Connect with us

Hi, what are you looking for?

प्रिंट

आज के अखबार : परिसीमन को लोकतंत्र की हत्या कहा गया पर खबर, प्रचार बहुमत जुटा (खरीद) लेने का है

Rahul Gandhi speaks at a press briefing beside a slide titled “Delimitation is their only escape,” criticizing the bill’s impact on representation and women’s rights. The accompanying text says the BJP calls delimitation a commitment to inclusive democracy and women’s empowerment.

चुनाव चोरी की सजा से बचने के लिए परिसीमन उनका एकमात्र रास्ता है – राहुल गांधी ने कहा है। पहले कह चुके हैं – इन आरोपों के लिए अब उनपर अवमानना के मुकदमे नहीं होते। सरकार कह रही है, महिला आरक्षण के लिए परिसीमन जरूरी है और परिसीमन अगर बढ़ी आबादी का ख्याल रखने के लिए किया जाए तो सीटें बढ़ाना जरूरी नहीं है। आबादी का ख्याल रखकर परिसीमन हो तो चल रही जनगणना का ख्याल रखा जाना चाहिए और फैसला उसके बाद भी हो सकता है। आप जानते हैं कि पूर्व तड़ी पार सलाहकार और मंत्री है, निर्वाचित जन प्रतिनिधियों को जेल भेजा गया है, आरोप साबित नहीं हुए हैं। फिर भी ज्यादा जनप्रतिनिधि क्यों चाहिए। किसे, कब लगा कि इनकी संख्या कम है?

संजय कुमार सिंह

अच्छे दिन आने से पहले खास मुद्दों पर अखबारों में पहले पन्ने पर विशेष संपादकीय लिखा जाता था। इसमें संपादक विषय विशेष पर अपनी राय रखते थे और यह उन पाठकों के लिए होता था जो किसी खास विषय पर संपादक की (निष्पक्ष) राय जानना चाहते थे। वोट चोरी की सरकार महिला आरक्षण लागू करने के लिए जितनी उतावली है उससे लगता रहा है कि वह अगला चुनाव महिलाओं के वोट से जीतना चाहती है। इसके साथ परिसीमन की जरूरत और उसे भी पास कराने की जिद्द का मकसद कम से कम मैं यही समझता था कि महिला आरक्षण के बाद सीटें भी बढ़ जाने से देश भर में राजनीतिक महिलाओं की भी बल्ले-बल्ले हो जाएगी। महिलाओं के लिए फिल्म उद्योग से लेकर पत्रकारिता तक में कास्टिंग काउच का जो शॉर्ट कट है वह राजनीति में भी आम हो जाएगा। निश्चित रूप से यह खास किस्म के लोगों के लिए ही फायदेमंद होगा लेकिन देश के लिए जनप्रतिनिधियों का खर्च बढ़ने भर नुकसान ही होगा। कल राहुल गांधी ने परिसीमन का असली भाजपाई मकसद बताया। मुझे लगता है कि आज इस विषय पर विशेष संपादकीय होना चाहिए था, हो सकता था। जनता को यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि परिसीमन और महिला आरक्षण देश हित में है या वोट चोरों के हित में।

आप जानते हैं कि यह विधेयक पहले पास नहीं हुआ और भाजपा के पास वोट चोरी के बावजूद सरकार बनाने लायक बहुमत नहीं है। वह नीतिश कुमार और चंद्र बाबू नाडयू की पार्टी की बैसाखियों पर टिकी हुई है। ऐसी सरकार देश की राजनीति को लंबे समय तक प्रभावित करने वाला कोई नियम क्यों बनाना चाहती है और अगर चाहती भी है तो वह देश हित में है या पार्टी विशेष के हित में – यह सब निष्पक्ष तौर पर समझना-बताना मीडिया का काम है। अच्छे दिन में मीडिया ने अपना यह काम छोड़ दिया है लेकिन वोट चोर सरकार आगे भी चुनाव जीतते रहने की व्यवस्था करने जा रही है तो यह बात जनता को मालूम होना चाहिए। मैं पहले लिख चुका हूं कि सरकार की रणनीति यह रही है कि राहुल गांधी इसका विरोध न करें और अगर यह पास न हो तो राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया जा सके। इसके बावजूद राहुल गांधी ने परिसीमन पर खुल कर प्रेस कांफ्रेंस की और कहा कि यह लोकतंत्र के लिए खतरा है। यह खबर आज देशबन्धु में लीड है। द हिन्दू की लीड भी ऐसी ही है। अखबार ने प्रेस कांफ्रेंस को सीधा हमला कहा है। शीर्षक हिन्दी में इस तरह होगा : राहुल गांधी ने कहा, लोकसभा का विस्तार लोकतंत्र की ‘हत्या’ है। शनिवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि परिसीमन चुनावी नक्शे को नए सिरे से बनाने के लिए एक ‘खाली कैनवास’ है। उन्होंने युवा पीढ़ी को संबोधित करते हुए एनडीए के घटक दलों सहित सभी पार्टियों से इस कदम के खिलाफ लड़ाई में शामिल होने का आग्रह किया।

अमर उजाला में आज यह खबर प्रधानमंत्री के इस दावे के साथ है कि, “विपक्षी दल रोक नहीं पाएंगे, महिला आरक्षण की हर बाधा हटाएंगे : मोदी”। साथ का दूसरा शीर्षक है, ‘आरक्षण के बहाने चुनावी नक्शा बदलना चाहती है भाजपा : राहुल”। इससे आप भाजपा और प्रधानमंत्री की राजनीति समझ सकते हैं। वे महिला आरक्षण को अपनी मेहरबानी बताना चाहते हैं, जबकि यह पहले से पास हो चुका है। इसके बहाने परिसीमन से अपना लाभ सुनिश्चित करने पर वे नहीं बोल रहे हैं। वैसे भी सीटों की संख्या बढ़ाना खर्चीला मामला है। आबादी बढ़ने के कारण परिसीमन जरूरी हो तो वह किया जा सकता है लेकिन सदस्यों की संख्या डेढ़ गुना करना कितना जरूरी है इसपर विचार होना चाहिए। पूर्ण बहुमत की सरकार होती तो अलग बात थी लेकिन जो विधेयक पहले पास नहीं हुआ उसे जोड़-तोड़ और खरीद फरोख्त से पास कराने की कोशिश निश्चित रूप से अनुचित है। राजनीतिक अगर अपने लाभ के लिए इसका समर्थन कर रहे हैं तो मीडिया को अपना पक्ष भी बताना चाहिए ताकि जनता इस बारे में सही राय बना सके। विचारधारा के आधार पर पार्टी का समर्थन एक बात है लेकिन लोकतंत्र की हत्या के मुद्दे पर चुप रहना बिल्कुल अलग।  

इसके बावजूद आज ज्यादातर अखबार सरकार के इस प्रचार में हैं कि उसने बहुमत जुटा लिया है। राहुल गांधी की प्रेस कांफ्रेंस या खुलासे के बाद मुद्दा यह होना चाहिए था कि महिला आरक्षण या परिसीमन कितना जरूरी है। विचारधारा के आधार पर पार्टी का समर्थन किया जा सकता है पर यह तो देखना और समझना ही चाहिए कि जिस सरकार में महंगाई बढ़ी, जनहित के तमाम जरूरी काम नहीं हुए, वेतन नहीं बढ़े, नौकरियां नहीं बढ़ीं, जो कॉरपोरेट से कह चुका है कि आपका पेट नहीं भरता उसका सत्ता के नशे से मन नहीं भर रहा है। वह वोट चोरी, चुनाव चोरी पर तो मुंह सिल लेता है लेकिन चुनाव जीतने की अपनी रणनीति के तहत ना खाउंगा ना खाने दूंगा के बावजूद एक साल में पांच भारत रत्न देने जैसा विशेषाधिकार हनन कर सकता है। वह चुनाव जीतते रहने की व्यवस्था कर रहा है तो देश के लिए या अपने लिए? वैसे भी, यह सरकार हिन्दू-मुसलमान करके सत्ता में आई है। निष्पक्ष चुनाव और चुनाव आयोग में भरोसा नहीं है उसे परिसीमन के अधिकार क्यों दिए जाएं। वह भी तब जब दक्षिण भारत में भी हिन्दू मुसलमान चल रहा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर तमिलनाडु के मदुरै में कीर्तिगई दीपम जलाए जाने की खबर आज मेरे चार में से तीन हिन्दी अखबारों, अमर उजाला, दैनिक भास्कर और नवोदय टाइम्स में पहले पन्ने पर सबसे ऊपर की खबर है जो लीड के बराबर में छपी है। भावविव्हल श्रद्धालुओं की तस्वीर भी है।

अंग्रेजी अखबारों में यह खबर हिन्दुस्तान टाइम्स और दि इंडियन एक्सप्रेस में टॉप पर है। हिन्दुस्तान टाइम्स में तो यह लीड के बराबर चार कॉलम में है। इंडियन एक्सप्रेस ने लिखा है, विजय सरकार ने संभारतंत्र मुहैया कराए; भाजपा ने जीत का दावा किया। तथ्य यह है कि विजय सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर यह सब किया और सुप्रीम कोर्ट ने जनता की मांग पर यह सब करवाया। एसआईआर से लेकर सरकार से संबंधित मामलों में सुप्रीम कोर्ट का रुख देखिए और इस मामले में जो हुआ उसे भाजपा अपनी जीत बता रही है तो बहुत सारी चीजें स्पष्ट हैं। इसके बावजूद, सोशल मीडिया की खबरों के अनुसार, 132वें संविधान संशोधन विधेयक में एक प्रावधान है जिसके मुताबिक, परिसीमन आयोग के आदेश भारत के राजपत्र में प्रकाशित होते ही कानून बन जाएंगे और उन्हें किसी भी अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकेगी। सोशल मीडिया पर यह भी खबर है कि इन विधेयकों को संसद में पेश करने और उन पर विचार की प्रक्रिया को कुछ समय के लिए टालने की मांग की गई है। संबंधित पत्र में कहा गया है कि इन विधेयकों का भारत के संसदीय लोकतंत्र पर असाधारण संवैधानिक और संस्थागत प्रभाव पड़ेगा, इसलिए इस विषय पर सार्थक सार्वजनिक परामर्श अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्र में सरकार से आग्रह किया गया है कि वह इन विधेयकों के मसौदे को व्याख्यात्मक नोट के साथ अंग्रेजी, हिंदी और अन्य प्रमुख क्षेत्रीय भाषाओं में प्रकाशित करे। साथ ही, बुनियादी लोकतांत्रिक सिद्धांतों और ‘प्री-लेजिस्लेटिव कंसल्टेशन पॉलिसी’ (कानून बनाने से पहले परामर्श नीति) के अनुरूप, जनता और संबंधित पक्षों (स्टेकहोल्डर्स) से प्रतिक्रिया प्राप्त करने के लिए कम से कम 30 दिनों का समय दिया जाए।

