Connect with us

Hi, what are you looking for?

प्रिंट

आज के अखबार : गैर-भाजपाई राज्य की खबर ‘हिंदू शक्तियों’ का दबदबा कायम रहने की गवाही दे रही हैं

Newspaper clipping: “SC raps TVK govt, orders lamp lit at TN site today” and “Since April: Tweaked Bill, split Opp, Govt’s pre-poll flex after protests,” with articles on court rulings and political developments in Tamil Nadu.

भाजपा ने बिल पास करवाने के लिए जो सब किया है उसकी खबर दि इंडियन एक्सप्रेस में पहले पन्ने पर है। टाइम्स ऑफ इंडिया के अधपन्ने की लीड गैर भाजपाई सरकार के प्रति सुप्रीम कोर्ट के तेवर बताती है। राजनीति में सुप्रीम कोर्ट की भागीदारी या भूमिका पर खबर नहीं होना परेशान करता है। हालांकि उसपर बात भी नहीं हो(सक)ती है।

संजय कुमार सिंह

अगर खबरें सही हैं तो देश की अदालतें, राजनीतिक स्वार्थ वाले लोग देश को सुधरने नहीं देंगे। आज परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण को मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलने की खबर मेरे 10 में से नौ अखबारों की लीड है। कोलकाता के अंग्रेजी अखबार द टेलीग्राफ की लीड बंगाल की खबर है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष से कहा है कि विपक्ष के नेता के मामले में फिर से कार्रवाई करें। इस तरह, तृणमूल कांग्रेस के बागी नेता रितब्रत बनर्जी बेताज हो गए हैं। परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पास हो या नहीं, आज यह खबर दब गई कि सुप्रीम कोर्ट की सहायता से पश्चिम बंगाल में भाजपा के जीतने के बाद राज्य में तृणमूल कांग्रेस का विधायक दल टूट गया और टूटे हुए दल ने असली तृणमूल होने का दावा किया, विधानसभा अध्यक्ष ने 3 जून को जिसे मान्यता दी उसे कलकत्ता हाईकोर्ट ने 27 नवंबर को पलट दिया। राजनीति में कोर्ट की भागीदारी या भूमिका की खबरों और उदाहरणों के बीच आज द हिन्दू ने भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश की राष्ट्रपति को लिखी चिट्ठी की खबर को पांच कॉलम में प्रकाशित किया है। यह खबर जहां भी छपी है, ज्यादातर शीर्षक यही है कि उन्होंने न्यायिक चुनाव में पूर्वग्रह के आरोप लगाए हैं।

भाजपा शासन में सरकार द्वारा अदालतों के उपयोग का मामला भी निराधार नहीं है तो आज ही सत्ता पर कब्जे की कोशिश में भाजपा को एक और कामयाबी मिलने की खबर है। नवभारत टाइम्स ने इसे It’s Done Bro! के साथ बताया है कि सरकार को दो तिहाई बहुमत से विधेयक पास होने की उम्मीद है, नए साथी मिले हैं। इस पर आगे द टेलीग्राफ की खबर का हवाला है। फिलहाल यह सही है कि लोकतंत्र बहुमत का होता है लेकिन भारतीय जनता पार्टी को मिला बहुमत संदेह के घेरे में है। जबरन दल बदल और दलों को तोड़कर समर्थन जुटाने की कोशिशें सर्वविदित हैं। इसके बावजूद महिला आरक्षण और परिसीमन जैसा काम जबरन किया जा रहा है। यह बिल्कुल जरूरी नहीं है। विरोध को कमजोर करने के लिए जो दांव चले जा रहे हैं उनकी चर्चा मैंने कल यहां की थी। ऐसे में आज ज्यादातर अखबारों ने परिसीमन से 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने की मंजूरी को सरकार की जीत के रूप में पेश किया है जबकि यह देश के लिए किसी भी तरह से फायदेमंद नहीं है। जरूरत तो नहीं ही है या इससे पहले की बहुत सी जरूरतें लंबित हैं।

