Connect with us

Hi, what are you looking for?

प्रिंट

आज के अखबार : डबल इंजन वाले एनसीआर में कानून व्यवस्था की खराब हालत बयान करने वाली कई खबरें

Side collision between a motorcyclist and a car on a city street, rider in helmet and protective gear involved in the impact photographer-style shot on the left panel.

अमर उजाला की फोटो, गाड़ी का नंबर और अभियुक्त का चेहरा भी। खबर के अनुसार उसकी पहचान पलवल के कल्याण बैंसला के रूप में हुई है। संभव है अभियुक्त को अनुमान ही न हो कि आजकल कैमरा कहीं भी हो सकता है। मेरे अखबारों में यह तीसरी (और चौथी, नंबर की) फोटो सिर्फ अमर उजाला में पहले पन्ने पर छपी है। कार सैन्य कर्मी मनीष की बताई जा रही है।

संजय कुमार सिंह

दिल्ली के कई अखबारों में आज डबल इंजन वाले गुड़गांव में एक महिला बाइकर को कार से टक्कर मार कर घायल कर देने की खबर प्रमुखता से छपी है। अमर उजाला और नवोदय टाइम्स में पहले पन्ने पर टॉप की खबर है। अमर उजाला में कुल चार फोटो के साथ सात कॉलम की खबर का शीर्षक है – “दुस्साहस : महिला बाइकर का पीछा कर कार सवार युवक ने मारी टक्कर फरार”। नवोदय टाइम्स में यह छह कॉलम की खबर है, “महिला बाइकर ने कहा दूर रहो तो मार दी कार से टक्कर”। खबर है कि इस मामले में वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया और केस दर्ज कर लिया है। हाल के समय में देश भर में कई मामले सामने आए हैं जब पुलिस ने अपना काम नहीं किया और अपराधियों का व्यवहार ऐसा रहा जैसे उन्हें कोई डर ही न हो। केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली से लेकर डबल इंजन वाले राज्यों में भी पुलिस ने सामान्य तौर पर एफआईआर दर्ज नहीं की है। इस मामले में एफआईआऱ दर्ज हो गई और खबर भी पहले पन्ने पर है। यह उस समय नहीं होता था जिसे ‘अच्छे दिन’ कहा जाता था।

सोशल मीडिया के दबाव में कुछ कार्रवाई शुरू हुई है और पुलिस का स्वतः संज्ञान लेना हाल के समय में नया, पहला और अजूबा मामला हो सकता है। कहने की जरूरत नहीं है कि पुलिस का डर होता तो अपराध ही नहीं होता और सोशल मीडिया का दबाव नहीं होता तो कार्रवाई भी नहीं होती, जैसा अभी तक चल रहा था। अब लगता है स्थिति बदल रही है। आज यह खबर दैनिक भास्कर में भी तीन फोटुओं के साथ पहले पन्ने पर है। टाइम्स ऑफ इंडिया ने पहले पन्ने पर एक ही फोटो प्रकाशित की है। खबर के अनुसार, रोड रेज की घटना बाइकर की Aprilia RS 457 के हैंडल पर लगे एक्शन कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। महिला ने बाद में सोशल मीडिया पर जो फुटेज शेयर किया, उसमें टक्कर से पहले के पल और उसके बाद क्या हुआ, यह सब दिखा। इस खबर का शीर्षक है, गुरुग्राम में कार सवार ने बाइकर का पीछा किया और उसे टक्कर मारकर गिरा दिया।

हिन्दुस्तान टाइम्स में यह खबर पहले पन्ने से पहले के अधपन्ने पर तीन कॉलम में है। शीर्षक है, गुरग्राम के हिट एंड रन मामले में कार चालक ने महिला बाइकर का पीछा कर टक्कर मारी। कल गणेश चतुर्थी के कारण आज दि एशियन एज और द हिन्दू नहीं आए हैं। अंग्रेजी अखबारों में दि इंडियन एक्सप्रेस और हिन्दी अखबारों में देशबन्धु में यह खबर पहले पन्ने पर नहीं है। देशबन्धु में आज ऊपर से नीचे तक चार कॉलम का विज्ञापन है। अपराध और कानून व्यवस्था से संबंधित आज की दूसरी खबर जिम ट्रेनर को बाहर बुलाकर गोली मारने और हत्या कर देने की खबर है। यह देश की राजधानी दिल्ली के आया नगर इलाके की घटना है और दिन के 10:00 बजे की है। वैसे तो यहां की पुलिस पहले से केंद्र की भाजपा सरकार के नियंत्रण में है। अब दिल्ली में भाजपा की डबल इंजन की सरकार है और हाल में कॉक्रोच जनता पार्टी के आंदोलन के समय दिल्ली पुलिस के मुखिया बदले गए थे। उसके बाद शहर में हुई इस हत्याकांड के हमलावर फरार हो गए। शुरुआती जांच में व्यक्तिगत दुश्मनी की बात सामने आई है।

