Connect with us

Hi, what are you looking for?

सियासत

बच्चों के सामने मेहरारू को गोद में बिठाकर हाथ से खाना खिलाने वाला प्रसंग मुझको भी नहीं पचा!

सोनिया गांधी की किताब के लोकार्पण में राहुल गांधी के माता-पिता से जुड़े प्रसंग पर यशवंत सिंह, मणिका मोहिनी, देवप्रिय अवस्थी, उर्मिलेश, विष्णु राजगढ़िया और दिलीप चौबे की अलग-अलग राय।

सोनिया गांधी की किताब 'Belonging' के लोकार्पण कार्यक्रम में मंच पर राहुल गांधी और सोनिया गांधी

यशवंत सिंह-

बच्चों के सामने मेहरारू को गोद में बिठाकर हाथ से खाना खिलाने वाला प्रसंग मुझको भी नहीं पचा।

राहुल-प्रियंका के सामने सोनिया गांधी के लिए अगर ऐसा राजीव गांधी करते भी थे तो राहुल गांधी को इसे पब्लिकली बताने की क्या ज़रूरत थी।

भारत के जन मानस और समाज की समझ न रखने वाले लोग क्या ही राजनीति कर पाएंगे।

राहुल की साफ़गोई और बेबाकी की तारीफ़ तो कर सकता हूँ लेकिन उनकी राजनीतिक सामाजिक समझ पर मुझे सदा से संदेह रहा है!


मणिका मोहिनी-

सोनिया गांधी राजीव गांधी की गोद में बैठ कर खाना खाती थीं, यह राहुल गांधी का अपनी मां के प्रति केवल प्रेम दर्शाता है। गोद में बैठने का अर्थ अत्यधिक निकट बैठना है जिसे राहुल लोगों के गंदे विचारों की कल्पना किए बगैर उद्घाटित कर गए। कुछ राहुल को इस बात से भी चौकन्ना रहना था कि मां ने कहा था राजनीति से संबंधित कुछ न कहना। लोगों को विरोध करने के लिए और मज़ाक उड़ाने के लिए बहाना चाहिए। पति-पत्नी के मध्य इतना प्यार हो तो उस दाम्पत्य के कहने? कुछ भी अन्यथा सोचना लोगों की दुर्बुद्धि का कमाल है।


देवप्रिय अवस्थी-

राहुल गांधी ने कल अपने माता-पिता के बारे में जो कुछ कहा है, खासकर दोनों वक्त खाने के समय सोनिया के राजीव की गोद में बैठने की बात, वह परंपरागत भारतीय समाज में आसानी से हजम होनेवाला नहीं है। इंदिरा गांधी के जीवन काल में पूरे परिवार के साथ बैठकर भोजन करने के जो चित्र सोशल मीडिया पर उपलब्ध हैं, वे राहुल गांधी की बात की पुष्टि नहीं करते हैं। यह बात भी आम है कि जब तक इंदिरा गांधी जीवित थीं, तब पूरा परिवार साथ बैठकर भोजन करता था। इसलिए राहुल द्वारा भोजन के समय सोनिया के राजीव गांधी की गोद में बैठने के प्रसंग का उल्लेख किए जाने का औचित्य मेरी समझ से परे है।

राहुल के जो प्रशंसक उनके संबंधित कथन को लेकर उनकी सहजता पर बल्ले-बल्ले कर रहे हैं, उनमें से क्या एक फीसदी ने भी अपने परिवारों में ऐसे दृश्य देखे हैं या ऐसे दृश्य सहजता से देख सकेंगे और स्वीकार कर सकेंगे? राहुल की यह हरकत मुझे तो हर लिहाज से बचकानी लगती है। मैंने पहले भी कहा है और फिर कहने को बाध्य हूं कि जब-जब राहुल से कुछ उम्मीद बंधती दिखाई देती है तब-तब वह कुछ ऐसा कर देते हैं जिससे उम्मीदों पर पानी फिर जाता है। बहरहाल, राहुल गांधी ने अपने विरोधियों को एक नया काम सौंप दिया है। यह काम राहुल की उस गर्लफ्रेंड को तलाशने का है जिसका जिक्र राहुल ने कल किया है। राहुल की बल्ले-बल्ले करने वालों की भी यह जिम्मेदारी बनती है कि वे राहुल की गर्लफ्रेंड को तलाशने और उनका ब्याह रचाने में और देर न करें।

