रांची : पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ कथित पुलिस बर्बरता, मारपीट और लगातार दर्ज किए जा रहे मामलों को लेकर रविवार को राजधानी रांची में पत्रकारों का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला। अभिषेक भारती के समर्थन और उन्हें न्याय दिलाने की मांग को लेकर झारखंड के विभिन्न जिलों और प्रखंडों से पहुंचे सैकड़ों पत्रकारों ने महाजुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पत्रकारों ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पत्रकारों की सुरक्षा एवं स्वतंत्रता का मुद्दा उठाया।
झारखंड आंचलिक पत्रकार संघ के बैनर तले निकले महाजुलूस की शुरुआत रांची के जिला स्कूल से हुई, जो अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंचा। जुलूस में शामिल पत्रकार हाथों में तख्तियां लेकर अभिषेक भारती के समर्थन में आवाज बुलंद करते नजर आए। पत्रकारों का आरोप था कि अभिषेक भारती के साथ जिस तरह का व्यवहार किया जा रहा है, वह चिंताजनक है। एक पत्रकार को अपराधी की तरह पेश करना और उसके खिलाफ लगातार कार्रवाई करना कई सवाल खड़े करता है।
प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर अपने प्रभाव और शक्ति का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। साथ ही, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सच्चाई सामने लाने के लिए भूषण बाड़ा का नार्को टेस्ट कराने की मांग भी उठाई।

पत्रकारों ने सवाल किया कि आखिर अभिषेक भारती की गलती क्या थी? क्या पत्रकारिता करते हुए सच्चाई को सामने लाना गुनाह है? यदि किसी पत्रकार के काम से किसी को आपत्ति है, तो उसका समाधान कानूनी प्रक्रिया के तहत होना चाहिए, न कि कथित तौर पर मारपीट और दबाव के जरिए। पत्रकारों ने अभिषेक भारती के खिलाफ दर्ज मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की।
इस महाजुलूस में झारखंड आंचलिक पत्रकार संघ के अध्यक्ष दिलीप ठाकुर, महासचिव दीपक जायसवाल, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गिरी, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, ओमप्रकाश सिंह, प्रदीप प्रमाणिक, अरविंद स्वर्णकार, रोहित लाल, शिवशंकर सिंह, जमालुद्दीन खान, आनंद राम महतो, पंकज आर्या, एमएम राही, रोहित कुमार और निशांत कुमार सहित 38 प्रखंडों से आए सैकड़ों पत्रकार शामिल हुए।
वहीं दूसरी ओर, भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ की ओर से फिरायालाल चौक पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान पत्रकारों ने अभिषेक भारती के मामले को लेकर विरोध जताया और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इस कार्यक्रम को इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) का भी समर्थन प्राप्त था। संगठन के अध्यक्ष भारत भूषण प्रसाद भी धरना-प्रदर्शन में उपस्थित रहे और पत्रकारों के इस विरोध को अपना समर्थन दिया।

धरना कार्यक्रम में भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र गिरी, रांची जिला अध्यक्ष जावेद अख्तर, प्रदेश सचिव सैयद रमिज जावेद, प्रेस क्लब सचिव अभिषेक सिन्हा, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेश सिंह, पूर्व सचिव अमरकांत अशोक, विजय गोप, संजय कुमार झा, प्रतिमा कुमारी, विवेक पांडेय, मनीष सिंह, सानू झा, आरती सिंह, अशोक गोप, कोरबी दत्ता, प्रशांत मित्रा, दिवाकर प्रसाद, संजय रंजन, अशोक करण, संदीप नाग, प्रदीप ठाकुर, संपूर्णानंद भारती, राकेश कुमार, प्रेस क्लब उपाध्यक्ष विपिन उपाध्याय, आलोक सिन्हा, सैयद सन्नी, सैयद इब्राहिम, शादाब खान, प्रवक्ता अंकुश यादव, अंकुर सिन्हा, वाई.एन. झा, उपाध्यक्ष पिंटू दुबे, सह-सचिव विजय मिश्रा, झारखंड प्रभारी संतोष पाठक, शकील अख्तर, जिला उपाध्यक्ष वसीम अकरम, झारखंड आंचलिक पत्रकार संघ के अध्यक्ष दिलीप ठाकुर, महासचिव दीपक जायसवाल, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार और रोहित लाल समेत अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से पत्रकार संगठनों ने स्पष्ट संदेश देने का प्रयास किया कि पत्रकारों की आवाज दबाने और उनके साथ कथित दुर्व्यवहार के मामलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पत्रकारों ने मांग की कि अभिषेक भारती के पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर कार्रवाई की जाए और पत्रकारों को निर्भीक होकर अपना काम करने के लिए सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाए।