अमर उजाला की खबर के अनुसार, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पुरानी पारिवारिक रंजिश और गैंगवार समेत कई पहलुओं से जांच कर रही है। दैनिक भास्कर के अनुसार, दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र में दो परिवारों के बीच चल रही रंजिश में एक और हत्या हो गई। दो मोटरसाइकिलों पर आए चार अपराधियों ने 18 राउंड गोलियां चलीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, आया नगर में पुरानी दुश्मनी में 10 माह में यह तीसरी हत्या है। नवोदय टाइम्स में यह खबर दो कॉलम में छपी है। हिन्दी अखबारो में बचे देशबंधु में यह खबर पहले पन्ने पर नहीं है। हिन्दुस्तान टाइम्स में इस खबर का शीर्षक है, दक्षिण दिल्ली में जिम मालिक की गोली मारकर हत्या; प्रॉपर्टी के दो साल पुराने झगड़े में तीसरी मौत। खबर के अनुसार, दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी इलाके में सोमवार सुबह 28 साल के एक जिम मालिक की उनके जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस को शक है कि यह हत्या दो परिवारों के बीच प्रॉपर्टी को लेकर चल रहे दो साल पुराने झगड़े का नतीजा है। इसमें पहले भी दो लोगों की जान जा चुकी है। पुलिस ने मृतक की पहचान विजय कुमार के तौर पर की है। पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 10 बजे उन्हें जिम से बाहर बुलाया गया और मोटरसाइकिल पर आए दो हमलावरों ने कई बार गोली मारी। हमलावरों के भागने से पहले करीब 15 राउंड फायरिंग हुई। इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

टाइम्स ऑफ इंडिया में यह खबर पहले पन्ने पर है। विस्तार अंदर होने की सूचना है। शीर्षक में ही बताया गया है कि भूमि विवाद का तीसरा शिकार है। यहां पीड़ित की आयु 32 साल और नाम विजय लोहिया है। दि इंडियन एक्सप्रेस और द टेलीग्राफ में यह खबर पहले पन्ने पर नहीं है। इन दो खबरों के अलावा आज कुछ और खबरें हैं जिनसे पता चलता है कि देश की राजधानी में आम आदमी का जीवन कितना मुश्किल और अनिश्चित है। हिन्दुस्तान टाइम्स की खबर के अनुसार, उत्तर पश्चिम दिल्ली में भटकी हुई गाय के हमले में 56 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि जहांगीरपुरी से घर लौटते समय एक भटकी हुई गाय के हमले में गंभीर रूप से घायल सब्जी विक्रेता की 9 सितंबर को सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई। पीड़ित के परिवार का कहना है कि गाय ने कथित तौर पर उस पर अपने सींगों से हमला किया, उसे कई बार ज़मीन पर पटका और रौंद दिया।

टाइम्स ऑफ इंडिया की एक खबर के अनुसार पार्किंग के विवाद में भारतीय वायु सेना के रिटायर अफसर पर हमले में उनके सिर पर चोट आई है और केहुनी की हड्डी टूट गई है। द टेलीग्राफ में छपी खबर के अनुसार, संवेदनशील जगहों पर तैनात कई अग्निवीरों के सोशल मीडिया अकाउंट पर नजर रखी जा रही है। डर है कि विदेशी या पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी हनी ट्रैप के जरिए इनसे सूचनाएं ले सकती है।

मैं रोज चार हिन्दी और छह अंग्रेजी, कुल दस, कई बार इससे भी ज्यादा अख़बार देखकर उसकी खास बातें लिखता हूँ। अंग्रेजी की खबरों के खास अंशों का अनुवाद करता हूं। वह भी लिखता हूं जो अखबार नहीं लिखते या नहीं लिख सकते हैं। जो लिखता हूं उसमें बहुत कुछ याद से लिखा होता है। एआई का सहयोग होता है। कुछ अंग्रेजी अखबारों की खबरों का अनुवाद होता है। इसलिये भूल-चूक की आशंका है। कृपया कहीं उल्लेख करने या हवाला देने से पहले अपने स्तर पर पुष्टि कर लें।

Pahad Ki Dada: Hill Mail Uttarakhand
CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन