गिरिडीह (झारखंड)। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के घोषित परिणामों में झारखंड के गिरिडीह जिले के करण सेठ ने शानदार सफलता हासिल की है। करण ने अखिल भारतीय स्तर पर 333वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने जिले बल्कि माहुरी वैश्य समाज का भी नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गिरिडीह और आसपास के इलाकों में खुशी का माहौल है और लोग लगातार उन्हें बधाई दे रहे हैं।
व्यवसायी पिता के बेटे हैं करण
मूल रूप से जमुआ प्रखंड के चुंगलो गांव के रहने वाले करण सेठ फिलहाल गिरिडीह के पचम्बा में अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह रणजीत कुमार गुप्ता और सरिता गुप्ता के पुत्र हैं। उनके पिता रणजीत कुमार गुप्ता पेशे से व्यवसायी हैं। जैसे ही यूपीएससी का परिणाम घोषित हुआ और करण की सफलता की खबर सामने आई, परिवार और रिश्तेदारों के बीच खुशी और जश्न का माहौल बन गया।
गिरिडीह में हुई प्रारंभिक पढ़ाई
करण सेठ की प्रारंभिक शिक्षा गिरिडीह में ही हुई। बचपन से ही वे पढ़ाई में मेधावी रहे और अपने लक्ष्य को लेकर काफी गंभीर थे। स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने उच्च शिक्षा हासिल की और इसके बाद देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में मानी जाने वाली यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए दिल्ली का रुख किया।
पहले ही प्रयास में हासिल की सफलता
दिल्ली में उन्होंने पूरी लगन, अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ तैयारी की। इसी मेहनत का नतीजा रहा कि करण ने पहले ही प्रयास में यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर ली। उनकी इस उपलब्धि को गिरिडीह जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
पत्रकारिता की भी पढ़ाई
करण सेठ ने आईआईएमसी (इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन) से रेडियो और टीवी पत्रकारिता में डिग्री भी हासिल की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करण की इस सफलता से क्षेत्र के युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी और वे भी बड़े लक्ष्य तय कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित होंगे।
गोविंद सिंह-

इनमें से मेरे दाहिने खड़ा भूरे रंग की टीशर्ट वाला लड़का करन सेठ है, जिसने पहले ही प्रयास में देश की सबसे महत्त्वपूर्ण परीक्षा भारतीय प्रशासनिक सेवा पास कर ली है। उसे 333वीं रैंक मिली है। वह IIMC के रेडियो टीवी पत्रकारिता के 2022-23 बैच का विद्यार्थी है।
यह बैच मेरे जीवन का सर्वश्रेष्ठ बैच था। और करन उस बैच का एक बेहतरीन विद्यार्थी। बधाई हो करन, तुमने हम सबका भाल गर्व से ऊंचा कर दिया है।


