Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

वेब-सिनेमा

शब्दचर्चा (पार्ट- 41): हिंदी मीडिया में अमेजन से ऐमेजॉन तक 6 रूप! सही क्या है?

नीरेंद्र नागर-

दशहरे और दुर्गापूजा के मौक़े पर दो बड़ी ऑनलाइन शॉपिंग साइटें Amazon और Flipkart नए-नए ऑफ़र्ज़ के साथ आ रही हैं। तमाम न्यूज़ वेबसाइटें ख़बरों के भेस में उनका जमकर विज्ञापन भी कर रही हैं।

इन ख़बरनुमा विज्ञापनों में Amazon और Flipkart के नाम अंग्रेज़ी के साथ- साथ हिंदी में भी जा रहे हैं और यहीं पर गड़बड़ी हो रही है, ख़ासकर Amazon के मामले में जिसका नाम हिंदी मीडिया में अलग-अलग तरीक़ों से लिखा जा रहा है।

मुझे हिंदी वेबसाइटों पर इसकी छह वर्तनियाँ मिलीं।

  1. अमेजन अमर उजाला, नई दुनिया, हिंदुस्तान, जागरण, भास्कर
  2. एमेजन अमर उजाला, हिंदुस्तान, ABP न्यूज़
  3. अमेजॉन NDTV हिंदी
  4. एमजॉन आजतक
  5. एमेजॉन नवभारत टाइम्स, नवोदय टाइम्स
  6. ऐमेजॉन न्यूज़18, आजतक

कोई-कोई ‘ज’ में नुक़्ता लगा रहा है, अधिकतर नहीं लगा रहे। परंतु वह अलग मामला है। मुख्य बात यह है कि AmAzOn में जो तीन वावल्ज़ हैं – A, A और O, उनका उच्चारण क्या लिखा जा रहा है और क्या होना चाहिए।

आइए, आज की #शब्दचर्चा 41 में पता करते हैं कि इन छह में से कौनसी स्पेलिंग है जो Amazon के उच्चारण को सही-सही दर्शाती है।

आपको जानकर हैरानी होगी कि इन छह में से एक भी स्पेलिंग Amazon के सही उच्चारण को नहीं दर्शाती।

अगर शब्दकोशों में देखेंगे तो आपको Amazon के दो उच्चारण मिलेंगे। एक ब्रिटिश, दूसरा अमेरिकी। ब्रिटिश उच्चारण है – ऐम्अज़न (एम् अ ज़न) और अमेरिकी उच्चारण है – ऐम्अज़ॉन (ऐम् अ ज़ॉन)। यानी AM का उच्चारण ‘ऐम्’, A का ‘अ’ और ZON का ‘ज़न’ (ब्रिटिश) और ‘ज़ॉन’ (अमेरिकी)।

अब चूँकि यह अमेरिकी कंपनी है इसलिए अमेरिकी उच्चारण – ऐम्अज़ॉन – ही स्वीकार्य होना चाहिए। Amazon के प्रमोशनल विडियोज़ में भी यही उच्चारण किया जाता है – ऐम्अज़ॉन। सुनने के लिए इस लिंक पर जाएँ

लेकिन मुश्किल यह है कि हिंदी में शब्दों के बीच स्वतंत्र स्वर लिखने की परंपरा नहीं है। जब भी किसी शब्द में ऐसा कोई स्वर होता है, तो वह पिछली ध्वनि से संधि कर जाता है। इसलिए ऐम्अज़ॉन भी ऐमज़ॉन (एम्+अ=एम) हो जाएगा। लेकिन ऐमज़ॉन लिखने पर एक और बाधा यह आ जाती है कि हिंदी में शब्द या सिल्अबल के अंत में आने वाला ‘अ’ स्वर बोला ही नहीं जाता। जैसे लिखते हैं जनता, बोलते हैं जन्ता। इसलिए यदि ऐमज़ॉन लिखें तो निश्चित तौर पर वे सारे लोग जो इसका अमेरिकी उच्चारण नहीं जानते, इसे ऐम्ज़ॉन पढ़ेंगे और बोलेंगे जो कि Amazon के उच्चारण को और बिगाड़ देगा।

ऐसे में हमें वह स्पेलिंग लेनी चाहिए जो Amazon के अमेरिकी उच्चारण के निकटतम है। वह है ऐमेज़ॉन जो मुझे News18 और आजतक में दिखी।

Amazon को हम भारत वाले भले ही एक कंपनी के नाम के तौर पर जानते हैं लेकिन यह मूलतः दक्षिण अमेरिका की एक नदी का नाम है। इस नदी का नाम Amazon क्यों पड़ा, इसके पीछे भी एक कथा है। माना जाता था कि इस नदी के किनारे महिला योद्धाओं की एक ऐसी जाति रहती थी जिनमें महिलाओं का दाहिना स्तन काटने की प्रथा थी ताकि उनको धनुष चलाने में असुविधा न हो। Amazon शब्द की उत्पत्ति के बारे में कहा जाता है कि यह Mazos (स्तन) से पहले A (नहीं) लगाने से बना है। A (नहीं) Mazos (स्तन) से Amazon.

पिछली शब्दचर्चा…

शब्दचर्चा (पार्ट- 40) : सोशल मीडिया पर गुंडई करने वाला ट्रोलर है या ट्रोल?

Pahad Ki Dada: Hill Mail Uttarakhand
CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन