नीरेंद्र नागर-
चुनाव चाहे EVM से हो या मतपत्रों से, जिसको बेईमानी से चुनाव जीतना है, वह उसकी व्यवस्था कर ही लेता है। जैसे हाल के राज्यसभा चुनावों में मतपत्रों से वोटिंग हुई लेकिन बीजेपी ने विपक्ष के कई विधायकों से क्रॉस वोटिंग करवा ली। हरियाणा में कांग्रेस के चार विधायकों के मतपत्र भी रद्द हुए।
मतपत्र को अंग्रेज़ी में Ballot Paper कहा जाता है और हिंदी मीडिया अपनी ख़बरों में मतपत्र और Ballot Paper दोनों का प्रयोग करता है। लेकिन Ballot Paper को वह दो तरह से लिखता है। बैलेट पेपर और बैलट पेपर।
आज की शब्दचर्चा 77 में हम जानेंगे कि इनमें से कौनसा शब्द सही है और क्यों।
मैंने हाल की कुछ ख़बरों को देखा तो पता चला कि भास्कर, जागरण, नवभारत टाइम्स और हिंदुस्तान से लेकर न्यूज़18, एबीपी न्यूज़ और ज़ी न्यूज़ तक सभी इसे बैलेट पेपर लिख रहे हैं। हाँ. नवभारत टाइम्स और भास्कर की एक-एक ख़बर में मुझे बैलट पेपर मिला।
सही है बैलट पेपर। कारण इसकी स्पेलिंग में ही छुपा है – BALLOT.
शायद आप जानते हों कि अंग्रेज़ी में O के मुख्यतः पाँच उच्चारण होते हैं – अ (Son=सन), ऑ (Doctor=डॉक्टर), उ (Wolf=वुल्फ़), ऊ (Move=मूव) और ओ (Go=गो। लेकिन उसका ‘ए’ उच्चारण कभी नहीं होता।
इसलिए Ballot का उच्चारण बैलेट कभी नहीं होगा।
लेकिन हिंदी मीडिया में Ballot के लिए बैलेट चल गया है। इतना चल गया कि सारे नामी-गिरामी संस्थानों के कॉपी एडिटर यही लिख रहे हैं।
मुझे इसके दो कारण समझ में आते हैं।
पहला, नक्सलवाद के ज़माने से अंग्रेज़ी में एक जुमला चल गया – Ballot vs Bullet। अक्सर शीर्षकों में इसका इस्तेमाल होता था। आगे चलकर हिंदी वाले भी इसका इस्तेमाल करने लगे और इस चक्कर में उन्होंने बुलेट की तर्ज़ पर Ballot को बैलेट कर दिया। वैसे सच तो यह है कि Bullet का सही उच्चारण बुलेट नहीं, बुलिट है। लेकिन हम हिंदी वाले जब किसी अंग्रेज़ी शब्द में e देखते हैं, वहाँ उसे ‘ए’ बोलने-लिखने लगते हैं। इसलिए Bullet बुलेट हुआ और उसी की तर्ज़ पर Ballot बैलेट हुआ हालाँकि उसके अंत में et नहीं, ot है।
अब एक बार बैलेट चल गया तो बाद की पीढ़ी भी उसे बैलेट ही लिखने लगी। वैसे यह भी संभव है कि इसे बैलेट लिखने वाले अधिकांश कॉपी एडिटरों को इसकी सही स्पेलिंग भी न मालूम हो और वे इसे Ballet ही समझते हों।
वैसे Ballet भी एक शब्द है। यह एक प्रकार के नृत्य का नाम हैं और इसमें t का उच्चारण नहीं होता। इसको बोला और लिखा जाता है बैले।
पिछली शब्दचर्चा…
शब्दचर्चा (76) : Jerusalem Post हिंदी में जेरूसलम पोस्ट होगा या यरूशलम पोस्ट?