दूसरी ओर, राजनाथ सिंह ने कहा है : कांग्रेस अब बोरिया बिस्तर समेटे (देशबन्धु)। यह सब तब जब भाजपा जो कर रही है वह कांग्रेस ने न तो इमरजेंसी में किया ना 400 से ज्यादा सीटें जीतने पर किया। कहने की जरूरत नहीं है कि कांग्रेस ने यही सब किया होता तो भाजपा की भ्रूणहत्या हो गई होती। पर वह अलग मामला है। बड़बोलेपन का सच यही है कि अकेला सब पर भारी का काम 543 से नहीं चल रहा है, 850 चाहिए वह भी सरकारी खर्चे पर। उस जनता के खर्चे पर जिसकी स्थिति सुधारने के लिए कुछ नहीं किया गया। इंडियन एक्सप्रेस की एक खबर के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि प्रस्तावित अधिनियम अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों को कमजोर करेगा और देश में लोकतंत्र के लिए खतरा होगा। फिर भी भाजपा सरकार का दबाव, लालच या प्रचार ऐसा है कि इससे संबंधित बैठक में इंडिया गठबंधन के एनसीपी (एसपी), आम आदमी पार्टी, द्रमुक, बीजू जनता दल आदि शामिल ही नहीं हुए। इससे लगता है कि देश की चिन्ता कांग्रेस ही कर रही है और नरेन्द्र मोदी अगर उम्मीद कर रहे थे कि महिला आरक्षण का श्रेय लेने की उनकी कोशिशों के कारण राहुल गांधी इसका विरोध नहीं करेंगे तो कल की राहुल गांधी की प्रेस कांफ्रेंस के बाद निराश होंगे। हालांकि, द हिन्दू ने बताया है कि अप्रैल में महिला आरक्षण पर जो भाषण दिया था उसका वीडियो फिर से साझा किया है।

दि एशियन एज ने महिला आरक्षण पर राहुल गांधी की प्रेस कांफ्रेंस का उल्लेख तो मुख्य खबर में किया है लेकिन शीर्षक विपक्ष की एकता टूटने और भाजपा को मिले लाभ पर है। मुद्दा यह है कि भाजपा ने विपक्ष की एकता तोड़ने के लिए क्या कुछ किया है और उससे कब तक कितना लाभ लेने की कोशिश में है। इंदिरा गांधी ने एक चुनाव में अलग कुछ अनुचित लाभ लेने की कोशिश की थी तो उन्हें सजा हो गई, बदनाम किया गया लेकिन भाजपा ने ऐसे कितने लाभ लिए हैं और कितने प्रयास किए हैं उसकी गिनती भी नहीं है। ऐसे में द टेलीग्राफ की लीड का शीर्षक बताता है कि इंडिया समूह ने आरणक्ष-परिसीमन से एससी-एसटी सीटों को होने वाले नुकसान को रेखांकित किया तो टाइम्स ऑफ इंडिया की लीड बताती है कि एनडीए बहुमत जुटाने के काफी करीब है। ऐसे समय में अखबार के पहले पन्ने की एक खबर बताती है कि पुलिस ने अदालत से कहा है कि 1980 में जब सोनिया गांधी भारत की नागरिक नहीं थीं तब भी की मतदाता सूची में थीं। मामला अदालत में चल रहा है इसलिए यह खबर है लेकिन असली बात यह है कि जब करोड़ों लोग मतदाता सूची से गलत निकाले गए हैं, कई लोग गलत शामिल किए गए हैं और इनमें एक से ज्यादा का विदेशी होना पक्का है तब कार्रवाई किसके खिलाफ होनी चाहिए और नहीं करनी है तो सोनिया गांधी के नाम पर कितनों को बचाया जाएगा? चुनाव नतीजों के खिलाफ सिर्फ 45 दिन में मुकदमा करने का नियम है तो मतदाता के सूची में होने न होने का मुद्दा 45 साल बाद भी जिन्दा है।

मैं रोज चार हिन्दी और छह अंग्रेजी, कुल दस, कई बार इससे भी ज्यादा अख़बार देखकर उसकी खास बातें लिखता हूँ। अंग्रेजी की खबरों के खास अंशों का अनुवाद करता हूं। वह भी लिखता हूं जो अखबार नहीं लिखते या नहीं लिख सकते हैं। जो लिखता हूं उसमें बहुत कुछ याद से लिखा होता है। एआई का सहयोग होता है। कुछ अंग्रेजी अखबारों की खबरों का अनुवाद होता है। इसलिये भूल-चूक की आशंका है। कृपया कहीं उल्लेख करने या हवाला देने से पहले अपने स्तर पर पुष्टि कर लें।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास