा करते हुए देश में जाति और धार्मिक भेदभाव पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि हमारे देश में 38 लाख जातियां और साढ़े तीन लाख धर्म-संप्रदाय हैं. इतनी विविधता अगर ताकत बनती, तो बात अलग थी, लेकिन आज यह भेदभाव का आधार बन चुकी है. जब तक इन दीवारों को नहीं तोड़ा जाएगा, समग्र विकास मुमकिन नहीं है.
सीएमडी उपेंद्र राय ने यह भी कहा कि “आज भारत को फिर से एक धार्मिक परिवर्तन की ज़रूरत है, जो जाति और कर्मकांडों से मुक्ति दिलाए.”
उन्होंने स्वामी सहजानंद सरस्वती की कविता का उल्लेख करते हुए कहा कि-


“मंदिर, मस्जिद, गिरजाघर ये जगमग-जगमग करते हैं,
और इबादत करने वाले भूखे-नंगे मरते हैं.
जो अन्न-वस्त्र उपजाएंगे, सो कानून बनाएंगे.
ये भारतवर्ष उसी का है, शासन वही चलाएगा.”
सीएमडी उपेंद्र राय ने कहा कि ये पंक्तियां आज भी उतनी ही सच हैं, जितनी उनके समय में थीं.
सीएमडी उपेंद्र राय ने महात्मा बुद्ध का उदाहरण देते हुए कहा कि “बुद्ध ने ईश्वर को नहीं माना, लेकिन कर्मों में भरोसा किया. उन्होंने बताया कि हमारे कर्मों का प्रभाव हमारी आत्मा पर रहता है, जैसे किसी कमरे में पानी गिर जाए तो उसके निशान रह जाते हैं. उन्होंने आगे कहा कि अगर हम अपने कर्मों को सुधारें तो धर्म भी सुधरेगा, समाज भी और देश भी.”
सीएमडी उपेंद्र राय ने स्वामी सहजानंद के विचारों को देश को जाति के जंजाल से बाहर निकालने का एक मात्र साधन बताया. उन्होंने कहा कि “स्वामी सहजानंद सरस्वती सिर्फ एक स्वतंत्रता सेनानी नहीं थे, वे एक युग प्रवर्तक थे. उनका अध्ययन बुद्ध, महावीर और विवेकानंद जैसे विचारकों के समकक्ष था.”
उन्होंने जोर देकर कहा कि “भूमिहार समाज में स्वामी जी जैसा कोई दूसरा नहीं हुआ. उनके विचार आज भी उतने ही सशक्त हैं, जितने तब थे. अगर भारत को जातियों के जाल से निकालना है, तो हमें स्वामी जी के विचारों की ओर लौटना होगा.”
कार्यक्रम के पश्चात भारत एक्सप्रेस के सीएमडी उपेंद्र राय ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में भी शामिल हुए, जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ. कार्यक्रम में पहुंचकर सीएमडी उपेंद्र राय ने भगवान परशुराम, स्वामी सहजानंद सरस्वती और प्रसिद्ध पहलवान मंगला राय की तस्वीर पर पुष्प अर्पित की.
इस अवसर पर सीएमडी उपेन्द्र राय ने स्थानीय समुदाय के सहयोग की सराहना की और सांस्कृतिक विरासत को संजोने के प्रयासों में योगदान देने की बात कही.


