पत्रकार विजय महर्षि का निधन, पिछले सवा महीने से जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे थे जंग

राजस्थान के नागौर जिले के निवासी इंडिया टुडे के युवा पत्रकार विजय महर्षि ने गुरुवार देर रात्रि दिल्ली के आईएलबीएस हॉस्पिटल में आखिरी सांस ली।
महर्षि जनवरी माह में बीमार हुए थे। इसके बाद उनका इलाज जयपुर के एसआर कल्ला हॉस्पिटल में चला और वहां वो काफी दिन भर्ती रहे। इस दौरान स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उन्हें दिल्ली के आईएलबीएस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। वहां करीब एक सप्ताह उनका इलाज चला। इस दौरान इलाज पर लाखों रुपये खर्च हुए। गुरुवार रात्रि को इलाज के दौरान महर्षि का निधन हो गया।
पैतृक गाँव लादड़िया में हुआ अंतिम संस्कार
विजय महर्षि का पार्थिव शरीर गुरुवार देर रात्रि दिल्ली से उनके पैतृक गाँव लादड़िया के लिए रवाना किया गया। शुक्रवार सुबह 9 बजे लादड़िया गाँव में महर्षि का अंतिम संस्कार किया गया।
पत्रकारिता जगत में अपनी बेबाक लेखनी की अमिट छाप छोड़ गए महर्षि
पत्रकारिता जगत में अपनी बेबाक लेखनी की वजह से महर्षि को नागौर ही नहीं वरन पूरे प्रदेश में जाना जाता था। नागौर जिले के छोटे से गाँव लादड़िया के रहने वाले 40 वर्षीय विजय महर्षि ने इंडिया टुडे मैगजीन में पत्रकारिता करते हुए देश, विदेश व प्रदेश स्तर की अनेक ऐसी खबरें लिखी हैं, जो चर्चा में रहीं। महर्षि पत्रकारिता जगत में अपनी एक अमिट छाप छोड़ गए। पत्रकारिता के साथ साथ महर्षि सामाजिक कार्यो में भी सदैव अग्रणी रहते थे।
श्रद्धांजलि सभा
विजय जी महर्षि के असामयिक निधन पर पत्रकार परिवार कुचामन सिटी की ओर से 1 मार्च 2020 रविवार को कुचामन पुस्तकालय बस स्टैंड कुचामन सिटी में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें जिले के अनेक पत्रकारों सहित कई प्रबुद्धजनों ने हिस्सा लिया।
संबंधित खबर-
इंडिया टुडे के इस पत्रकार को दवाओं से ज्यादा दुवाओं की जरूरत!