राहुल को मैं बहुधा राजनीति का कच्चा खिलाड़ी मानता रहा हूं। कल के घटनाक्रम ने एक बार मेरी इस बात की पुष्टि कर दी है।


उर्मिलेश-

आज सुबह एक वीडियो में राहुल गांधी के संबोधन के उस हिस्से को सुनते हुए मैं स्वयं भी भावुक हो गया; जिसमें वह अपने मां-पिता (सोनिया गांधी और दिवंगत राजीव जी) के मोहब्बत से लबालब रिश्तों का वर्णन करते हैं!

राजनीति से बिल्कुल अलग अपने मां-पिता के सुंदर रिश्तों का वर्णन राहुल गांधी ने जिस तरह कल सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging A Journey of Love’ के लोकार्पण कार्यक्रम में किया; वह न सिर्फ मार्मिक अपितु बहुत सुंदर और ईमानदार भी है। क्या इसे सुंदर और ईमानदार नहीं कहेंगे कि एक बड़ा भारतीय राजनीतिज्ञ स्वयं बता रहा है कि कैसे अपने छात्र-जीवन में एक दिन वह कैंब्रिज स्थित वर्सिटी रेस्टोरेंट में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ गया जहां शादी से बहुत पहले उसके मम्मी-पापा पहली बार मिले थे!

राहुल इस जगह को देखना और महसूस करना चाहते थे! उन्होंने कल अपने संक्षिप्त वक्तव्य में जिस तरह उक्त रेस्टोरेंट में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ जाने का वर्णन किया; वह राहुल ही कर सकते थे। हमारे देश के ज्यादातर राजनीतिक लोग बेहद नकली किस्म के लोग हैं, उनमें न सहजता दिखती है और न ईमानदारी! लेकिन राहुल गांधी ने अपने पिता-माता राजीव जी और सोनिया गांधी के दांपत्य और प्रेम-रिश्तों का जिस तरह वर्णन किया; वह मोहक और प्रेरक है। अपने देश के राजनीतिक लोगों की जमात में ऐसा वक्तव्य राहुल ही दे सकते थे!

किताब में सोनिया गांधी ने भी अपने दोस्त और पति राजीव गांधी से अपने प्रेम-रिश्तों पर काफी कुछ लिखा है। लेकिन एक बेटे का अपने मां-पिता के प्रेम-रिश्तों पर बोलना मुझे बेहद सुंदर, सहज और मार्मिक लगा। उन्हें सुनते हुए मैं भी कुछ भावुक हो उठा। मुझे अपना बचपन याद आ गया। ठेठ गंवई मेरे पिता और मां के बीच भी गजब की मोहब्बत थी! सचमुच, वे दोनों आदर्श और महान् पति-पत्नी थे!


राहुल गांधी सरल सच्चे भावुक भोले बालहृदय इंसान हैं। बालसुलभ ईमानदारी भी है। इसी ईमानदारी में बताया कि लंच के दौरान मेरी मम्मी मेरे पापा की गोद में बैठ जाती थीं। गलती राहुल की नहीं। गलती उन लालबुझक्कड़ों की है जो इन्हें पीएम मटेरियल समझते हैं। इनके फाड़े की रफुगरी करते हैं। कुर्ते में छेद की रफू हो सकती है। यहां तो पूरे तिरपाल को ही फाड़े बैठे हैं। असंभव है रफू करना।
-विष्णु राजगढ़िया


कौन पत्नी है जो अपने पति की गोद में नहीं बैठती है। इसमें बेशर्मी की क्या बात है। यह प्रेम का प्रगटीकरण है। तीनों लोकों में प्रेम से बढ़कर क्या है। दुनिया में ऐसा कौन है जो कहेगा कि मैं प्रेम नहीं करता हूँ। राहुल सड़े हुए समाज को रास्ते पर लाने का काम कर रहे हैं। राहुल गाँधी मासूम, ईमानदार और बहादुर हैं। लेकिन यहाँ सोचने वाली बात है कि यहाँ गोद का मतलब निकटता से भी है। इसका कुछ मतिमंद लोग गलत अर्थ निकाल रहे हैं।
-दिलीप चौबे

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास