हरदोई : सामाजिक संस्था आप और हम चेतना मंच के संरक्षक समाजसेवी स्मृतिशेष अरुणेश वाजपेयी की हीरक जयंती समारोह को लोकमंगल को समर्पित करते हुए शिक्षा, साहित्य, कला, चिकित्सा सहित विभिन्न क्षेत्रों की 21 विभूतियों को सम्मानित किया गया. कृपालु साधक डॉ. राजेन्द्रदत्त मिश्र के साथ मुख्य अतिथि पूर्व साँसद डॉ. अशोक वाजपेयी और पूर्व जिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह राठौर ने अरुणेश वाजपेयी स्मृति सम्मान प्रदान करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को सराहा. कहा बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी अरुणेश वाजपेयी सच्चे रूप में हरदोई जनपद के साँस्कृतिक राजदूत जैसे थे.
मुख्य अतिथि पूर्व साँसद डॉ. अशोक वाजपेयी ने कहा परलोक गमन के बाद व्यक्ति के सदकर्म उसे यश के रूप में जिंदा रखते हैं, अरुणेश वाजपेयी ऐसै ही परमार्थी पुण्यात्मा रहे. कहा अरुणेश वाजपेयी पाँच दशक से हर रूप में मार्गदर्शक रहे. पूर्व साँसद डॉ. अशोक वाजपेयी ने कहा कि स्मृति नमन समारोह में जनपद से लेकर प्रदेश के लोगों का जुडाव और देश-दुनिया से आयी शोकसंवेदना एवं स्मरण पत्र अरुणेश वाजपेयी के व्यक्तित्व को लोकरंजक बनाता है. कहा उनके पुत्र सुयश वाजपेयी ने विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियों और प्रतिभाओं का अलंकरण कर पिता की साँस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया. यही भारतीय संस्कृति और संस्कारों की सामाजिक उपादेयता है.
समारोह में साहित्यिक, साँस्कृतिक एवं सामाजिक, संस्थाओं में श्रीसरस्वती सदन, संवेदना, वरिष्ठ नागरिक समिति, वरदान ट्रस्ट, इनरव्हील क्लब, हाकी हरदोई संघ को अरुणेश वाजपेयी स्मृति अलंकरण से विभूषित किया गया.
साथ ही डाक्टर्स डे की पूर्व संध्या पर वरिष्ठ चिकित्सकों डॉ. जेके वर्मा, डा. रामबाबू द्विवेदी, डॉ. विनय कटियार, डॉ. सीपी कटियार, डॉ. एसके सिंह को अरुणेश वाजपेयी स्मृति को समर्पित सर्व सन्तु निरामयाः सम्मान से सम्मानित किया गया. कृपालु साधक डॉ. राजेन्द्र दत्त मिश्र को साँस्कृतिक चेतना अलंकरण से विभूषित किया गया.


शिक्षा-साहित्य में साहित्यकार डॉ. श्रीचंद्र सिंह व कवि रामरूप त्रिवेदी और रफी अहमद किदवई कालेज के पूर्व प्रिंसिपल असद अली फारुकी को साहित्य भूषण से अलंकृत किया गया. पत्रकारिता में रमेशचंद्र पाठक और अरुण कुमार मिश्र को अरुणेश वाजपेयी लेखनी सम्मान से सम्मानित किया गया. रंगमंच में नवोदित रंगकर्मी श्रिया गुप्ता को अरुणेश वाजपेयी रंग-कला अलंकरण से पुरस्कृत किया गया. जबकि विधि व्यवसाय में अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद वाजपेयी व आलोक श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया. योग साधना सम्मान योगगुरु हरिवंश सिंह को प्रदान किया गया. अँशिका वाजपेयी, मिती वाजपेयी व कंचन वाजपेयी ने सहयोग किया.
पूर्व जिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह राठौर ने जनपद में अपने कार्यकाल में रचनात्मक गतिविधियों के संचालन में अरुणेश वाजपेयी की भूमिका को प्रेरणादायी बताया. कहा हर क्षेत्र का ज्ञान और उनकी जन सुलभता उनकी महानता का परिचायक थी. उन्नाव की विदुषी एवं प्रांतीय कांग्रेस नेत्री आरती वाजपेयी ने अरुणेश वाजपेयी के विभिन्न प्रेरक संस्मरण बताये. कहा वह दूरदर्शी और संवेदनशील समाजसेवी थे.
सीएस एन डिग्री कालेज, हरदोई के पूर्व प्राचार्य डॉ. एनसी शुक्ल व डॉ. रामाधार दीक्षित, कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसके सिंह, भारत सरकार के पूर्व सलाहकार एसएन अग्निहोत्री ने भी अरुणेश वाजपेयी के रचनात्मक कृतित्व को रेखाँकित किया. प्रो. अखिलेश वाजपेयी के स्वागत उद्बोधन के साथ सुयश वाजपेयी सहयोगी रहे. संचालन महेश मिश्र के साथ समीक्षा तिवारी व मुस्कान वर्मा ने संयुक्त रूप से किया. चेतना मंच संयोजक कमलेश पाठक व अध्यक्ष अनिल सिंह झरोइया की अध्यक्षता में आभार प्रदर्शन लखनऊ छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री अनिल सिंह वीरू ने किया.
समारोह में स्वप्निल वाजपेयी, मुकुल वाजपेयी, पूर्व प्रमुख समीर सिंह, पारुल दीक्षित, राजावक्स सिंह, अखिलेश पाठक, अनिल श्रीवास्तव, नरेन्द्र सिंह, प्रद्युम्न सिंह, शैलेन्द्र खन्ना, डॉ. अजय सिंह, डॉ. देशदीपक शुक्ल, आलोकिता श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे.