आज नवभारत टाइम्स के मास्टहेड पर की मनोज वाजपेयी की फोटो के साथ लिखा है, बीमार समाज की निशानी है औरतों का असुरक्षित होना। अंदर उनका इंटरव्यू छपा है और यह उसी का हिस्सा है। मेरा मानना है कि औरतों को सुरक्षित करने के लिए आरक्षण की जरूरत नहीं है और आरक्षण से सुरक्षा होता हो तो पहले मंडल कमीशन वाले आरक्षण का फायदा होने दिया जाए। फिर जरूरत लगी तो महिलाओं के लिए भी आरक्षण किया जाए। अभी सरपंच पति और मुखिया पति वाले समाज में आरक्षण से पितृसत्ता ही मजबूत होगी। इसलिए महिला आरक्षण की ही जरूरत नहीं है और उसके लिए परिसीमन से जनप्रतिनिधियों की सीटें बढ़ाना देश के लिए खर्चीला सौदा है। इस खर्च का फायदा देश को कितना होगा यह तो नहीं पता है लेकिन सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी इसका लाभ उठाने की हर संभव कोशिश कर रही है।

द टेलीग्राफ ने सीधे लिखा है, परिसीमन के प्रस्ताव को आकर्षक बनाया गया। जेपी यादव की बाईलाइन और नई दिल्ली डेटलाइन से कहा गया है, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को उस संवैधानिक संशोधन विधेयक में दो बदलावों को मंजूरी दी, जो महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ता है। ऐसा संभवतः दो प्रमुख विपक्षी दलों – डीएमके और एनसीपी (एसपी) – को अपने पक्ष में करने के लिए किया गया है। इसका राजनीतिक असर कुछ ही घंटों में दिखने लगा। एनसीपी (एसपी) के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने मुंबई के एक अस्पताल में पार्टी प्रमुख शरद पवार (85 वर्ष) से ​​मुलाकात के बाद, इस विधेयक के लिए अपनी पार्टी के समर्थन की घोषणा की। हालांकि डीएमके ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन मंत्रिमंडल की एक आपात बैठक में मंजूर किए गए ये दो संशोधन, दक्षिण भारत की इस पार्टी के नेता एमके स्टालिन द्वारा कुछ घंटे पहले ही सार्वजनिक रूप से जताई गई चिंताओं को दूर करते नजर आते हैं। ये संशोधन इस प्रकार हैं: 1) प्रत्येक राज्य को आवंटित लोकसभा सीटों की संख्या में एक समान 50 प्रतिशत की वृद्धि। 2) संसदीय प्रतिनिधित्व के मौजूदा अंतर-राज्यीय अनुपात को 2051 तक, यानी 25 वर्षों के लिए यथावत (फ्रीज) रखना। पवार की पार्टी और डीएमके (द्रमुक) – के पास क्रम से 8 और 22 लोकसभा सदस्य हैं।

खबर के अनुसार, इन लोगों अप्रैल में इस विधेयक के खिलाफ मतदान किया था, जब एकजुट विपक्ष ने इसे हरा दिया था। आव्हाड ने पत्रकारों से कहा, “संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, परिसीमन होना ही है। सुप्रिया ताई (पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले) और पार्टी के अन्य सांसदों ने एक फैसला लिया है। हम इस विधेयक का समर्थन करेंगे।” इस खबर में परिसीमन होना ही है –  गौरतलब है। बढ़ती आबादी के लिहाज से यह ‘जरूरी’ है। लेकिन दक्षिण भारत में आबादी में वृद्धि का अनुपात वह नहीं है जो उत्तर भारत या हिन्दी पट्टी में है। इसलिए परिसीमन से यह संभव है कि उत्तर भारत में संसद की सीटें बढ़ जाएं और दक्षिण में कम बढ़ें या घट भी जाएं। उत्तर भारत में सीटें बढ़ने का मतलब होगा सिर्फ उत्तर में जीत कर पूरे भारत में राज करने की संभावना बनना। दक्षिण के राज्य शुरू में इसका विरोध कर रहे थे और बीच का रास्ता निकाला गया है कि सीटें 50 प्रतिशत ही बढ़ेंगी यानी डेढ़ गुना ही होंगी। भाजपा को इससे भी फायदा होता लेकिन वह अलग मुद्दा है।

अभी मु्द्दा यह होना चाहिए कि सीटें बढ़ाने की जरूरत क्यों है? आप जानते हैं कि महिला आरक्षण को लागू करने के लिए सीटें बढ़ाना जरूरी है और भाजपा महिला आरक्षण देकर महिलाओं को खुश करना चाहती है। सीटें बढ़ने से आम राजनीतिक खुश हो रहे हैं कि उनके जनप्रतिनिधि होने की संभावना बढ़ जाएगी। इस तरह भाजपा सबको उनके मतलब का लालच देकर खुद के सत्ता में बने रहने का इंतजाम कर रही है। भाजपा लोकतांत्रिक होती, यह सब लोकतांत्रिक तरीके से कर रही होती तो इसे नजरअंदाज किया जा सकता था लेकिन भाजपा ने जो शासन दिया है और देश का जो हाल कर रखा है, प्रचारक जो यकीन दिला रहे हैं उसमें यह देश के लिए घातक होगा और इसीलिए इसका विरोध जरूरी है।

सरकार के अलोकतांत्रिक कार्यों, निर्णयों और व्यवहारों के अलावा, सरकार समर्थक और प्रचारक भी अदालतों से सरकार समर्थक या सरकार से मनमाने काम करवाने के निर्देश लेने की कोशिश करते हैं। आज देशबन्धु में छपी खबर के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने वोट चोर, गद्दी  छोड़ वाले वीडियो हटाने की याचिका खारिज की। आप जानते हैं कि सरकार ने सोशल मीडिया से सैकड़ों पोस्ट बिना कारण बताए हटवाए हैं। ऐसे में इस वीडियो को भी हटवाया जा सकता था। नहीं हटाया गया तो कारण होगा लेकिन सीधे सुप्रीम कोर्ट में कौन अपील करता है, जिसकी सुनी जाती है।

स्थिति यह है कि विज्ञापन के दबाव में या सरकार के डर से मीडिया तो सरकार का साथ दे ही रहा है, अदालतें भी (भाजपा) सरकार के साथ नजर आती है। खबरों के अनुसार (मैंने पहले भी लिखा है), ‘दीपा मंडपम’ में सदियों से पारंपरिक कार्तिगई दीपम जलाया जाता रहा है। हिंदू पक्षों ने पहाड़ी की चोटी पर स्थित हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह औलिया दरगाह के पास बने एक प्राचीन पत्थर के स्तंभ ‘दीपाथून’ पर भी दीप जलाने की अनुमति मांगी थी। दरगाह कमेटी और राज्य सरकार ने इसका विरोध करते हुए इसे सर्वे का खंभा और संवेदनशील इलाका बताया। मद्रास हाई कोर्ट ने दीपाथून पर दीप जलाने की अनुमति दे दी थी। इसके बाद 20 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के फैसले पर रोक लगाते हुए, एक बार की अंतरिम व्यवस्था के तौर पर 24 नवंबर 2026 को देवस्थानम (मंदिर प्रशासन) की अधिकृत टीम द्वारा दीपाथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद 24 नवंबर को दीपाथून स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया और दीप केवल पुराने स्थान (दीपा मंडपम) पर ही जला। इसके खिलाफ अदालत की अवमानना की याचिकाएं दाखिल होने के बाद, मदुरै के  कलेक्टर निशांत कृष्ण ने 25 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर बिना शर्त माफी मांगी। प्रशासन ने अपना पक्ष रखा है लेकिन मामला यही है कि हिन्दू पक्ष ने अदालत से अनुकूल आदेश प्राप्त कर लिया था।

विज्ञापन के कारण आज अमर उजाला और दैनिक भास्कर में पहले पन्ने पर मुख्य रूप से एक ही खबर है।  राजा का बाजा बजाने वाली इस खबर के बाद एक ही खबर और वह भी। द टेलीग्राफ में भी आज इतना ही विज्ञापन है लेकिन वहां खबरें कायदे की है। हिन्दुस्तान टाइम्स में दीपम विवाद सेकेंड लीड है। देशबन्धु में यह खबर पहले पन्ने पर नहीं है। अमर उजाला, दैनिक भास्कर में एक ही खबर है तो यह होनी नहीं है लेकिन नवोदय टाइम्स में यह खबर दो कॉलम की लीड है। हिन्दी अखबारों के बारे में मेरी राय है कि ये भिन्न मौकों पर हिन्दू हो जाते हैं। आज प्रचारक होने का निर्णय़ किया है तो शायद इसलिए कि हिन्दू की खबर दक्षिण भारत की है। दि इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार है, दीपाथून विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर बोर्ड को निलंबित कर दिया है। कहा है, आज मदुरै में पहाड़ी के ऊपर स्तंभ पर दीप प्रज्वलित किया जाएगा। अवमानना मामले में तमिलनाडु के मुख्यसचिव, डीजीपी और अन्य को नोटिस जारी किया गया है।

