अविनाश मिश्रा ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत Waves OTT में ब्रॉडकास्टिंग एग्जीक्यूटिव के पद पर नई पारी की शुरुआत की है। अविनाश मिश्रा ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (IIMC) से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। मंत्रालय से जुड़े इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उनकी भूमिका कंटेंट और ब्रॉडकास्टिंग से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में होगी।
वहीं, राम मोहन मिश्रा ने Network18 Media & Investments Limited में सीनियर सब एडिटर (ऑटो/टेक) के रूप में जॉइन किया है। राम मोहन मिश्रा ने इस मौके पर Network18 प्रबंधन का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए चुने जाने पर गर्व है। उन्होंने ऑटो और टेक्नोलॉजी से जुड़ी प्रभावशाली और तथ्यपरक खबरों पर काम करने की प्रतिबद्धता भी जताई।
उघर, युवा पत्रकार प्रिंसी शर्मा ने इंडिया डेली लाइव से विदा ले ली है। इसके साथ ही उन्होंने हमेशा के लिए जर्नलिज्म फील्ड से एग्जिट करने का फैसला भी लिया है। इसके पीछे का कारण पत्रकार हेमराज चौहान ने लिंक्डइन पोस्ट पर लिखा है-
मीडिया में काम करने का युवाओं में भारी क्रेज है. लाखों रुपये फीस देकर मास कम्यूनिकेशन करने के बाद जब नौकरी करने की बारी आती है तब उन्हें एहसास होता है कि कितनी बड़ी गलती वो कर रहे हैं. इस फील्ड में न पैसा है न सामाजिक सुरक्षा. लाखों लोग डिग्री-डिप्लोमा लेकर निकल रहे हैं. नौकरियों के अवसर काफी कम है. ऐसे में अगर मौका मिल भी रहा है तो सैलरी बहुत कम है.
मैं हमेशा ऐसे लोगों से कहता हूं जर्नलिज्म का फील्ड जितनी जल्दी छोड़ सको उतना बेहतर खास कर मैनस्ट्रीम मीडिया. इसके अलावा PR,कॉरपोरेट या फिर मल्टीनेशनल कंपनियों में कटेंट में काम कर रहे हैं तो स्थितियां तब भी बेहतर है. AI के आने के बाद तो स्थितियां और खराब हुई है. मेरी टीम की इस सबसे जूनियर सदस्य Princy Sharma ने आज जब मुझे बताया कि वो रिजाइन दे रही है और मैनस्ट्रीम मीडिया को हमेशा के लिए अलविदा कह रही है तो मुझे दिल से बहुत खुशी हुई.
बहुत मेहनती लड़की थी लेकिन सैलरी इतनी कम थी कि मुझे कई बार बहुत बुरा लगता था. मुंबई से दिल्ली-एनसीआर में आकर इतनी कम सैलरी में काम करना बहुत कठिन है. कई बार पूछता था कि कैसे कर लेती हो. वो बस मुस्कुरा देती थी.
खैर आज जब लंबी बीमारी के बाद ऑफिस लौटा तो रिजाइन देने की उसकी खुशी देखने लायक थी. कुछ देर के लिए मैं अपने सारे दुख भूल गया. सही समय पर तुमने सही फैसला लिया है प्रिंसी. मुझे यकीन है कि जहां तुम जा रही हो वहां बहुत बेहतर करोगी. तुम्हारे अंदर वो आग और समपर्ण दोनों हैं. नई पारी की तहे दिल से शुभकामनाएं.


