कश्मीर की जमीनी हकीकत को राष्ट्रीय मंच पर लाने वाले वरिष्ठ पत्रकार इरफान कुरैशी ने TV9 नेटवर्क से अपना छह साल का सफल और प्रभावशाली कार्यकाल समाप्त कर दिया है। वे 2019 से टीवी9 भारतवर्ष के कश्मीर ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत थे। इस दौरान उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने से लेकर LOC पर संघर्ष, आतंकी हमलों, मानवाधिकार और G20 समिट जैसी दर्जनों बड़ी घटनाओं की निष्पक्ष और गहन रिपोर्टिंग की।
कुरैशी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “TV9 के साथ मेरी 6+ वर्षों की यात्रा अद्भुत रही। टीम, संपादकों और दर्शकों का आभार। फिलहाल भविष्य की योजनाओं पर बात करना जल्दबाज़ी होगी।”
डेलिना (बारामूला), कश्मीर के रहने वाले इरफान ने पत्रकारिता की शुरुआत 2009 में कश्मीर टाइम्स से की थी। इसके बाद डे एंड नाइट न्यूज़, The Quint, The Citizen, The Hoot, ETV भारत जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया। उनके पास 15 वर्षों का प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया अनुभव है।
पंजाबी मीडिया का जाना-पहचाना नाम पंकज कपाही ने न्यूज़18 से विदाई लेकर लिविंग इंडिया न्यूज में बतौर पॉलिटिकल एडिटर नई पारी की शुरुआत की है। वे न्यूज़18 में असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर पद पर कार्यरत थे और लंबे समय तक पंजाब की राजनीति की रिपोर्टिंग करते रहे हैं।
कपाही ने 2010 से 2017 तक ज़ी मीडिया में दिल्ली से कार्य किया, जहां वे पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और संसद की राजनीति पर रिपोर्ट करते रहे। 2017 में न्यूज18 से जुड़े और 2020 से चंडीगढ़ में पंजाब सरकार और राजनीतिक घटनाओं को कवर किया। उन्होंने किसान आंदोलन, दिल्ली दंगे और कोविड-19 जैसी बड़ी घटनाओं की ग्राउंड रिपोर्टिंग की है।
वे 2012, 2017 और 2022 के पंजाब विधानसभा चुनावों और 2014, 2019, 2024 के लोकसभा चुनावों की भी रिपोर्टिंग कर चुके हैं। साथ ही राहुल गांधी, भगवंत मान, कैप्टन अमरिंदर, बादल परिवार सहित कई दिग्गज नेताओं का साक्षात्कार ले चुके हैं।