दि एशियन एज की लीड का शीर्षक है, सुप्रीम कोर्ट ने विजयन सरकार को फटकार लगाई, आज ‘दीपाथून’ (दीपक) जलाने का आदेश दिया। दो उपशीर्षक हैं 1) पहाड़ी की सुरक्षा CRPF करेगी; मुख्य सचिव को तलब किया गया 2) प्रधानमंत्री ने कहा – भगवान मुरुगन की जय। इस खबर के साथ हाईलाइट किया हुआ हिस्सा है, विश्व हिंदू परिषद ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को तमिलनाडु सरकार की ‘तुष्टिकरण की राजनीति’ पर एक जोरदार तमाचा बताया है। साथ ही, राज्य में संवैधानिक तंत्र के विफल होने का आरोप लगाते हुए विजयन के इस्तीफे की मांग की है। मुझे लगता है कि मामला अगर कानूनी था तो कार्रवाई पर राजनीतिक टिप्पणी नहीं होनी चाहिए और हुई है तो मीडिया का काम था कि बंगाल के मामले में हाईकोर्ट के आदेश पर भी राजनीतिक प्रतिक्रिया बताता।  

यही नहीं, प्रधानमंत्री की टिप्पणी वाले इस आदेश की तुलना चुनाव आयोग के प्रमुख के चुनाव और एसआईआर मामले में सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों से कीजिए। और प्रधानमंत्री की चुप्पी का मतलब समझिए। मुझे लगता है कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजयन, “ना खाउंगा, ना खाने दूंगा” जैसा कुछ  कहने वाले घाघ नेता नहीं हैं और पहली बार चुने गए हैं तो उन्हें काम करने देना चाहिए। काम जनता को पसंद आएगा तो दोबारा जीतेंगे नहीं तो हार जाएंगे। लेकिन भाजपा (हिन्दू शक्तियां) द्रमुक को खुश करने के लिए धर्म के मामले उठा रही हैं और यह लगभग वैसे ही है जैसे विपक्ष में रहते हुए हिन्दी पट्टी में उठाती थीं।

अब हिन्दू सरकार होने का लाभ उठाकर 1991 के पूजा स्थल कानून के बावजूद धार्मिक मामले किसी न किसी बहाने चलते रहते हैं। दक्षिण में मजबूत होने की कोशिश की जा रही है। दुर्भाग्य से सुप्रीम कोर्ट धार्मिक मामलों में हस्तक्षेप कर रहा है जबकि कह सकता था कि धर्म का मामला धर्म के लोग ही देखेंगे। कहने की जरूरत नहीं है कि मंदिर वालों ने दीये से संबंधित सुप्रीम कोर्ट के निर्णय नहीं माने तो राज्य सरकार के अफसर तलब कर लिए गए। उधर सुप्रीम कोर्ट कह चुका है, इस बार वोट नहीं दे पाए तो अगली बार वोट देना और जो नाम हटाए गए हैं उनमें ज्यादातर को वापस रखे जाने के बावजूद यह नहीं माना जा रहा है कि नाम गलत हटाए गए हैं। जिनके नाम हटाए गए हैं उन्हें इसी आधार पर परेशान करने का उदाहरण है तब भी। 

मैं रोज चार हिन्दी और छह अंग्रेजी, कुल दस, कई बार इससे भी ज्यादा अख़बार देखकर उसकी खास बातें लिखता हूँ। अंग्रेजी की खबरों के खास अंशों का अनुवाद करता हूं। वह भी लिखता हूं जो अखबार नहीं लिखते या नहीं लिख सकते हैं। जो लिखता हूं उसमें बहुत कुछ याद से लिखा होता है। एआई का सहयोग होता है। कुछ अंग्रेजी अखबारों की खबरों का अनुवाद होता है। इसलिये भूल-चूक की आशंका है। कृपया कहीं उल्लेख करने या हवाला देने से पहले अपने स्तर पर पुष्टि कर लें।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास