खेल पत्रकार अश्विन मिश्रा ने आईटीवी नेटवर्क के प्रतिष्ठित डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘इंडिया न्यूज – Cricit’ से विदा ले ली है। उन्होंने अप्रैल 2024 में बतौर मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर अपनी पारी शुरू की थी और अब उन्होंने अपने सफल कार्यकाल को सम्मानपूर्वक विराम दे दिया है।
अपने डेढ़ साल के सफर में अश्विन ने खेल पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने 50 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के इंटरव्यू किए, जिनमें सुनील गावस्कर, कपिल देव, मुथैया मुरलीधरन, हर्शल गिब्स, रॉस टेलर, जेसी रायडर जैसे दिग्गज और सुरेश रैना, इरफान पठान, मोहम्मद सिराज, मनोज तिवारी, पियूष चावला जैसे भारतीय क्रिकेटर शामिल हैं।
क्रिकेट के अलावा अश्विन ने नीरज चोपड़ा, पीवी सिंधु, मनु भाकर, दीपा कर्माकर और डी गुकेश जैसे ओलंपियन खिलाड़ियों से भी संवाद किया। हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह, साथ ही पीआर श्रीजेश, हार्दिक सिंह और गुरमीत सिंह जैसे खिलाड़ियों के साथ भी उनकी विशेष बातचीत चर्चा में रही।
उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की कवरेज की, जिनमें शामिल हैं:
- भारत का पहला Kho-Kho वर्ल्ड कप
- नेशनल गेम्स 2025
- T20 वर्ल्ड कप 2024, IPL 2024 व 2025, चैम्पियंस ट्रॉफी 2025
- महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप
- पेरिस ओलंपिक 2024 की तैयारियों पर ग्राउंड रिपोर्ट
- साथ ही बैडमिंटन, टेनिस, हैंडबॉल और प्रो कबड्डी जैसे खेलों की भी व्यापक रिपोर्टिंग की।
इस्तीफे में अश्विन ने लिखा, “इंडिया न्यूज में काम करना मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि एक मिशन रहा। यहां मुझे पत्रकारिता की आजादी और सहयोग का जो माहौल मिला, वह किसी भी युवा पत्रकार के लिए प्रेरणादायक है। मैं नितिन सर, करण सर और ऐश्वर्या मैम का विशेष आभार व्यक्त करता हूं, जिनके मार्गदर्शन और भरोसे से यह सफर संभव हो सका।”
इंडिया न्यूज से पहले, अश्विन मिश्रा ‘इंडिया अहेड न्यूज’ में मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत थे, जहां उन्होंने ‘IPL का महाकुंभ’ शो की एंकरिंग की थी और लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान कई प्रमुख सीटों से ग्राउंड रिपोर्टिंग की।
मीडिया जगत में पांच वर्षों से अधिक अनुभव रखने वाले अश्विन, इससे पहले ‘हिंदी खबर’, ‘भारत लाइव 24’, ‘पत्रिका’, ‘जी न्यूज’, ‘न्यूज़18 इंडिया’ और ‘दैनिक भास्कर’ जैसे प्रमुख संस्थानों में भी काम कर चुके हैं।
शैक्षणिक रूप से उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय (नोएडा) से पत्रकारिता में परास्नातक किया है। साथ ही इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से LLB और राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से MSW की डिग्री प्राप्त की है।
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से ताल्लुक रखने वाले अश्विन मिश्रा की पहचान एक मेहनती, बहुपरिसर संवाददाता के रूप में है। उनकी आगे की पारी को लेकर मीडिया जगत में उत्सुकता बनी हुई है।


